बिलासपुर

23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित, 37 वार्ड सामान्य, एससी, ओबीसी को बड़ा लाभ
20-Dec-2024 1:36 PM
23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित, 37 वार्ड सामान्य, एससी, ओबीसी को बड़ा लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 दिसंबर। नगर निगम चुनावों के लिए बिलासपुर के 70 वार्डों में आरक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस बार कुल 23 वार्ड केवल महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 11 वार्ड अनुसूचित जाति वर्ग, 4 अनुसूचित जाति महिला, 4 अनुसूचित जनजाति, 1 अनुसूचित जनजाति महिला, और 18 अन्य पिछड़ा वर्ग शामिल हैं।

इस प्रक्रिया के तहत 12 वार्ड ऐसे हैं, जो अनारक्षित महिलाओं के लिए सुरक्षित किए गए हैं। नगर निगम चुनावों में पिछली बार की तुलना में अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को अधिक वार्ड मिले हैं। वर्ष 2019 में जहां अनुसूचित जाति वर्ग को केवल 7 वार्ड मिले थे, वहीं इस बार यह संख्या 11 तक पहुंच गई है।

आरक्षण प्रक्रिया में 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 12 वार्ड अनारक्षित महिलाओं के लिए हैं। इस बार अनुसूचित जनजाति महिलाओं के लिए केवल एक वार्ड आरक्षित है।

इस बार ओबीसी को पिछली बार के 11 के मुकाबले कुल 18 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इसमें 6 वार्ड ओबीसी महिलाओं के लिए हैं। इसके अलावा, वार्ड 67 जैसे क्षेत्रीय विवाद भी सामने आए, जहां आबादी को लेकर असहमति थी।

नगर निगम के 37 वार्डों को अनारक्षित रखा गया है, जहां कोई भी चुनाव लड़ सकता है। इनमें वार्ड 9, 10, 19, 24, 29, 33, 35, 36, 39, 40, 41, 53, 60, 61, 64, 66 आदि शामिल हैं।

आरक्षण प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट में जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी वर्गों के लिए संतुलित आरक्षण व्यवस्था करने की कोशिश की गई है।


अन्य पोस्ट