बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 17 अगस्त। भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा बाइक रैली में सम्मिलित हुए। इस यात्रा में सैकड़ो उत्साहित कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। शिवरतन शर्मा ने आजादी के 78वें स्वाधीनता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। इसका मतलब 140 करोड़ भारतवासियों के चेहरे पर खुशहाली लाना है। इसके लिए समस्त भारतवासियों को देश की समृद्धि में प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में एकजुट होकर इस अभियान का हिस्सा बनना होगा।
दो वर्ष पहले देश के आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन से जुडक़र हम लोगों ने पंच प्रण का संकल्प लिया था और आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हर घर तिरंगा के माध्यम से भारत के आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा को हर घर पर लहराने का कार्य किया था। उक्त बातें उपाध्यक्ष भाजपा छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा ने कहीं।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से राष्ट्र प्रथम की भावना संग यह रैली निकाली गई। भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प के साथ जुडक़र हम सभी भारत के आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा को हर घर तक पहुंचाने के सहभागी बन रहे है।


