बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 जुलाई। बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल खासपारा में रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती ने नीट की परीक्षा में सफल नहीं होने पर आत्महत्या कर ली।
मामले की जानकारी देते हुए बोधघाट थाना प्रभारी ने बताया कि आड़ावाल के खासपारा निवासी सुरला हरिका राव नायडू (20 वर्ष) बीते 3 वर्षों से नीट की तैयारी करने के साथ ही हर बार परीक्षा दे रही थी। बीती रात भी उसका नीट का रिजल्ट आया। इससे पहले तक रात को अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद 1 बजे तक जाग रही थी। उसके बाद सभी अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। युवती अपने लैपटॉप में अपना रिजल्ट चेक कर रही थी। रात करीब 3.30 बजे जब युवती की माँ उसे देखने के लिए कमरे में गई तो कमरा खुला हुआ था, अंदर देखने पर बेटी फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बेटी को फंदे में लटके देख परिवार के लोगों को जानकारी दी। बेटी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।
बेटी के आत्महत्या करने से परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया। शुक्रवार की सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।