बलौदा बाजार
एसपी कार्यालय में आवेदन, जल्द गिरफ्तारी की मांग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 4 जून। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भरसेला (बड़ा) में युवक से मारपीट और कथित चाकू हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर पीडि़त पक्ष गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आवेदन देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
रास्ता रोककर मारपीट
पीडि़त रोमनाथ वर्मा ने आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और इस दौरान चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके गले में टांके लगाए गए।
अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं
पीडि़त पक्ष का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप है कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां देकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर ग्रामीणों के बीच दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
जल्द कार्रवाई का आश्वासन
इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने पीडि़त पक्ष से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
एएसपी के आश्वासन के बाद पीडि़त परिवार और ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।




