बीजापुर

वायदे से मुकरने का नतीजा है सिलगेर, बुरजी, बेचापाल, बेदरे फुंडरी आंदोलन-गागड़ा
18-May-2023 9:25 PM
वायदे से मुकरने का नतीजा है सिलगेर, बुरजी, बेचापाल, बेदरे फुंडरी आंदोलन-गागड़ा

एडसमेटा पर पूर्व मंत्री ने कहा-न्यायिक जांच की रिपोर्ट आ गई है, सरकार करें कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बीजापुर, 18 मई ।
प्रदेश के पूर्व मंत्री व बीजापुर के पूर्व विधायक महेश गागड़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार से जनता में गहरी नाराजगी हैं। एडसमेटा घटना की न्यायिक जांच रिपोर्ट पेश हो गई है। रिपोर्ट में तमाम बिंदु है। उसमें जो सुझाव दिया गया है, सरकार को कार्रवाई करना है, वहीं गागड़ा ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना गौठान का निरीक्षण कर उसमें भ्रष्टाचार किये जाने का आरोप लगाया है। 

गुरुवार को यहां भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता में पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने एडसमेटा घटना पर बात करते हुए कहा कि कांग्रेस जब विपक्ष में थी। तब वर्तमान प्रभारी मंत्री कवासी लखमा व वर्तमान विधायक विक्रम मंडावी व कांग्रेस अन्य नेता व कार्यकर्ताओं का दल पीडि़तों से मिलकर कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो हम उचित कार्रवाई करेंगे। वर्ष 2022 में न्यायिक जांच हुई और रिपोर्ट आ गई। 

श्री गागड़ा ने कहा कि हर चीज पर एसआईटी जांच कर दस दिन में कार्रवाई करने की घोषणा करने वाले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष व वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सरकार में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने पीडि़त परिवार व बस्तर के आदिवासियों से कई तरह की घोषणा की थी। लेकिन उन घोषणाओं पर अमल नहीं होने का नतीजा सिलगेर, बुरजी, बेचापाल, फुंडरी, बेदरे, भानुप्रतापुर, अंतागढ़ है। जहां आदिवासियों का आंदोलन चल रहा हैं। 

गागड़ा ने कहा कि इन आंदोलनकारियों से न तो कांग्रेस के लोग मिल रहे हैं, और न ही प्रशासन मिल रहा हैं। सिर्फ आदिवासियों को गुमराह कर उन्हें  उलझा के रखा गया हैं। उनकी समस्याओं को सुनने का समय इनके पास नहीं हैं। गागड़ा ने कहा कि एडसमेटा की न्यायिक जांच रिपोर्ट पेश हो गई है। तमाम बिंदु उस रिपोर्ट में है। उसमें जो सुझाव दिया गया है। उस पर सरकार को कार्यवाही करना चाहिए। गागड़ा ने सरकार से मांग की है कि आपने जो वादे किए थे, उसे पूरा करें।

पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने सरकार की महत्वकांक्षी गौठान योजना पर भी निशाना साधा।

 उन्होंने योजना को भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। गागड़ा ने कहा कि गुरुवार को वे अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं व पत्रकारों के साथ दस गौठानों के निरीक्षण पर गये थे। गौठानो पर भारी पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने आर्दश गौठान मोदकपाल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मोदकपाल गौठान की स्थिति बेहद खराब पाई गई। 

उन्होंने कहा कि यहां गौठान में न तो उन्हें गाय मिली और न ही गोबर बेचा जा रहा था। यहां मवेशियों के रख रखाव के लिए भी कोई माकूल व्यवस्था नहीं देखी गई है। गौठान योजना को मुख्यमंत्री ने महत्वकांक्षी योजना बता कर इस पर प्रचार प्रसार के नाम करोड़ो रूपये फूंक दिए। लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं हैं। गागड़ा ने कहा कि जब मुख्य मार्ग के गौठान का ये हाल है तो गांव देहातो के गौठान के हाल का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता हैं।
 
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष जी. वेंकट, वरिष्ठ नेता व पूर्व पालिका अध्यक्ष सुखलाल पुजारी व किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष घासीराम नाग मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट