बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 13 फरवरी। मंगलवार को हुए मतदान के बाद ईवीएम मशीन स्ट्रांग रूम में सीलबंद कर रखा गया है। बेमेतरा जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी परिसर में बने स्ट्रांग रूम के बाद शटर बंद कर सील किया गया, अब 15 तारीख को मतगणना के पूर्व खोला जाएगा।
कक्ष के बाहर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जा रही है। इससे पूर्व 23 नवंबर 2018 में हुए चुनाव के बाद ईवीएम मशीन के स्ट्रांग रूम में रख बाहर से ईट सीमेंट की दीवाल खड़ाकर चुनवा कर बंद किया गया था जिसकी चर्चा पूरे देश रही है। 8 साल बाद एक बार फिर ईवीएम मशीन को स्ट्रांग में बंद कर अनारकली की तरह दीवाल पर चुनवा दिया गया।
नगरीय निकाय में शांतिपूर्ण चुनाव के बाद, मतदान दलों ने रात 10 बजे तक कृषि उपज मंडी के स्ट्रांग रूम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को जमा किया। पालिका क्षेत्र के 21 वार्डों के लिए बनाए 36 मतदान केंद्रों की ईवीएम को सुरक्षित रखा गया। इसके साथ ही जिले के 09 नगर पंचायतों में भी ईवीएम को सील किया गया और सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया। मतदान के बाद सभी मतदान दलों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान सामग्री को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में पहुंचाया। जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हुई। मतदान के पश्चात, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के निर्देशों पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकिता गर्ग एवं नगर पालिका परिषद की रिटर्निंग अधिकारी दीप्ति वर्मा की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों के सामने स्ट्रांग रूम को सील किया गया।
15 फरवरी को तोड़ी जाएगी दीवार
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उसे ईंटों की दीवार से घेर दिया गया है। अब मतगणना के दिन यानी 15 फरवरी को दीवार तोडक़र ईवीएम को बाहर निकाला जायेगा और उसी दिन ईवीएम खोले जाएंगे। जिले की 09 नगर पंचायतों में भी ईवीएम को सील कर सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया है।
इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होता है कि चुनाव परिणामों की घोषणा तक ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे, जिससे लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों का विश्वास सुनिश्चित होता है। नवागढ़ में भी ईवीएम मशीन को स्ट्रांग रूम में चुनवा कर रखे जाने की जानकारी सामने आई है।
स्ट्रांग रूम के बाहर जवान तैनात
सभी स्ट्रांग रूम के बाहर सशस्त्र जवान की डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा कैमरा लगाया गया है। ईवीएम के समाने पहरा देने के लिए दावेदार या दल के प्रतिनिधि चाहे तो पहरा दे सकते है जिसके लिए प्रक्रिया को पूर्ण करना होगा।


