बिलासपुर
एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव भी हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 9 नवंबर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने झारखंड के लातेहार जिले में भाजपा प्रत्याशी प्रकाश राम के समर्थन में नागड़ा और बालूमाथ में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने झारखंड में अधिक से अधिक मतदान कर भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की। अपने संबोधन में साहू ने सोरेन सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी जहां-जहां सत्ता में आए हैं, उन्होंने राज्यों को भ्रष्टाचार और कुरीतियों में डुबो दिया है। साहू ने मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की झूठी गारंटियाँ राज्यों को दिवालिया कर देंगी।
साहू ने सभा में उपस्थित जनता से आशीर्वाद माँगते हुए कहा, ‘झारखंड में हर ओर एक ही गूंज है, ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार।’’ उन्होंने छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद काली चरण सिंह, और जिला अध्यक्ष पंकज सिंह भी मौजूद रहे।
साहू ने चतरा जिले के सिमरिया विधानसभा के गिद्धौर में आयोजित एक अन्य सभा में भी हेमंत सोरेन की नीतियों पर तीखा प्रहार किया और कहा कि झारखंड की जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की विजय के लिए योगदान देने की अपील की, जिससे प्रदेश का विकास संभव हो सके। कार्यक्रम में बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रत्याशी कुमार उज्जल दास और बिंदेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जनता उपस्थित रहे।


