बलौदा बाजार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 15 जून। ग्राम अमेरा में शनिवार की देर शाम बलौदाबाजार की ओर से आ रही पिकअप ने तेज रफ्तार लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए राह चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में एक बच्ची समेत 6 लोग घायल हो गए। चालक इसके बाद भी नहीं रुका और भगाने के चक्कर में ट्रक से जा भिड़ा। चालक इतना अधिक नशे में था कि वाहन से भी बाहर नहीं निकल पा रहा था। फिलहाल पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में प्रत्यदर्शी सोहन साहू, और चंदन यादव ने बताया कि पहले रोहन रिवाइंडिंग दुकान के पास पिकअप चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक-एक कर पांच बाइक सवार को टक्कर मार दिया। इस घटना में बाइक में अपने परिजन के साथ जा रही बच्ची प्रियांशी पिता सोनू साहू 10 वर्ष के दोनों पैर बुरी तरह से कुचल गए। इसके अलावा बाइक सवार बुद्धेश्वर पिता राजेंद्र यादव 24 वर्ष, कारण बंजारे पिता कामदेव 22 वर्ष, अर्जुन बंजारे पिता कामदेव 22 वर्ष ग्राम छेरकापुर, दीपक साहू पिता मोहन राम 24 वर्ष घायल हो गये।
बाइक सवारों को ठोकर मारने के बाद आरोपी पिकअप चालक ने बस स्टैंड में पैदल जा रहे समिति अध्यक्ष मानाराम फेकर व धनीराम फेकर को पीछे की तरह से टक्कर मार दी। जिसमें धनीराम फेकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में घायल बच्ची को जिला अस्पताल व धनीराम को रायपुर रिफर किया गया है।
घटना के बाद पिकअप ट्रक से जा भिड़ी। लोगों ने नशे में धुत पिकअप चालक को किसी तरह बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी चालक प्रशांत जांगड़े ग्राम टिपावन का निवासी हैं।
बाजार अन्य स्थान पर लगाने की मांग
गौरतलब है कि अमेरा में शाम होते ही सड़क के किनारे सब्जी बाजार लगता हैं। इस मार्ग पर अक्सर भीड़भाड़ होने तथा वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। देर शाम होने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ देर पूर्व यह घटना घटित होती तो घायलों की संख्या बढ़ सकती थी। ग्रामीणों ने सब्जी बाजार को अन्यत्र लगाने की मांग की है।


