बीजापुर

सप्लाई व ठेके के कमीशन तक सिमटा प्रशासन- गागड़ा
18-Aug-2022 9:23 PM
सप्लाई व ठेके के कमीशन तक सिमटा प्रशासन- गागड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 18 अगस्त।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने शासन प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजापुर जिला अब मात्र कमीशन खोरी का अड्डा बनकर रह गया है। यहां विकास के नाम पर महज खाना पूर्ति कर विधायक व कलेक्टर भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं।

यहां अटल सदन में पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि बीते दिनों  वे जिले के स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण पर गये हुए थे। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं  हैं।

गागड़ा ने कहा कि इस वक्त जिले में डेंगू, मलेरिया से लोग पीडि़त होकर परेशान हो रहे हैं। साथ ही हाल ही में डेंगू से मौतें भी हो चुकी है। लेकिन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अब तक  मच्छरदानी लोगों को नहीं बांटी है।

उन्होंने कहा कि स्कूल, छात्रावास,आश्रम, पोटाकेबिनो व अंदरूनी क्षेत्रों में अब तक मच्छरदानी नहीं बांटी गई है। इससे साफ जाहिर होता है कि प्रशासन अब सप्लाई और ठेके के कमीशन में सिमट कर रह गई है। पूर्व मंत्री गागड़ा ने आगे कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ पीडि़त परिवारों से मिलने कांडला भी गए थे।  वहां  भाजपा ने लोगों को मच्छरदानिया बांटी। जिले के अस्पतालों में दवाइयों की कमी हैं। इतना ही नहीं अवधि समाप्त दवाइयां भी लोगों को दिया जा रहा हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कमरे में आंकड़े गिनाने में व्यस्त हैं।
 
पूर्व मंत्री का कहना हैं जिला प्रशासन अब विधायक के सामने कठपुतली बनकर रह गया है। प्रेस वार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुकलाल पुजारी, जिला महामंत्री सत्येंद्र सिंह ठाकुर, गोपाल पवार मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट