बलौदा बाजार

ऑटो संघ-बस एसो. का मतभेद समाप्त
11-Jun-2025 5:57 PM
ऑटो संघ-बस एसो. का मतभेद समाप्त

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 भाटापारा, 11 जून।
भाटापारा में लम्बे समय से ऑटो संघ एवं बस एसोसिएशन के मध्य चल रहे मतभेद का समाधान आज संवाद, सहयोग एवं संयम की त्रिवेणी से संभव हो सका।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा के मार्गदर्शन, नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के समन्वयपूर्ण प्रयासों तथा दोनों पक्षों की सकारात्मक सोच और परस्पर विश्वास ने इस जटिल विषय को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का मार्ग प्रशस्त किया।
श्री शर्मा के समन्वयकारी प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से खुले विचार-विमर्श और निष्पक्ष वार्ता का वातावरण तैयार हुआ, जिससे समन्वय का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस सराहनीय पहल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए ऑटो संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्हें यह विश्वास भी दिलाया गया कि भविष्य में भी जनहित एवं परिवहन सुविधा से जुड़े विषयों पर पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

 

यह समाधान न केवल दो संगठनों के बीच समन्वय का प्रतीक है, बल्कि भाटापारा की यातायात व्यवस्था में स्थिरता, सुचारु संचालन और आमजन की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है। सभी संबंधित पक्षों द्वारा प्रदर्शित संयम, सहभागिता और परिपक्वता ने सामूहिक प्रयास को सफलता में परिणत किया है।
अश्वनी शर्मा का कहना है कि परिवहन व्यवस्था किसी भी नगर की जीवनरेखा होती है। ऑटो संघ और बस एसोसिएशन के बीच उत्पन्न स्थिति को शांति और विश्वास के साथ सुलझाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी थी। सभी पक्षों ने परिपक्वता दिखाई और संवाद के माध्यम से समाधान को अपनाया, इसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र हैं। जनहित में हम सदैव तत्पर हैं और भविष्य में भी ऐसी सकारात्मक पहल जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट