बिलासपुर

बिलासपुर में अब तक 2.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
19-Dec-2024 4:33 PM
 बिलासपुर में अब तक 2.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी

किसानों को 59.40 करोड़ रुपये का भुगतान, खरीदी केंद्रों में बढ़ रही आवक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 दिसंबर।
जिले में धान खरीदी का अभियान तेजी से जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 2.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। जिले के 57 हजार से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा है, और उन्हें बैंक लिंकेज के माध्यम से 59.40 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा।

धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मोपका केंद्र में धान बेचने आए चिलहाटी के किसान सुकूल राम कुर्रे ने बताया कि धान बेचने में कोई समस्या नहीं आ रही है। केंद्रों में माइक्रो एटीएम की सुविधा से छोटे खर्चों के लिए तुरंत पैसा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक तौल से गड़बड़ी के सारे रास्ते बंद हो गए हैं।

सेंदरी केंद्र में धान बेचने पहुंचे रमतला के किसान भुवन कुमार नेताम ने बताया कि टोकन प्रक्रिया सरल है और केंद्र में सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये में खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। किसान सम्मान निधि योजना से भी उन्हें लाभ हुआ है।
सरकार के प्रयासों और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते किसानों में उत्साह है। धान खरीदी केंद्रों में लगातार बढ़ती आवक से यह अभियान सुचारू रूप से चल रहा है।
 


अन्य पोस्ट