बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 फऱवरी। जिला बलौदाबाजार पुलिस द्वारा चलाए गए समाधान अभियान के अंतर्गत गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुमने की रिपोर्टों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 417 गुम मोबाइल रिकवर किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 63 लाख रुपये आँकी गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं निरीक्षक प्रणाली वैद्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जिले के सभी थाना एवं चौकियों में दर्ज गुम मोबाइल प्रकरणों पर लगातार कई दिनों तक तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर खोजबीन की। इस अभियान के तहत जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सूरजपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित अन्य जिलों से तथा महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश, बिहार जैसे अन्य राज्यों से भी मोबाइल रिकवर किए गए।
3 फऱवरी को दोपहर 12.30 बजे पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं एसडीओपी बलौदाबाजार अपूर्वा क्षत्रिय द्वारा रिकवर किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
मोबाइल गुम होने के बाद उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनका मोबाइल वापस मिला, तो उन्होंने जिला पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जाहिर की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाधान अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं लावारिस मोबाइल मिले या कोई व्यक्ति बिना रसीद के कम कीमत में मोबाइल बेचने का प्रयास करे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें, क्योंकि ऐसे मोबाइल चोरी के हो सकते हैं या किसी अपराध में प्रयुक्त हुए हो सकते हैं। साथ ही नागरिकों से अपने मोबाइल सुरक्षित रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी एवं उससे बचाव के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगभग 96 लाख रुपये मूल्य के 640 नग गुम मोबाइल रिकवर किए गए थे।


