बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 5 अप्रैल। श्री आदिनाथ पंचबाल्याती नवग्रह दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर में सुबह भगवान की प्रतिमा का अभिषेक और शांति धारा संपन्न हुई। इसके बाद जन्माभिषेक आरती और मस्तकाभिषेक के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर परिसर में ही भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा के साथ एक शोभायात्रा भी निकाली गई। इस दौरान भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
इसी अवसर पर मुनि श्री 108 चिन्मय सागर जी महाराज का दीक्षा दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम में उनके चरणों का अभिषेक एवं पूजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सुमन लता मोदी ने भगवान महावीर के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि अहिंसा और ‘जियो और जीने दो’ का संदेश समाज के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर स्थानीय समाज के सदस्य और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




