बेमेतरा
-आशीष मिश्रा
बेमेतरा, 7 नवंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। बेमेतरा जिले के नवागढ़ में स्थित 18वीं सदी का मां लखनी (महालक्ष्मी) देवी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। छत्तीसगढ़ में महालक्ष्मी के प्रसिद्ध मंदिरों में रतनपुर के साथ नवागढ़ धाम का नाम भी शामिल है।
नवागढ़ के मंदिरों पर प्रकाशित ऐतिहासिक संदर्भों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर में स्थापित माता की लगभग छह फीट ऊंची प्रतिमा को करीब दो सौ वर्ष पूर्व सुरकी तालाब के पास खुदाई के दौरान निकाला गया था, जिसके बाद यहां प्राण-प्रतिष्ठा की गई। मंदिर में वर्तमान में उपाध्याय परिवार की पांचवीं पीढ़ी पूजा-अर्चना का कार्य संभाल रही है।
नवरात्रि पर्व के दौरान यहां अखंड ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाते हैं, जहां बेमेतरा, मुंगेली सहित अन्य जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर के समीप पीपल के पेड़ के नीचे सिद्ध ब्रह्मदेव (बरम बाबा) का स्थान भी स्थित है, जिसका जीर्णोद्धार वर्ष 2017 में कराया गया था।
प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व होने के बावजूद मंदिर भवन को जीर्णोद्धार एवं संरक्षण की आवश्यकता है। स्थानीय नागरिकों और दर्शनार्थियों ने शासन-प्रशासन से मंदिर परिसर के व्यवस्थित विकास, बेहतर सुविधाओं और संरक्षण हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है।