बलौदा बाजार
भाटापारा, 12 मार्च। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा नगर पालिका परिषद भाटापारा को विकास कार्यों के लिए बड़ी सौगात दी गई है। अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर के सर्वांगीण विकास हेतु करोड़ों रुपयों की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
हाल ही में जारी आदेशों के अनुसार, भाटापारा नगर पालिका को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न चरणों में अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। 47 विकास कार्यों हेतु 350.32 लाख रुपये की स्वीकृति। 08 नए विकास कार्यों हेतु 275.00 लाख रुपये की स्वीकृति। इससे पूर्व भी अधोसंरचना मद के तहत 500 लाख रुपये की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई थी।
नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाटापारा की जनता की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह उदारता दिखाई है।
उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश में विकास की नई गति प्रदान करने के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव नगरीय सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु विभागीय सहयोग के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देने के लिए पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रयासों के कारण ही ये विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं।
अध्यक्ष ने विश्वास दिलाया कि स्वीकृत राशि का उपयोग गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाएगा, ताकि भाटापारा नगर के नागरिकों को बेहतर सडक़ें, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ नगर पालिका भाटापारा को एक आदर्श शहर बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।
नागरिकों से विशेष अपील- विकास कार्यों की चर्चा के साथ ही अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने नगरवासियों से शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर का विकास हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मेरा सभी नागरिकों से विनम्र अनुरोध है कि नगर पालिका से संबंधित अपने सभी करों का भुगतान समय पर करें, ताकि विकास की यह गति निरंतर बनी रहे। साथ ही, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ी में ही कचरा डालें और स्वच्छता मित्रों का सहयोग करें। आपके सहयोग से ही हम भाटापारा को एक आदर्श और स्वच्छ शहर बना पाएंगे।


