सेहत-फिटनेस
मरने के बाद क्या होता है? यह सवाल विज्ञान जगत के लिए आज भी अनबूझ पहेली है. लेकिन कुछ वैज्ञानिकों ने इस बारे में नई जानकारियां हासिल की हैं.
जो लोग मौत के बहुत करीब तक पहुंचकर लौटे हैं, वे अक्सर बताते हैं कि उन्हें कुछ अविश्वसनीय अनुभव हुए. कई लोग कहते हैं कि उन्हें एक सुरंग नजर आई, जिसके दूसरी तरफ रोशनी की किरण थी. कुछ लोगों को अपने ही शरीर के बाहर हवा में तैरने का अनुभव हुआ तो कुछ को वे करीबी लोग दिखाई दिए, जिनकी पहले मौत हो चुकी है. एक अनुभव अपनी जिंदगी की घटनाओं को सिनेमा के पर्दे की तरह देखने का भी बताया जाता है.
इन कहानियों में इतनी समानताएं हैं और ये इतने विविध लोगों द्वारा सुनाई गई हैं कि विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह के अनुभव का कोई शारीरिक या मस्तिष्क में मौजूद कारण हो सकता है, जिसे विज्ञान अभी तक खोज नहीं पाया है.
सोमवार को ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल अकैडमी ऑफ साइंस' पत्रिका में एक शोध पत्र प्रकाशित हुआ है, जिसमें मिशिगन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने ऐसे अनुभवों का कारण खोजने की कोशिश की है. उन्होंने मरते हुए मरीजों के अध्ययन में पाया कि उस वक्त मस्तिष्क में गतिविधियां बहुत तेज हो गई थीं, जिनका संबंध चेतना से था.
कई नई जानकारियां
यह अपनी तरह का पहला शोध नहीं है लेकिन मुख्य शोधकर्ता जीमो बोरिजिन कहती हैं कि इस बार जो बारीक जानकारियां मिली हैं, वे पहले कभी नहीं मिलीं. बोरिजिन की प्रयोगशाला चेतना के न्यूरोबायोलॉजिकल आधार को समझने पर काम कर रही है.
वैज्ञानिकों के इस दल ने चार ऐसे लोगों के रिकॉर्ड्स का अध्ययन किया जिनकी मौत ईईजी के दौरान हुई थी यानी तब उनकी धड़कनों को दर्ज किया जा रहा था. ये चारों मरीज अपनी मौत से पहले कोमा में थे और डॉक्टरों के सुझाव पर इनका लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटा लिया गया था.
जब वेंटिलेटर हटाए गए तो चार में से दो मरीजों के दिलों की धड़कनें तेज हो गईं और मस्तिष्क में गतिविधियां बढ़ गईं. 24 और 77 साल की इन महिलाओं के मस्तिष्क में गामा फ्रीक्वेंसी की लहरें उठीं, जो मस्तिष्क में सबसे तेज गतिविधि होती है और जिसे चेतना से जोड़ा जाता है.
पहले हुए अध्ययनों में भी मरने से ठीक पहले व्यक्ति के मस्तिष्क में गामा किरणों की गतिविधि देखी गई है. 2022 में 87 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत गिरने से हुई थी और उसके मस्तिष्क में भी ठीक ऐसी ही गतिविधियां दर्ज की गई थीं.
क्या देखा-सुना
मिशिगन विश्वविद्यालय के शोधकर्ता इन गतिविधियों की गहराई में गए. उन्होंने जानना चाहा कि इस दौरान मस्तिष्क के किन हिस्सों में सक्रियता सबसे ज्यादा रही. शोधकर्ताओं ने पाया कि मस्तिष्क के उन हिस्सों में सक्रियता सबसे ज्यादा थी, जिन्हें चेतना से जुड़ा माना जाता है. इनमें पोस्टीरियर कॉर्टिकल हॉट जोन यानी कान के पीछे का हिस्सा शामिल था.
बोरिजिन कहती हैं, "इस हिस्से में सक्रियता इतनी ज्यादा थी जैसे आग लगी हुई हो. यह मस्तिष्क का वो हिस्सा है जो अगर सक्रिय होता है तो उसका अर्थ है कि मरीज कुछ देख-सुन रहा है और शरीर में संवेदनाओं को भी महसूस कर सकता है.”
मरीजों की मौत तक आखिरी कुछ घंटों में मस्तिष्क और दिल की गतिविधियों पर पल-पल की निगरानी रखी गई थी जिससे विश्लेषण को और गहराई मिली. वैज्ञानिक अभी इस बात का जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं कि ये गतिविधियां सिर्फ दो मरीजों के अंदर हुईं और दो अन्य मरीजों में क्यों नहीं हुईं. लेकिन बोरिजिन का अनुमान है कि इन मरीजों को दौरा पड़ने की समस्या रही थी, जिसका कोई असर रहा हो सकता है.
हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए यह सैंपल साइज बहुत छोटा है. और यह जानना भी संभव नहीं है कि मरीजों ने वाकई उस दौरान कुछ देखा, सुना. बोरिजिन उम्मीद करती हैं कि आने वाले समय में इसी तरह का सैकड़ों लोगों का डेटा उपलब्ध होगा, जिससे मृत्यु को और गहराई से समझा जा सकेगा.
वीके/सीके (एएफपी)
लग्नराशि पर आधारित कलाशांति ज्योतिष साप्ताहिक राशिफल में जानिए, आपका पारिवारिक जीवन, आर्थिक दशा, स्वास्थ्य व कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति इस सप्ताह कैसी रहेगी और यह भी कि इस सप्ताह आपको क्या-कुछ मिलने वाला है, आपके लिए क्या-क्या करना फायदेमंद रहेगा और परेशानियों से बचने के लिए आपको कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए। मेष लग्नराशि : इस सप्ताह मन में कोई अनजाना डर बना रह सकता है। लाभ को लेकर स्तिथियां आपके पक्ष में रहेंगी। दैनिक बोलचाल मे अपनी वाणी पर संयम बरतें। बड़े भाइयों का सहयोग मिलने से लाभ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा उनको भी लाभ प्राप्त होगा। धार्मिक कार्यो में खर्च हो सकता है। संतान पक्ष से खुशखबरी मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी।
वृषभ लग्नराशि : इस सप्ताह में भाई-बहनों के मध्य मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर परेशानी रह सकती हैं। नौकरी में बदलाव हो सकते हैं तथा प्रमोशन प्राप्त हो सकता है। आलस्य में वृद्धि होने से कार्य समय से पूर्ण न हो पाने से मन व्यथित हो सकता है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। यात्राओं के योग बनेंगे। जातकों के प्रेम प्रसंग विवाह में तब्दील हो सकते हैं।
मिथुन लग्नराशि : इस सप्ताह में अनेक प्रकार के लाभों की प्राप्ति हो सकती है। पराक्रम में वृद्धि होगी तथा समाज में मान-सम्मान में वृद्धि होगी। वाणी पर संयम रखें अन्यथा बनते कार्य बिगड़ सकते हैं। दांतो में तकलीफ उत्पन्न हो सकती है, सचेत रहें। पति-पत्नी तथा व्यापारिक साझेदारों के मध्य मतभेद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। माता को तकलीफ रह सकती है। नौकरी में स्थिति सामान्य रहेगी।
कर्क लग्नराशि : इस सप्ताह धन को लेकर आर्थिक स्थिति अच्छी बनी रहेगी। मानसिक तनाव बना रह सकता है। स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो सकते हैं। सिरदर्द की समस्या हो सकती है। नौकरी कर रहे जातकों के लिए हफ्ता अच्छा रहेगा। नयी जॉब प्राप्त हो सकती है। वैवाहिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हफ्ते का अंत मानसिक राहत प्रदान करेगा।
सिंह लग्नराशि : इस सप्ताह खचरे में वृद्धि हो सकती है, कुछ व्यर्थ के खर्चे भी संभव हैं। खचरें के हिसाब से धन का आगमन भी होगा। लाभ के नए रास्ते मिलेंगे। हफ्ते के मध्य में संतान तथा शिक्षा के क्षेत्र में कुछ परेशानी मिल सकती है। भाग्य का साथ मिलेगा, नयी नौकरी के ऑफर मिल सकते हैं। पारिवारिक माहौल खुशनुमा बना रहेगा। यात्राओं के योग बन रहे हैं।
कन्या लग्नराशि : इस सप्ताह आलस्य के होने से कार्य धीमी गति से पूर्ण होंगे। स्वास्थ्य के लिहाज से रक्त से सम्बंधित कोई परेशानी हो सकती है। भवन तथा वाहन में खर्च कर सकते है। सरकारी कार्य हेतु यात्रा पर जा सकते हैं। छात्रों को पढ़ाई के क्षेत्र में परेशानी मिल सकती है। इस हफ्ते मन विचलित बना रहेगा। सकारात्मक सोच के साथ कार्यों को करें। माता के सुख में कमी आएगी तथा उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
तुला लग्नराशि : इस सप्ताह लाभ की नई स्तिथियां उतप्न्न होंगी। छात्रों को अपने परिश्रम का अच्छा फल मिलेगा। संतान की और से शुभ समाचार प्राप्त होंगे, पारवारिक माहौल अच्छा बना रहेगा। माता को कष्ट हो सकता है, ध्यान रखें। नौकरी कर रहे जातकों को अधिक परिश्रम करना पड़ सकता है। अधिक कार्य होने से मन व्यथित हो सकता है। पति-पत्नी के मध्य स्थिति सामान्य बनी रहेगी।
वृश्चिक लग्नराशि : इस सप्ताह लाभ कम तथा खचरें की अधिकता हो सकती है। नौकरी के लिए किये गए प्रयासों में सफलता मिल सकती है। उच्च अधिकारियो से तालमेल अच्छा बना रहेगा तथा उनके सहयोग से कार्य समय से पूर्व संपन्न हो सकते हैं। वाणी की कटुता से काम बिगड़ सकते हैं, सचेत रहें। बड़े भाई से मतभेद हो सकते हैं। नकारत्मक विचारों के चलते परेशान हो सकते है।
धनु लग्नराशि : इस सप्ताह भाग्य का साथ होने से आपके सभी कार्य पूर्ण होते रहेंगे। अचानक धन लाभ की प्राप्ति हो सकती है। विदेश यात्रा के योग बनेंगे। मान-सम्मान में कमी होगी। वैवाहिक जीवन में परेशानियां आ सकती हैं। छात्रों के लिए ये हफ्ता बहुत अच्छा व्यतीत होगा। वे अपने सभी कार्य सरलता से पूर्ण करेंगे। दादा तथा पिता को कष्ट हो सकता है, तनाव लेने से बचें।
मकर लग्नराशि : इस सप्ताह मानसिक तनाव बड़ सकते हैं। बायीं आंख में परेशानी हो सकती है। अनचाही यात्रा हो सकती है। क्रोध के चलते कार्य बिगड़ सकते हैं। खचरें में अधिकता रहेगी। जीवनसाथी के ऊपर किसी प्रकार का खर्चा हो सकता है। नौकरी में स्थिति सामान्य रहेगी, कार्य का बोझ अधिक हो सकता है। हफ्ते के अंतिम दिनों में स्थितियां सामान्य होंगी, तथा लाभ प्राप्त होगा।
कुंभ लग्नराशि : इस सप्ताह भाई तथा मित्रों से बहसबाजी हो सकती है, बचाव करें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। यात्राओं के कारण शारीरिक परेशानियां हो सकती हैं। धन की स्थिति ठीक रहेगी, जिन लाभों के बारे में सोचा था, वे हफ्ते के अंत तक हो सकते हैं। पारिवारिक जीवन अच्छा चलेगा। कार्यक्षेत्र में कार्यों की अधिकता हो सकती है। संतान को शारीरिक कष्ट हो सकता है।
मीन लग्नराशि : इस सप्ताह नौकरी कर रहे जातकों को उच्च अधिकारियों से तनाव मिल सकता है। सहकर्मियों का सहयोग अल्प मात्रा में मिल सकता है। पिता से मतभेद हो सकते हैं। कोई आपको नीचा दिखाने की कोशिश कर सकता है। छात्रों को परिश्रम अनुसार फल की प्राप्ति में कमी होगी। संतान पक्ष से तकलीफ मिल सकती है। किसी भी प्रकार का निवेश करने से बचें।
(ज्योतिषी विशाल वाष्र्णेय कलाशांति ज्योतिष के संस्थापक हैं। यह साप्ताहिक राशिफल आपकी लग्नराशि के आधार पर आधारित है। ये समस्त राशिफल सामान्य हैं। किसी भी निश्चित परिणाम पर पहुंचने के लिए ज्योतिषी से दशा-अंतर्दशा और जन्मपत्री का पूर्ण रूप से अध्ययन कराना उचित रहता है।)
कोई काम जो नुकसान पहुंचाता हो, उसे कोई इंसान बार-बार क्यों करता है? यह मानव मन की ऐसी गुत्थी है जिसे मनोवैज्ञानिक बरसों से समझने की कोशिश कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों ने कुछ जवाब खोजे हैं.
डॉयचे वैले पर विवेक कुमार की रिपोर्ट-
रात को बहुत ज्यादा शराब पीने के बाद सुबह सिर दर्द के साथ उठते लोग अक्सर कहते या कम से कम सोचते हैं कि वे दोबारा ऐसा नहीं करेंगे. लेकिन यह बात बेमायने होती है क्योंकि वे ऐसा फिर करते हैं. लेकिन क्यों? अगर लोगों को पता है कि कोई चीज या काम उनके लिए हानिकारक है तो वे क्यों अपने आपको दोहराते हैं? ऑस्ट्रेलिया के मनोविज्ञानियों ने इस सवाल का जवाब खोजने की कोशिश की है.
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी और वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के मनोवैज्ञानिकों ने इस बात पर शोध किया है कि जो लोग हानिकारक व्यवहार को दोहराते हैं, वे ऐसा क्यों करते हैं. प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल अकैडमी ऑफ साइंसेज (पीएनएएस) में छपा यह शोध बताता है कि जो लोग बार-बार गलतियां करते हैं, उनकी खुद को बदलने की इच्छा में कोई कमी नहीं होती बल्कि वे अपने अनुभवों से जो सीखते हैं, उसका सही कारण समझने की कमी के कारण वे उन्हीं अनुभवों को दोहराते हैं.
कैसे हुआ शोध?
सवाल का जवाब जानने के लिए वैज्ञानिकों ने एक प्रयोग किया. उन्होंने कुछ इच्छुक युवाओं को एक साधारण वीडियो गेम खेलने के लिए बुलाया. यह वीडियो गेम ब्रह्मांड में मौजूद अलग-अलग मायावी ग्रहों पर आधारित था. खेलने वालों को दो ग्रहों पर क्लिक करना था जिसके बदले उन्हें अंक मिलते. इन अंकों के आधार पर उन्हें पैसे मिलने थे.
लेकिन वैज्ञानिकों ने प्रयोग में शामिल युवाओं को यह नहीं बताया था कि जब भी वे किसी ग्रह पर क्लिक करते, तो कुछ नए स्पेसशिप पैदा हो जाते. एक ग्रह पर क्लिक करने से जो स्पेसशिप पैदा हो रहे थे वे उनके अंकों को चुरा सकते थे जबकि दूसरे ग्रह पर क्लिक करने से पैदा होने वाले यान कोई नुकसान नहीं पहुंचाते.
जिन युवाओं ने गेम में अच्छा प्रदर्शन किया, उन्हें वैज्ञानिकों ने संवेदनशील का नाम दिया. ये वे लोग थे जिन्होंने बुरे ग्रह और उस पर क्लिक करने की वजह से पैदा हो रहे पाइरेट शिप में संबंध को समझ लिया था और अपने व्यवहार में बदलाव करके उस बुरे ग्रह पर क्लिक करने से परहेज किया.
लेकिन वैज्ञानिकों ने पाया कि कई दौर खेले जाने के बाद भी ऐसे लोग थे जो पाइरेट शिप और बुरे ग्रह में संबंध को समझ नहीं पाए थे और नुकसान के बावजूद बार-बार बुरे ग्रह पर क्लिक किए जा रहे थे. जब उन्हें यह संबंध समझाया गया तो ज्यादातर लोगों ने अपना व्यवहार बदल लिया और बुरे ग्रह पर क्लिक करने से परहेज किया. लेकिन वैज्ञानिकों को हैरत इस बात से हुई कि समझाए जाने के बावजूद कुछ लोगों ने बुरे ग्रह पर क्लिक करना बंद नहीं किया.
क्या पता चला?
मुख्य शोधकर्ता डॉ. फिलिप ज्याँ-रिचर्ड-डिट-ब्रेसेल लिखते हैं, "हम इसी वीडियो गेम के जरिए अब तक हुए शोधों के आधार पर यह जानते हैं कि बहुत से लोग इस बात को समझने में नाकाम रहते हैं कि उनके व्यवहार का असर नतीजों पर पड़ रहा है. लेकिन हमारे प्रयोग ने यह पाया कि समझाए जाने के बाद कुछ लोगों का व्यवहार बदल गया लेकिन तब भी ऐसे लोग थे जो अपने व्यवहार में कोई बदलाव नहीं कर पाए थे.”
ऐसे लोगों को वैज्ञानिकों ने कंपल्सिव नाम दिया. शोध में शामिल बिहेवियरल न्यूरोसाइंटिस्ट प्रोफेसर गैवन मैकनैली कहते हैं कि इस प्रयोग को समग्र रूप में देखा जाना चाहिए क्योंकि असल जिंदगी में लोग आमतौर पर इससे ज्यादा लचीले होते हैं. वह कहते हैं कि उनका शोध इस बात पर रोशनी डालता है कि मस्तिष्क के अंदर ऐसी परिस्थितियों में क्या चल रहा होता है.
अब तक खुद को नुकसान पहुंचाने वाले व्यवहार की दो व्याख्याएं उपलब्ध हैं. एक कहती है कि नशीली दवाओं या जुए की लत जैसी आदतों में लोग अपने किए को बाकी सबसे ऊपर समझते हैं इसलिए नुकसान के बावजूद उसे करते जाते हैं. एक और व्याख्या यह है कि उनकी आदत उनके नियंत्रण या समझ से बाहर की चीज होती है.
प्रोफेसर मैकनली कहते हैं, "हम यह दिखा रहे हैं कि उनका व्यवहार के लिए जागरूकता की कमी या नैतिक मूल्यों में कमी जिम्मेदार नहीं है बल्कि वे यह समझ ही नहीं पाते हैं कि उनकी हरकतें उन्हें नुकसान पहुंचा रही हैं. इसे यूं समझ सकते हैं कि वे अनुभवों से गलत बात ही सीखते हैं.” (dw.com)
लग्नराशि पर आधारित कलाशांति ज्योतिष साप्ताहिक राशिफल में जानिए, आपका पारिवारिक जीवन, आर्थिक दशा, स्वास्थ्य व कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति इस सप्ताह कैसी रहेगी और यह भी कि इस सप्ताह आपको क्या-कुछ मिलने वाला है, आपके लिए क्या-क्या करना फायदेमंद रहेगा और परेशानियों से बचने के लिए आपको कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए। मेष लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत अच्छी होगी। किये जा रहे प्रयासों में सफलता मिलने के संकेत है। नौकरी कर रहे जातकों को कार्यस्थल में थोड़ी परेशानी हो सकती है। हफ्ते के मध्य में स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। किसी से भी बहसबाजी से बचें। प्रेम सम्बन्धों के लिए ये हफ्ता मिलाजुला रहने वाला है। आसपास की किसी यात्रा का योग बन सकता है। खर्चा थोड़ा बढ़ सकता है। किसी के द्वारा दिया गया व्यापारिक सुझाव आपको फायदा दे सकता है।
वृषभ लग्नराशि: सुखो मैं वृद्धि के योग है। अपने रहन सहन पर खर्च कर सकते है। नौकरी तथा व्यापार मैं स्तिथि अच्छी बनी रहेगी। किसी भी कार्य को जल्दबाजी से करने से बचे। पारिवारिक माहौल अच्छा बना रहेगा। पुराने लोगो से मुलाकात हो सकती है। ये हफ्ता विद्यार्थी वर्ग के लिए बहुत अच्छा जायेगा। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरते। मन ना होने पर भी किसी यात्रा पर जाना पड सकता है।
मिथुन लग्नराशि : इस हफ्ते आप अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देंगे। नौकरी तथा व्यापार की तलाश में भटक रहे लोगो को शुभ अवसर प्राप्त हो सकते हैं। उधार दिया पैसा वापस मिल सकता है। परिवार के साथ घूमने का प्रोग्राम बना सकते है। वार्तालाप करते समय शब्दों का ध्यान रखें। अन्यथा बनते काम बिगड़ सकते हैं। बुजुर्ग लोगों और सरकारी कार्यों में अड़चन आ सकती है।
कर्क लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत से ही लाभ के योग बनेंगे। बैंकों तथा किसी पॉलिसी से लाभ मिलने के योग हैं। इस हफ्ते आपको स्वास्थ्य पर बहुत ध्यान देना पड़ सकता है। पति पत्नी और व्यापारिक साझेदारों के मध्य मनमुटाव की स्तिथि उत्पन्न हो सकती है। नौकरी कर रहे लोगो को उच्च अधिकारियो का साथ न मिलने से मन खिन्न हो सकता है। माता तथा भूमि से आपको लाभ संभव है।
सिंह लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत में स्वास्थ्य से सम्बंधित कोई विकार परेशान कर सकता है। खचरें में वृद्धि से आर्थिक पक्ष कमजोर बन सकता है। कार्य के सिलसिले में व्यर्थ की भागदौड़ परेशान कर सकती है। इस हफ्ते विदेश यात्रा के योग भी बनेंगे। हफ्ते के मध्य भाग से आर्थिक पक्ष मजबूत हो सकता है तथा व्यवसाय में लाभ सम्भव है। पारिवारिक लोगों का साथ रहने से कई परेशानियों पर विजय प्राप्त करेंगे।
कन्या लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत में आप अपने अटके हुए कार्यों को पूरा करने में समय देंगे। भावनाओं में बहकर कोई भी कार्य न करें अन्यथा नुकसान हो सकता है। लाभ की स्तिथि बनी रहेगी। पारिवारिक वातावरण अच्छा बना रहेगा। विद्यार्थी वर्ग को थोड़ी परेशानी हो सकती है। माता की तबीयत बिगड़ सकती है। अचानक कोई लाभ होने से मन खुश होगा।
तुला लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत से ही आप अपने रुके हुए कार्यों में गति देने के लिए ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। भाइयों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा। नौकरी तथा व्यवसाय में आपका रुतबा बढ़ेगा और नौकरी में पदोन्नति भी सम्भव है। आर्थिक स्थिति सामान्य बनी रहेगी और लाभ की स्थिति बनेगी। जीवनसाथी तथा संतान के साथ खुशियों भरा समय व्यतीत करेंगे।
वृश्चिक लग्नराशि: हफ्ते की शुरुआत में आप अपने कार्य पर बहुत ध्यान देंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। सहकर्मियों का भरपूर साथ मिलेगा। भाइयो का साथ देंगे तथा उनके कार्यो में मदद भी करेंगे। अचानक लाभ की स्तिथि बनी रहेगी। खचरें में बढ़ोतरी हो सकती है। कार्यक्षेत्र में आपका लोगों से मिलना जुलना बढ़ेगा। पारिवारिक जीवन मधुरता बाला रहेगा। शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी।
धनु लग्नराशि: इस हफ्ते किये जा रहे प्रयासों में सफलता मिलेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। मान सम्मान में वृद्धि के योग है। पिता तथा सरकारी कार्यों में अवरोध आ सकते हैं। पूजा पाठ में ध्यान बढ़ सकता है। आर्थिक स्तिथि में वृद्धि के योग हैं। यात्राएं लाभकारी सिद्ध होंगी। नौकरी कर रहे जातकों को उच्च अधिकारियो द्वारा प्रसंशा प्राप्त होगी। माता की सेवा कर सकते हैं।
मकर लग्नराशि: इस हफ्ते स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है। यात्राओं के बनेंगे जो शारीरिक और मानसिक रूप से थकाने वाली हो सकती है। व्यर्थ के वातार्लाप से दूर रहें अन्यथा मानसिक अशांति उत्पन्न हो सकती है। कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्तिथि में सुधार होगा तथा खर्चा भी बहुत रहेगा। पति पत्नी तथा संतान के मध्य तालमेल बिगड़ सकता है। किसी के द्वारा गिफ्ट प्राप्त हो सकता है।
कुंभ लग्नराशि: इस हफ्ते आप कई कार्यो में व्यस्त रह सकते हैं। नौकरी की तलाश कर रहे जातकों को सफलता प्राप्त हो सकती है। आपका पराक्रम और आत्मविश्वास बढ़ाचढ़ा रहेगा। ऑफिस में आप उत्तम समय व्यतीत करेंगे। यात्रा के योग बन सकते हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखे थकावट तथा सिरदर्द की परेशानी हो सकती है। रुका पैसा मिलने के योग बन सकते हैं। भाग्य का साथ बन रहेगा।
मीन लग्नराशि: इस हफ्ते आपका स्वास्थ्य कुछ नरम रह सकता है। पेट से संबंधित कोई विकार उत्पन्न हो सकता है। विद्यार्थी वर्ग को पढ़ाई में अवरोध आ सकते हैं। हफ्ते के मध्य में जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त हो सकता है। वरिष्ठ लोगो से मतभेद हो सकता है। मित्रों के साथ समय व्यतीत कर सकते हैं। नौकरी के लिए किए आवेदन में सफलता प्राप्त हो सकती है।
(ज्योतिषी विशाल वाष्र्णेय कलाशांति ज्योतिष के संस्थापक हैं। यह साप्ताहिक राशिफल आपकी लग्नराशि के आधार पर आधारित है। ये समस्त राशिफल सामान्य हैं। किसी भी निश्चित परिणाम पर पहुंचने के लिए ज्योतिषी से दशा-अंतर्दशा और जन्मपत्री का पूर्ण रूप से अध्ययन कराना उचित रहता है।)
आज दुनिया में कई ऐसे लोग हैं जिनके जीन को सीआरआईएसपीआर-केस9 जीन एडिटिंग तकनीक का इस्तेमाल करके संशोधित किया गया है. तकनीक सही है या गलत, इस पर चर्चा होती रहेगी, लेकिन जीन थेरेपी काम कैसे करती हैं और उनकी सीमाएं क्या हैं?
डॉयचे वैले पर फ्रेड श्वालर की रिपोर्ट-
2018 में वैज्ञानिक हे जिआन्की ने संशोधित जीनोम वाली दो बच्चियों के जन्म की घोषणा कर दुनिया को चौंका दिया. उन्होंने दावा किया था कि वह सीआरआईएसपीआर-केस9 जीन एडिटिंग तकनीक का इस्तेमाल कर दो जुड़वां लड़कियों के जीन को संशोधित करने में कामयाब रहे हैं, ताकि उन्हें भविष्य में एड्स वायरस के संक्रमण से बचाया जा सके.
हे जिआन्की चीन के शेनजेन प्रांत में सदर्न यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में बतौर एसोसिएट प्रोफेसर कार्यरत थे. जिआन्की ने जुड़वा भ्रूणों पर सीआरआईएसपीआर-केस9 नामक जीन एडिटिंग टूल का इस्तेमाल किया, ताकि उन भ्रूण के सीसीआर5 जीन को संशोधित किया जा सके और उनके अंदर एचआईवी के लिए प्रतिरोध पैदा हो सके.
इन दोनों बच्चियों के अलावा, एक साल बाद तीसरा ऐसा बच्चा पैदा हुआ जिसके जीन में संशोधन किया गया था. ये तीनों दुनिया के पहले जीन संशोधित बच्चों का प्रतिनिधित्व करते हैं. पांच साल बाद भी तीनों कथित तौर पर स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं.
इस घटना से वैज्ञानिकों के साथ-साथ सामान्य लोगों का एक बड़ा तबका आक्रोशित हुआ. जिआन्की के शोध और कार्य की नैतिकता को लेकर दुनिया के कई हिस्सों में काफी तेज और व्यापक आलोचना हुई. नतीजा यह हुआ कि ‘गैर-कानूनी तरीके से डॉक्टरी उपचार' के आरोप मेंजिआन्की को चीन में तीन साल कैद की सजा सुनाई गई.
ये तीनों बच्चे भ्रूण के दौरान जीनोम संशोधन के पहले मामलों के उदाहरण हो सकते हैं, लेकिन वे संशोधित जीनोम वाले एकमात्र इंसान नहीं हैं. सिकल सेल रोग के इलाज के लिए सीआरआईएसपीआर-केस9 का इस्तेमाल करके, क्लिनिकल ट्रायल में 200 से अधिक वयस्कों का इलाज किया गया है.
जीन एडिटिंग थेरेपी ने उनके जीवन को पूरी तरह बदल दिया. उनके खून से जुड़ी गड़बड़ियों को ठीक कर दिया. यह तकनीक सही है या गलत, इस पर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन अन्य अनुवांशिक बीमारियों के इलाज के लिए भी इस तकनीक का इस्तेमाल करने को लेकर परीक्षण जारी है.
सीआरआईएसपीआर-केस9 जीन एडिटिंग क्या है
सीआरआईएसपीआर-केस9 तकनीक विकसित होने के बाद पिछले दशक में जीन थेरेपी के मामले अचानक बढ़ गए. हालांकि, जीन एडिटिंग 1990 के दशक से अस्तित्व में है, लेकिन डीएनए को बदलने के अपने सटीक और प्रोग्राम करने लायक तरीके की वजह से सीआरआईएसपीआर को काफी महत्वपूर्ण माना गया है.
सीआरआईएसपीआर-केस9 दो हिस्सों वाली आणविक प्रणाली है. सीआरआईएसपीआर अनुक्रमों का एक समूह है जिसे किसी जीन में डीएनए के खास हिस्से को खोजने के लिए प्रोग्राम किया जाता है. वहीं, केस9 एडिटिंग करने का काम करता है, जो डीएनए के एक स्ट्रैंड को काटकर अलग करता है और उसकी जगह नया हिस्सा जोड़ता है.
आसान भाषा में कहें, तो यह कंप्यूटर पर Ctrl+F बटन दबाकर किसी खास शब्द को खोजने जैसा है. सीआरआईएसपीआर-केस9 भी कुछ इसी तरह काम करता है. यह आरएनए या डीएनए अनुक्रम में खोज कर बुरे बैक्टीरिया को खत्म कर देता है.
यह खोजने और काटने वाले आणविक मशीन की तरह है. आप इसे किसी खास डीएनए अनुक्रम के बारे में बताते हैं. यह सिर्फ उसी जगह पर काटता है. इस मामले में, जो डीएनए अनुक्रम है वह एंटीबायोटिक प्रतिरोधी जीन है. यह जीन स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है.
सुनने में यह प्रक्रिया काफी आसान लगती है, लेकिन कठिन है. अगर हम किसी बीमारी के इलाज के लिए इसका इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह प्रक्रिया हमारे शरीर की खरबों कोशिकाओं में होनी चाहिए.
इस तरह, सीआरआईएसपीआर की मदद से सिर्फ उन बीमारियों का इलाज किया जा सकता है जिनमें किसी एक प्रकार की कोशिका में ‘सरल' आनुवांशिक बदलाव हुआ हो. अगर आपको यह पक्के तौर पर पता है कि कोई बीमारी किसी एक जीन में गड़बड़ी की वजह से होती है, तो सीआरआईएसपीआर की मदद से इसका इलाज किया जा सकता है. जैसे, सिकल सेल एनीमिया या कुछ प्रकार के कैंसर.
जीन थेरेपी की सीमाएं
सीआरआईएसपीआर की मदद से जटिल अनुवांशिक बीमारी का इलाज नहीं किया जा सकता. जैसे, अलग-अलग तरह की कोशिकाओं में एक से अधिक जीन में गड़बड़ी से जुड़ी बीमारी. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन, यूके में मेडिकल जेनेटिक्स के प्रोफेसर डेविड कर्टिस कहते हैं, "काफी कम रोगियों में बीमारी से जुड़े पहचाने जाने लायक ऐसे आनुवंशिक लक्षण होते हैं जिन्हें आप टारगेट कर सकते हैं.”
कार्टिस को संदेह है कि सीआरआईएसपीआर की मदद से ऐसी किसी बीमारी का इलाज किया जा सकता है जिसमें कम से कम समय के लिए एक से ज्यादा आनुवंशिक बदलाव शामिल हैं.
उन्होंने डीडब्ल्यू को बताया, "अगर आप स्किजोफ्रीनिया जैसी जटिल अनुवांशिक बीमारी से ग्रसित हैं, तो जीन थेरेपी मददगार नहीं है. जीन थेरेपी की मदद से मस्तिष्क का इलाज करना बेहद मुश्किल है.
आपको गलत जगह पर विकसित हुई मस्तिष्क कोशिकाओं को फिर से जोड़ने के लिए अरबों मस्तिष्क कोशिकाओं में कई डीएनए बदलाव करने होंगे. ऐसा करना शायद ही संभव है.”
डिजाइनर बेबी
जीन एडिटिंग के दो मुख्य तरीके होते हैं: जर्मलाइन एडिटिंग और सोमेटिक सेल थेरेपी. जर्मलाइन एडिटिंग भ्रूण के विकास के दौरान किया जाता है. आप भ्रूण में उस समय बदलाव करते हैं जब उसमें सिर्फ एक कोशिका होती है या कुछ कोशिकाएं होती हैं, तो आप उन सभी कोशिकाओं में बदलाव करते हैं जो उनसे अलग होंगी. इसका मतलब है कि शरीर की सभी कोशिकाओं के जीन में बदलाव होता है.
यह रोग के इलाज के लिए बढ़िया है, लेकिन इससे शुक्राणु और अंडाणु वाली कोशिकाएं भी प्रभावित होती हैं. इसका मतलब है कि यह संशोधित जीन उन बच्चों के साथ-साथ उनकी आने वाली पीढ़ियों में भी मौजूद होता है. इसलिए, भ्रूणों में बदलाव करके आप उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास की प्रक्रिया को बदल देते हैं. यही वजह है कि ‘डिजाइनर बेबी' बहस का मुद्दा बना हुआ है और इसी वजह से जिआन्की को जेल में डाल दिया गया.
इस थेरेपी के पक्ष में बात करने वाले लोगों का कहना है कि हम यह पक्का कर सकते हैं कि हमारे किसी रिश्तेदार ने एचआईवी/एड्स या अलग-अलग तरह के कैंसर जैसी बीमारियों को विकसित नहीं किया है, बल्कि उनके अस्तित्व को ही मिटा दिया है. जबकि, आलोचकों का कहना है कि यह प्रकृति के साथ छेड़छाड़ है.
सोमेटिक सेल थेरेपी मददगार हो सकती है
सोमेटिक सेल थेरेपी में, जीन को रोगी या डोनर के शरीर से निकाली गई कोशिकाओं में संशोधित किया जाता है और फिर वापस उसके शरीर में कोशिकाओं को स्थापित कर दिया जाता है. सिकल सेल एनीमिया के इलाज के लिए इस तरीके का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसकी मदद से, जीन से जुड़ी ऐसी अन्य बीमारियों का इलाज किया जा सकता है जहां सिर्फ एक ही जगह पर बदलाव हुआ हो.
अधिकांश वैज्ञानिकों का तर्क है कि सोमेटिक सेल थेरेपी, जर्मलाइन एडिटिंग की तुलना में ज्यादा कारगर है. हमने देखा है कि यह तरीका काम कर सकता है. साथ ही, यह डिजाइनर बच्चों जैसे मुद्दे को भी दरकिनार कर देता है. हालांकि, सोमेटिक सेल थेरेपी की अपनी समस्याएं हैं. इससे दूसरे जीनोम पर भी असर पड़ सकता है.
बर्लिन में मैक्स डेलब्रुक सेंटर फॉर मॉलिक्यूलर मेडिसिन में काम करने वाले सीआरआईएसपीआर वैज्ञानिक वान ट्रंग चू ने कहा, "जब आप सीआरआईएसपीआर का इस्तेमाल करते हैं, तो इस बात की संभावना होती है कि जीनोम के अन्य हिस्सों में भी अनचाहे बदलाव हो सकते हैं. साथ ही, इससे अन्य जीन के काम करने का तरीका बदल सकता है या वे निष्क्रिय हो सकते हैं. हालांकि, शरीर पर इससे क्या प्रभाव पड़ता है, इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं है.”
जीन एडिटिंग की दुनिया
जीनोम में होने वाले कुछ आकस्मिक बदलाव हानिकारक नहीं हो सकते हैं, लेकिन अन्य बदलाव कैंसर या आनुवंशिक से जुड़ी गड़बड़ियां पैदा कर सकते हैं. बदलाव देखने के लिए, जीनोम को कॉम्बिंग करने के तरीके हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि बदलाव होने पर क्या होगा. क्या जीन में पहली बार बदलाव करते समय हुई गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए अन्य जीन में बदलाव करने होंगे या कुछ और करना होगा?
चू ने डॉयचे वेले को बताया, "ये बदलाव पूरी तरह आकस्मिक नहीं होते हैं. आपके द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले केस जीन एडिटिंग टूल के आधार पर आपको अंदाजा होता है कि ये बदलाव कहां हो सकते हैं.”
फिलहाल, सभी वैज्ञानिक टारगेट किए जाने वाले जीन के अलावा अन्य जीन में होने वाले बदलाव को खोजने के लिए जीनोम का गहन अनुक्रमण विश्लेषण कर सकते हैं. हालांकि, यह भूसे के ढेर से सुई खोजने जैसा काम है. चू ने कहा, "लंबी अवधि में, नई तरह की सीआरआईएसपीआर-केस9 तकनीक ईजाद की जा रही हैं, ताकि अन्य जीन पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े.”
जीन एडिटिंग की नैतिकता पर बहस
जीन एडिटिंग को नैतिक तरीके से विकसित नहीं किया गया है. वैज्ञानिकों के साथ-साथ दूसरे विशेषज्ञ भी इस तकनीक को चुनौती दे रहे हैं. ऐसा तब से किया जा रहा है, जब जीन में बदलाव करना संभव भी नहीं था.
वैज्ञानिक नैतिकता को लेकर खुद का आकलन कर रहे हैं. अधिकांश वैज्ञानिक इस बात पर सहमत हैं कि भ्रूण में जीन एडिटिंग नहीं होनी चाहिए. जिआन्की के मामले में जिस तरह का कानूनी फैसला सुनाया गया उसने इस बात की मिसाल कायम की है कि देश जीन एडिटिंग को कितनी गंभीरता से ले रहे हैं. चू ने कहा, "यह लगभग स्पष्ट है कि आप जर्मलाइन डीएनए को संशोधित नहीं कर सकते हैं.”
जीन एडिटिंग संभव है, लेकिन इसके लिए जरूरी समर्थन चाहिए. कई लोगों का कहना है कि वैज्ञानिक प्रकृति के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं. वहीं, कुछ लोग इसे घृणा वाले नजरिए से देख रहे हैं.
इन सब के बीच एक बड़ा सवाल यह है कि क्या लोग नहीं चाहेंगे कि उनकी बीमारी या उनके बच्चे की बीमारी को ठीक किया जाए या जीन एडिटिंग की मदद से बीमारियों से बचा जाए? हमारे पास कुछ बीमारियों के इलाज या उन्हें पूरी तरह जड़ से खत्म करने के उपकरण हैं. ऐसे में सवाल यह है कि अधिक नैतिक क्या है: लोगों की बीमारियों को ठीक करने के लिए उपलब्ध तकनीक का इस्तेमाल करना या उसका इस्तेमाल ना करना? (dw.com)
किसी कठिनाई बारे में सोच कर पसीना क्यों छूट जाता है, या दिल की धड़कनें क्यों तेज हो जाती हैं? हमारा शरीर एक साथ कई कामों के लिए खुद को कैसे तैयार करता है? वैज्ञानिकों को लग रहा है कि ऐसे कई सवालों के जवाब मिल गये हैं.
मानव शरीर और उसके दिमाग के बीच रिश्ता हजारों सालों से विचारकों और विद्वानों के शोध विषय रहा है. अरस्तू से लेकर देकार्त तक इससे सवाल से जूझते रहे हैं. हालांकि इसका जवाब ऐसा लग रहा है कि दिमाग की संरचना में छिपा है.
बुधवार को रिसर्चरों ने बताया कि दिमाग का एक हिस्सा जिसे मोटर कॉर्टेक्स कहा जाता है वह शरीर की हरकत को नियंत्रित करता है और यह एक नेटवर्क जुड़ा है जिसमें योजना बनाना, मस्तिष्क की उत्तेजना, दर्द और आंतरिक अंगों का नियंत्रण शामिल है. इसके साथ ही इसमें ब्लडप्रेशर और दिल का धड़कना भी शामिल है.
रिसर्चरों का कहना है कि उन्होंने एक ऐसे तंत्र का पता लगाया है जिसके बारे में पहले से जानकारी नहीं थी. इसके मुताबिक मोटर कॉर्टेक्स कई गांठों में मुड़ा होता है और वे दिमाग के उस हिस्सों के बीच होती हैं जिन्हें पहले से ही शरीर के खास हिस्सों मसलन हाथ, पैर और चेहरे की गतिविधियों के लिए जिम्मेदार माना जाता है. ये तब हरकत में आते हैं जब शरीर के अलग अलग हिस्सों को एक साथ काम करना होता है.
सोमैटो कॉग्निशन एक्शन नेटवर्क यानी स्कैन
रिसर्चरों ने इस तंत्र को सोमैटो कॉग्निटिव एक्शन नेटवर्क या स्कैन नाम दिया है. उन्होंने इसका सबंध दिमाग के उन हिस्सों से जोड़ा है जो लक्ष्य तय करने और कार्य योजना बनाने के लिए जाने जाते हैं.
बंदरों पर किये गये शोध में भी यह तंत्र दिमाग के उन हिस्सों के बीच मिला है जो आंतरिक अंगों से जुड़े हैं इनमें पेट और एड्रिनल ग्लैंड भी शामिल हैं. इनकी वजह से इन अंगों की गतिविधियों का स्तर किसी खास काम को करने के अनुमान के आधार पर बदल जाता है. इससे पता चलता है कि किसी कठिन काम के बारे में महज सोचने भर से ही क्यों पसीने छूट जाते हैं या फिर दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं.
मोटर कॉर्टेक्स दिमाग की सबसे बाहरी परत सेरेब्रल कॉर्टेक्स का हिस्सा है. सेंट लुई में वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में रेडियोलॉजी के प्रोफेसर इवान गोर्डन इस रिसर्च रिपोर्ट के प्रमुख लेखक हैं. यह रिसर्च रिपोर्ट नेचर जर्नल में छपी है. गॉर्डन का कहना है, "बुनियादी रूप से अब हम यह जानते हैं कि इंसान का मोटर सिस्टम अकेला नहीं है. इसकी बजाय हमारा मानना है कि दो अलग तंत्र हैं जो हमारी गतिविधियों को नियंत्रित करते हैं."
दो तंत्र हैं मानव शरीर में
गॉर्डन के मुताबिक, "एक तंत्र है हमारी अलग अलग हरकतों के लिए जैसे कि हाथ, पैर या चेहरा. यह बोलने, लिखने या ऐसी हरकतों के लिए अहम है जिसमें शरीर का सिर्फ एक हिस्सा शामिल होता है. एक दूसरा सिस्टम है स्कैन, जो ज्यादा महत्वपूर्ण और पूरे शरीर की गतिविधियों से जुड़ा हुआ है. यह दिमाग के उन हिस्सों से जुड़ा है जो ऊंचे दर्जे की योजना बनाते हैं."
वैज्ञानिकों की यह खोज शरीर और दिमाग के रिश्तों का खाका खींच देती है. वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में न्यूरोलॉजी के प्रोफेसर निको डोजेनबाख इस रिसर्च रिपोर्ट के वरिष्ठ लेखक हैं. डोजेनबाख का कहना है, "ऐसा लग रहा है कि स्कैन सिस्टम वास्तविक गतिविधियों और शरीरविज्ञान के साथ योजना बनाता है, विचार करता है और प्रेरणा देता है. यह शरीर और दिमाग क्यों अलग नहीं हैं या अलग नहीं किये जा सकते इसकी तंत्रिकीय व्याख्या करता है."
रिसर्चर आधुनिक ब्रेन इमेजिंग तकनीकों का इस्तेमाल कर करीब 9 दशक पहले तैयार किये गये उस नक्शे का परीक्षण करने की तैयारी में हैं. यह नक्शा न्यूरोसर्जन विल्डर पेनफिल्ड ने तैयार किया था जिसमें दिमाग के हिस्सों से गतिविधियों के नियंत्रण का खाका है. इनकी खोज दिखा रही है कि पेनफील्ड के नक्शे में उस समय के तकनीक की वजह से कुछ कमियां रही हैं जिनमें थोड़े बहुत बदलाव की जरूरत है.
क्या काम है दिमाग का
स्कैन की पहचान सात वयस्कों की बारीक इमेजिंग के जरिये हुई जिसमें दिमाग के संगठनात्मक गुणों का परीक्षण किया गया. इसके बाद बड़े आंकड़ों से इनकी पुष्टि की गई जब उन्हें हजारों वयस्कों के साथ जोड़ा गया. इसके बाद की गई इमेजिंग ने स्कैन सर्किट को 11 महीने और 9 साल के बच्चों में पहचाना गया. साथ ही यह भी देखा गया कि यह नवजात बच्चे में नहीं बना था. इन खोजों की सैकड़ों नवजात बच्चों और हजारों 9 साल के बच्चों में पुष्टि हुई.
इस रिसर्च से इस बात को बल मिला है कि इंसानी दिमाग के बारे में अभी और कितना जानना बाकी है. गॉर्डन का कहना है, "वास्तव में दिमाग के उद्देश्य को लेकर खूब बहस होती है. कुछ न्यूरोसाइंटिस्ट समझते हैं कि दिमाग एक अंग है जिसका प्राथमिक काम है अहमारे आसपास की दुनिया को समझना और उसकी व्याख्या करना.दूसरे मानते हैं कि यह अंग बेहतरीन आउटपुट पैदा करने के लिए है, आमतौर पर शारीरिक गतिविधी जिससे कि किसी भी परिस्थिति में अस्तित्व और उत्पत्ति के लिए शारीरिक योग्यता पैदा की जा सके."
गॉर्डन का कहना है, "संभवतया दोनों सही हैं, लेकिन स्कैन दूसरी परिभाषा के साथ ज्यादा सही बैठता है, यह पूरे शरीर की गतिविधियों के लिए लक्ष्य और कार्ययोजना तैयार करता है."
एनआर/वीके (रॉयटर्स)
हॉर्मोन आधारित सभी गर्भनिरोधक स्तन कैंसर के खतरे को थोड़ा सा बढ़ा देते हैं. इनमें केवल प्रोजेस्टोजेन से बने गर्भनिरोधक भी हैं जिनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. यह खुलासा एक ताजा अध्ययन में हुआ है.
शोधकर्ताओं का कहना है कि हॉर्मोन पर आधारित गर्भनिरोधक स्तन कैंसर के खतरे को बढ़ा सकते हैं. मंगलवार को प्रकाशित एक अध्ययन में विशेषज्ञों ने कहा है कि हॉर्मोन आधारित गर्भनिरोधकों के इस्तेमाल के वक्त स्तन कैंसर के खतरे को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए और साथ ही, ऐसा करते वक्त इनके फायदों पर भी विचार होना चाहिए जैसे कि ये महिलाओं में कई तरह के कैंसर के खतरे कम करते हैं.
अब तक हुए अध्ययनों में यह बात साबित हुई है कि दो हॉर्मोन का इस्तेमाल करके बनाए गए गर्भनिरोधक स्तन कैंसर के खतरे को बढ़ाते हैं, जो एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टोजन हैं. हाल के दिनों में सिर्फ प्रोजेस्टोजन से बनी गर्भनिरोधक गोलियों का चलन बढ़ा है. पिछले एक दशक में इसमें काफी तेजी देखी गई है. लेकिन इसे लेकर स्तन कैंसर पर कम ही अध्ययन हुए हैं.
पीएलओएस मेडिसन नामक पत्रिका में प्रकाशित इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों हॉर्मोन मिलाकर या एक ही हॉर्मोन से बने, दोनों ही तरह के गर्भनिरोधकों से स्तन कैंसर का खतरा बराबर बढ़ता है. शोध के मुताबिक हॉर्मोन आधारित गर्भनिरोधक लेने वाली महिलाओं में स्तन कैंसर होने का खतरा इन्हें ना लेने वाली महिलाओं के मुकाबले 20-30 फीसदी ज्यादा होता है. 1996 में इस संबंध में एक विस्तृत अध्ययन हुआ था जिसमें ऐसे ही निष्कर्ष सामने आए थे.
उम्र बढ़ने का असर
शोध में यह भी स्पष्ट हुआ कि गर्भनिरोधकों के इस्तेमाल के तरीके से खतरा कम या ज्यादा नहीं होता. यानी गोली खाई जाए, उसे इंजेक्शन से लिया जाए या फिर इंप्लांट कराया जाए, या किसी अन्य तरह से लिया जाए, हर मामले में स्तन कैंसर का खतरा बराबर होता है.
शोध करते वक्त विशेषज्ञों ने इस बात का भी ध्यान रखा कि आयु बढ़ने के साथ-साथ महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा बढ़ता जाता है. उन्होंने इस बात की गणना की कि बढ़ती उम्र के साथ हॉर्मोन आधारित गर्भनिरोधक लेने से खतरा कितना बढ़ता है.
इस शोध में शामिल रहीं जिलियन रीव्स ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में सांख्यिकीय महामारी विज्ञान की विशेषज्ञ हैं. वह कहती हैं, "ऐसा कोई नहीं सुनना चाहता कि जिस चीज को वे ले रही हैं, उससे स्तन कैंसर का खतरा 25 फीसदी तक बढ़ जाएगा. हम यहां पक्के खतरे में मामूली वृद्धि की बात कर रहे हैं.”
रीव्स यह भी कहती हैं कि इस खतरे को हॉर्मोन आधारित गर्भनिरोधकों के बहुत सारे फायदों के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए. वह बताती हैं, "सिर्फ गर्भ नियंत्रण ही एक फायदा नहीं है बल्कि गोलियों से महिलाओं को कई अन्य तरह के कैंसर के खतरे लंबे समय तक और पक्की सुरक्षा मिलती हैं.”
10,000 महिलाओं पर अध्ययन
इस अध्ययन में इस बात की भी पुष्टि हुई कि जब महिलाएं ये गर्भनिरोधक लेना बंद कर देती हैं तो स्तन कैंसर का खतरा घटता जाता है. लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी में प्रोफसर स्टीफन डफी, जो खुद इस शोध का हिस्सा नहीं थीं, कहती हैं कि इस निष्कर्ष से तसल्ली मिलती है कि प्रभाव बहुत ज्यादा नहीं है.
यह अध्ययन 50 वर्ष से कम आयु की करीब 10 हजार महिलाओं पर किया गया. ब्रिटेन में 1996 से 2017 के बीच यह अध्ययन चला. ब्रिटेन में सिर्फ प्रोजेस्टोजेन आधारित गर्भनिरोधकों का काफी चलन है. रीव्स कहती हैं कि इस चलन के बढ़ने की कई वजह हो सकती हैं. ये ऐसी महिलाओं को देने की सिफारिश की जाती है जो बच्चे को दूध पिला रही हों, 35 वर्ष से ऊपर की हों और धूम्रपान करती हों या फिर जिन्हें दिल संबंधी बीमारियां होने का खतरा हो.
रीव्स ने कहा, "ऐसा इसलिए भी हो सकता है कि महिलाएं बाद के वर्षों में हॉर्मोन आधारित गर्भनिरोधक ले रही हों. इसलिए वे तो कुदरती रूप से ही ऐसी चीजों के खतरे में हो सकती हैं जो गर्भनिरोधकों के साथ मिलकर खतरे को बढ़ा दें.”
वीके/एए (एएफपी)
एक नए अध्ययन के मुताबिक फुटबॉल खिलाड़ियों को अल्जाइमर रोग और डिमेंशिया का खतरा अधिक होता है.
एक नए अध्ययन के मुताबिक फुटबॉल खिलाड़ियों को अल्जाइमर रोग और अन्य प्रकार के मनोभ्रंश का खतरा अधिक होता है. हालांकि, गोलकीपरों को इस तरह के तंत्रिका संबंधी विकारों के प्रति कुछ हद तक प्रतिरक्षित दिखाया गया है.
मेडिकल जर्नल द लांसेट में प्रकाशित एक नए अध्ययन के मुताबिक सामान्य आबादी की तुलना में बड़ी प्रतियोगिताओं या टीमों में खेलने वाले फुटबॉल खिलाड़ियों में डिमेंशिया विकसित होने की संभावना अधिक होती है.
डिमेंशिया एक ऐसी बीमारी है जिससे याददाश्त लगभग खत्म हो जाती है. डिमेंशिया के शुरुआती चरण भूलने की बीमारी से शुरू होते हैं, व्यक्ति समय का क्रम भूलने लगता है और परिचित जगहों को याद नहीं रख पाता है. चिंता और अवसाद भी शुरुआती संकेत के रूप में काम कर सकते हैं, खासकर युवा रोगियों के लिए.
इस नए शोध का विवरण मेडिकल जर्नल द लांसेट में प्रकाशित हुआ है. इसने 1924 और 2019 के बीच 56,000 से अधिक फुटबॉल के अलावा अन्य खेलों के खिलाड़ियों के साथ 6,000 से अधिक शीर्ष-स्तरीय स्वीडिश पुरुष फुटबॉल खिलाड़ियों के मेडिकल रिकॉर्ड की तुलना की.
स्वीडन में कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट के शोधकर्ताओं ने पाया कि फुटबॉलरों को नियंत्रण समूह की तुलना में अल्जाइमर रोग और अन्य प्रकार के मनोभ्रंश विकसित होने की संभावना डेढ़ गुना अधिक थी.
कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट के पेटर उएडा ने इस शोध का नेतृत्व किया. उनका कहना है कि यह दर्शाता है कि बड़े पुरुष खिलाड़ी डिमेंशिया विकसित करने के "महत्वपूर्ण जोखिम" पर हैं.
इस अध्ययन के मुताबिक क्योंकि गोलकीपरों को शायद ही कभी गेंद को सिर से मारने की आवश्यकता होती है, वे इसके प्रति प्रतिरक्षित हैं.
"गोलकीपर को खतरा कम"
पेटर उएडा ने कहा, "एक परिकल्पना यह है कि बार-बार बॉल को सिर से मारना खिलाड़ियों को अधिक जोखिम में डालते हैं और मैदान पर गोलकीपरों और खिलाड़ियों के बीच के अंतर को देखते हुए इस सिद्धांत का समर्थन करता है."
यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के मनोरोग प्रोफेसर गिल लिविंगस्टन ने कहा, "उच्च गुणवत्ता वाले शोध" ने "ठोस सबूत" जोड़े हैं कि जिन फुटबॉलरों के सिर गेंद के संपर्क में ज्यादा आते हैं उनमें डिमेंशिया का खतरा अधिक होता है.
लिविंगस्टन भी अनुसंधान में शामिल थे. उन्होंने कहा, "हमें लोगों के सिर और दिमाग की रक्षा के लिए काम करते हुए खेलते रहने की जरूरत है."
अध्ययन में एएलएस जैसे मोटर न्यूरॉन रोगों का कोई बढ़ा हुआ जोखिम नहीं पाया गया और फुटबॉलरों में पार्किंसंस रोग का जोखिम भी कम पाया गया.
हालांकि पेटर उएडा ने आगाह किया कि अवलोकन संबंधी अध्ययन यह दिखाने में सक्षम नहीं है कि फुटबॉल खेलने से सीधे तौर पर डिमेंशिया होता है और इसके निष्कर्षों को महिला, शौकिया या युवा फुटबॉल खिलाड़ियों पर लागू नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए और अधिक उपाय किए जाने के लिए अब अधिक से अधिक आवाजें उठ रही हैं और हमारा शोध ऐसे जोखिमों को सीमित करने में निर्णायक रूप से मदद कर सकता है."
सिर में चोट का विवाद
हाल के वर्षों में खेल के दौरान सिर की चोटों और खेल करियर के अंत के बाद उनके दुष्प्रभावों पर बहुत शोध हुआ है. विशेष रूप से रग्बी और अमेरिकी फुटबॉल पर काफी शोध किया गया है.
पिछले साल ग्लासगो विश्वविद्यालय के नेतृत्व में एक अध्ययन में पाया गया कि पूर्व रग्बी खिलाड़ियों में सामान्य आबादी की तुलना में मोटर न्यूरॉन रोग विकसित होने की संभावना 15 गुना अधिक थी.
नेशनल फुटबॉल लीग के 111 मृत पूर्व खिलाड़ियों के 2017 के बॉस्टन विश्वविद्यालय के अध्ययन में जिन्होंने अपना दिमाग दान किया था, उनमें क्रोनिक ट्रॉमैटिक एन्सेफैलोपैथी (सीटीई) जैसी बीमारियों के सबूत थे. सीटीई सिर की कई चोटों के बाद विकसित होता है और व्यवहारिक परिवर्तनों के साथ दीर्घकालिक डिमेंशिया का कारण बन सकता है.
एए/वीके (एएफपी, डीपीए)
(जेनिफर वीक्स, द कन्वर्सेशन)
मेलबर्न, 9 मार्च। अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी पीने के पानी में दो फ्लोरिनेटेड रसायनों को सीमित करने के लिए एक मसौदा विनियमन जारी करने की तैयारी कर रही है, जिन्हें संक्षेप में पीएफओए और पीएफओएस कहा जाता है। ये रसायन दो प्रकार के पीएफएएस हैं, पदार्थों का एक व्यापक वर्ग जिसे अक्सर "हमेशा का रसायन" कहा जाता है क्योंकि वे पर्यावरण में स्थायी होते हैं।
पीएफएएस का व्यापक रूप से सैकड़ों उत्पादों में उपयोग किया जाता है, नॉनस्टिक कुकवेयर कोटिंग्स से लेकर खाद्य पैकेजिंग, दाग-धब्बों और पानी प्रतिरोधी कपड़ों और अग्निशमन फोम तक। अध्ययनों से पता चलता है कि पीएफएएस के उच्च स्तर से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ सकता है जिसमें प्रतिरक्षा प्रणाली के कार्य में कमी, कोलेस्ट्रॉल के स्तर में वृद्धि और गुर्दे या वृषण कैंसर का उच्च जोखिम शामिल है।
पिछले 20 वर्षों में जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग से पता चलता है कि अधिकांश अमेरिकियों में पीएफएएस पाया गया है और उनके रक्त में इसका स्तर पता लगने योग्य हैं। नया नियम सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए एक लागू करने योग्य अधिकतम मानक निर्धारित करके डिज़ाइन किया गया है, जिसमें यह तय किया गया है कि पीने के पानी में दो लक्षित रसायनों में से कितना हो सकता है।
द कन्वरसेशन के अभिलेखागार के ये तीन लेख पीएफएएस के संपर्क में आने के स्वास्थ्य प्रभावों के बारे में बढ़ती चिंताओं की व्याख्या करते हैं और बताते हैं कि क्यों कई विशेषज्ञ इन रसायनों के राष्ट्रीय विनियमन का समर्थन करते हैं।
1. सर्वव्यापी और हमेशा
पीएफएएस कई प्रकार के उत्पादों में उपयोगी होते हैं क्योंकि वे पानी, ग्रीस और दागों को प्रतिरोध प्रदान करते हैं और आग से बचाते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि अधिकांश उत्पाद जिन पर दाग-धब्बे या पानी प्रतिरोधी का लेबल लगा होता है उनमें पीएफएएस होता है - भले ही उन उत्पादों पर "नॉन-टॉक्सिक" या "ग्रीन" का लेबल लगा हो।
मिडिलबरी कॉलेज के पर्यावरणीय स्वास्थ्य विद्वान कैथरीन क्रॉफोर्ड ने लिखा, "एक बार जब लोग पीएफएएस के संपर्क में आ जाते हैं, तो रसायन उनके शरीर में लंबे समय तक - महीनों से लेकर सालों तक - रहता है और वे समय के साथ बढ़ सकते हैं।" मनुष्यों में पीएफएएस विषाक्तता अध्ययन की 2021 की समीक्षा "इस निश्चित निष्कर्ष के साथ संपन्न हुई कि पीएफएएस थायरॉयड रोग, उच्च कोलेस्ट्रॉल, यकृत की क्षति और गुर्दे और वृषण कैंसर में योगदान देता है।"
समीक्षा में इस बात के भी पुख्ता सबूत मिले कि गर्भाशय में पीएफएएस के संपर्क में आने से बच्चों के जन्म के समय वजन कम होने की संभावना बढ़ जाती है और टीकों के लिए प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया कम हो जाती है। अभी तक पुष्टि किए जाने वाले अन्य संभावित प्रभावों में "आंत्र रोग, कम प्रजनन क्षमता, स्तन कैंसर और गर्भपात की संभावना में वृद्धि और गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्तचाप और प्रिक्लेम्प्शिया विकसित करना शामिल है।"
क्रॉफर्ड के अनुसार, "सामूहिक रूप से, यह बीमारियों और विकारों की एक दुर्जेय सूची है," ।
2. राष्ट्रीय विनियमों की आवश्यकता क्यों है
सुरक्षित पेयजल अधिनियम के तहत, पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के पास पीने के पानी के प्रदूषकों के लिए लागू करने योग्य राष्ट्रीय नियम निर्धारित करने का अधिकार है। पीने के पानी की आपूर्ति का प्रबंधन करने वाले प्राधिकारों को दूषित पदार्थों की उपस्थिति जांचने के उद्देश्य से सार्वजनिक जल प्रणालियों की निगरानी करने की आवश्यकता हो सकती है।
हालांकि, अब तक, एजेंसी ने पीएफएएस जोखिम को सीमित करने वाले बाध्यकारी मानकों को निर्धारित नहीं किया है, पर इसने गैर-बाध्यकारी सलाहकार दिशानिर्देश जारी किए हैं। 2009 में एजेंसी ने प्रति खरब भाग पीने के पानी में पीएफओए के 400 भाग के लिए एक स्वास्थ्य सलाहकार स्तर की स्थापना की। 2016 में, इसने इस सिफारिश को प्रति खरब में 70 भाग तक कम कर दिया और 2022 में इस सीमा को घटाकर लगभग शून्य कर दिया।
3. पीएफएएस को तोड़ना
पीएफएएस रसायन दुनिया भर में पानी, हवा, मिट्टी और मछली में व्यापक रूप से मौजूद हैं। कुछ अन्य प्रकार के प्रदूषकों के विपरीत, कोई प्राकृतिक प्रक्रिया नहीं है जो पानी या मिट्टी में मिलने के बाद पीएफएएस को तोड़ देती है। कई वैज्ञानिक इन रसायनों को पर्यावरण से पकड़ने और उन्हें हानिरहित घटकों में तोड़ने के तरीके विकसित करने के लिए काम कर रहे हैं।
पीएफएएस को पानी से फिल्टर करने के कई तरीके हैं, लेकिन यह सिर्फ शुरुआत है। "एक बार पीएफएएस पकड़ में आ जाता है, तो आपको पीएफएएस लोडेड सक्रिय कार्बन का निपटान करना पड़ता है, और पीएफएएस अभी भी घूमता रहता है। यदि आप दूषित सामग्री को लैंडफिल या अन्य जगहों पर दबाते हैं, तो पीएफएएस अंततः बाहर निकल जाएगा। इसलिए इसे नष्ट करने के तरीके खोजना आवश्यक है, ”मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी के रसायनविद् ए. डैनियल जोन्स और हुई ली ने ऐसा लिखा है।
उन्होंने समझाया, भस्मीकरण सबसे आम तकनीक है, लेकिन इसके लिए आमतौर पर सामग्री को लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस (2,730 डिग्री फ़ारेनहाइट) तक गर्म करने की आवश्यकता होती है, जो महंगा है और इसके लिए विशेष भस्मक की आवश्यकता होती है। विभिन्न रासायनिक प्रक्रियाएं विकल्प प्रदान करती हैं, लेकिन अब तक जो दृष्टिकोण विकसित किए गए हैं, उन्हें बढ़ाना कठिन है। और पीएफएएस को विषैले उप-उत्पादों में परिवर्तित करना एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है।
जोन्स और ली के अनुसार, “अगर कोई सबक सीखना है, तो वह यह है कि हमें उत्पादों के पूरे जीवन चक्र पर विचार करने की आवश्यकता है। हमें वास्तव में कितने समय तक चलने वाले रसायनों की आवश्यकता है?" (द कन्वरसेशन)
द कन्वरसेशन एकता एकता 0903 1718 मेलबर्न
नयी दिल्ली, 9 मार्च (भाषा)। न्यूरोलॉजिस्ट एम. वी. पद्मा श्रीवास्तव का कहना है कि आघात (स्ट्रोक) भारत में मौत का दूसरा सबसे आम कारण है और देश में हर चार मिनट में इससे एक व्यक्ति की मौत होती है।
श्रीवास्तव ने एक कार्यक्रम में कहा कि आघात के 68.6 प्रतिशत मामले और इससे मौत के 70.9 प्रतिशत मामले भारत में सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि जब मस्तिष्क में कोई रक्त वाहिका फट जाती है और उससे खून बहने लगता है या मस्तिष्क को खून की आपूर्ति में रुकावट आती है तो ‘स्ट्रोक’ की समस्या होती है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सर गंगा राम अस्पताल में आयोजित एक व्याख्यान में कहा, ‘‘भारत में मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण आघात है। भारत में हर साल आघात के लगभग 1,85,000 मामले सामने आते हैं, हर 40 सेकंड में आघात का लगभग एक मामला सामने आता है और हर चार मिनट में यह बीमारी एक व्यक्ति की जान लेती है।’’
श्रीवास्तव ने कहा कि ये आंकड़े भारत के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इन चिंताजनक आंकड़ों के बावजूद कई भारतीय अस्पतालों में आघात के मरीजों का शीघ्र और बेहतर ढंग से इलाज करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे और संसाधनों की कमी है।
यह कार्यक्रम अस्पताल के अनुसंधान विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।
(बेन सिंह, कैरोल माहेर और जैसिंटा ब्रिंसले, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय)
सिडनी, 2 मार्च। दुनिया वर्तमान में एक मानसिक स्वास्थ्य संकट से जूझ रही है, जिसमें लाखों लोग अवसाद, चिंता और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं। हाल के अनुमानों के अनुसार, सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों में से लगभग आधे अपने जीवनकाल में किसी समय मानसिक स्वास्थ्य विकार का अनुभव करते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य विकार की पीड़ित व्यक्ति और संबद्ध समाज दोनों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है, साथ ही अवसाद और चिंता स्वास्थ्य संबंधी बीमारी के बोझ के प्रमुख कारणों में से हैं।
कोविड महामारी इस स्थिति को और बिगाड़ रही है, मनोवैज्ञानिक तनाव की दरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और यह एक तिहाई लोगों को प्रभावित कर रहा है।
हालांकि इसके उपचार में पारंपरिक उपचार जैसे चिकित्सा और दवा प्रभावी हो सकते हैं, हमारा नया शोध इन स्थितियों के प्रबंधन में व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालता है।
ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित हमारे हालिया अध्ययन ने अवसाद, चिंता और मनोवैज्ञानिक संकट पर शारीरिक गतिविधि के प्रभावों की जांच करने वाले 1,000 से अधिक शोध परीक्षणों की समीक्षा की। इसने दिखाया कि व्यायाम मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के इलाज का एक प्रभावी तरीका है - और यह दवा या परामर्श से भी अधिक प्रभावी हो सकता है।
कठिन, तेज, मजबूत
हमने 97 समीक्षा पत्रों की समीक्षा की, जिसमें 1,039 परीक्षण और 128,119 प्रतिभागी शामिल थे। हमने पाया कि हर हफ्ते 150 मिनट विभिन्न प्रकार की शारीरिक गतिविधि (जैसे तेज चलना, वजन उठाना और योग करना) सामान्य देखभाल (जैसे दवाएं) की तुलना में अवसाद, चिंता और मनोवैज्ञानिक संकट को काफी कम कर देता है।
सबसे बड़ा सुधार (प्रतिभागियों द्वारा स्व-रिपोर्ट के अनुसार) अवसाद, एचआईवी, गुर्दे की बीमारी, गर्भवती और प्रसवोत्तर महिलाओं में और स्वस्थ व्यक्तियों में देखा गया, हालांकि सभी आबादी के लिए स्पष्ट लाभ देखा गया।
हमने पाया कि व्यायाम की तीव्रता जितनी अधिक होती है, उतना ही अधिक लाभदायक होता है। उदाहरण के लिए, सामान्य गति से चलने के बजाय तेज गति से चलना। और कम अवधि के बजाय छह से 12 सप्ताह तक व्यायाम करने से सबसे अधिक लाभ होता है। मानसिक स्वास्थ्य में सुधार बनाए रखने के लिए लंबे समय तक व्यायाम करना महत्वपूर्ण है।
कितना अधिक प्रभावी?
पिछली व्यवस्थित समीक्षाओं से मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों के लिए अन्य सामान्य उपचारों के लिए व्यायाम के लाभों के आकार की तुलना करते समय, हमारे निष्कर्ष बताते हैं कि व्यायाम दवा या संज्ञानात्मक व्यवहार थेरेपी की तुलना में लगभग 1.5 गुना अधिक प्रभावी है।
इसके अलावा, दवाओं की तुलना में व्यायाम के अतिरिक्त लाभ हैं, जैसे कम लागत, कम दुष्प्रभाव और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अतिरिक्त लाभ की पेशकश, जैसे कि सही वजन, बेहतर हृदय और हड्डियों का स्वास्थ्य, और संज्ञानात्मक लाभ।
यह कैसे प्रभावी है
माना जाता है कि व्यायाम कई तरीकों से और छोटे और दीर्घकालिक प्रभावों के साथ मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। व्यायाम के तुरंत बाद, मस्तिष्क में एंडोर्फिन और डोपामाइन का स्राव होता है।
अल्पावधि में, यह मूड को बेहतर करने और तनाव को कम करने में मदद करता है। लंबे समय तक, व्यायाम के बाद न्यूरोट्रांसमीटर के रिलीज होने से मस्तिष्क में परिवर्तन को बढ़ावा मिलता है जो मूड को बेहतर करने और अनुभूति में मदद करती है, प्रदाह को कम करती है, और प्रतिरक्षा को बढ़ावा देती है, जो सभी हमारे मस्तिष्क के कार्य और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं।
नियमित व्यायाम से नींद में सुधार हो सकता है, जो अवसाद और चिंता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके मनोवैज्ञानिक लाभ भी हैं, जैसे आत्म-सम्मान में वृद्धि और उपलब्धि की भावना, ये सभी अवसाद से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद हैं।
ऐसा 'वैकल्पिक' इलाज नहीं
शोध के निष्कर्ष अवसाद, चिंता और मनोवैज्ञानिक संकट के प्रबंधन के लिए व्यायाम की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हैं।
कुछ नैदानिक दिशानिर्देश पहले से ही व्यायाम की भूमिका को स्वीकार करते हैं - उदाहरण के लिए, ऑस्ट्रेलियाई और न्यूजीलैंड नैदानिक दिशानिर्देश, दवा, मनोचिकित्सा और जीवनशैली में परिवर्तन जैसे व्यायाम का सुझाव देते हैं।
हालांकि, अन्य प्रमुख निकाय, जैसे कि अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन क्लीनिकल प्रैक्टिस दिशानिर्देश, अकेले दवा और मनोचिकित्सा पर जोर देते हैं, और "वैकल्पिक" उपचार के रूप में एक्यूपंक्चर जैसे उपचार के समान श्रेणी में व्यायाम को सूचीबद्ध करते हैं।
जब उपचार की बात आती है तो "वैकल्पिक" का अर्थ कई चीजें हो सकती है, यह सुझाव देता है कि यह परंपरागत चिकित्सा से अलग होती है, या इसका कोई स्पष्ट साक्ष्य आधार नहीं है। मानसिक स्वास्थ्य के लिए व्यायाम के मामले में इनमें से कोई भी बात सही नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया में भी, दवा और मनोचिकित्सा आमतौर पर व्यायाम की तुलना में अधिक निर्धारित होते हैं। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि क्लिनिकल सेटिंग्स में व्यायाम को निर्धारित करना और निगरानी करना कठिन है। और रोगी इसका विरोध कर सकते हैं क्योंकि वे ऊर्जा या प्रेरणा में कम महसूस करते हैं।
लेकिन 'इसे अकेले मत करें'
यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि जबकि व्यायाम मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों के प्रबंधन के लिए एक प्रभावी उपकरण हो सकता है, मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति वाले लोगों को एक व्यापक उपचार योजना विकसित करने के लिए एक स्वास्थ्य पेशेवर के साथ काम करना चाहिए।
एक उपचार योजना में मनोचिकित्सा और दवा जैसे उपचारों के साथ-साथ नियमित रूप से व्यायाम करना, संतुलित आहार खाना, और सामाजिकता जैसे जीवन शैली दृष्टिकोणों का संयोजन शामिल हो सकता है।
लेकिन व्यायाम को सिर्फ एक अच्छे विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों के प्रबंधन के लिए एक शक्तिशाली और सुलभ उपकरण है - और सबसे अच्छी बात यह है कि यह मुफ़्त है और बहुत सारे अतिरिक्त स्वास्थ्य लाभों के साथ आता है। (द कन्वरसेशन)
द कन्वरसेशन एकता एकता 0203 1128 सिडनी
कोपेनहेगन, 18 फरवरी | विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और आर्थिक सह-संगठन संचालन और विकास (ओईसीडी) द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, शारीरिक गतिविधि में वृद्धि से जहां बड़ी संख्या में जीवन बचाया जा सकता है, वहीं यूरोपीय संघ (ईयू) में स्वास्थ्य देखभाल लागत में सालाना अरबों यूरो की बचत भी की जा सकती है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया गया है कि डब्ल्यूएचओ द्वारा अनुशंसित न्यूनतम स्तर तक शारीरिक गतिविधि बढ़ाने से 2050 तक गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के 11.5 मिलियन नए मामलों को रोका जा सकता है, हजारों अनावश्यक मौतों से बचा जा सकता है, और स्वास्थ्य देखभाल लागत में सालाना यूरोपीय संघ का अरबों यूरो बच सकता है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य पर ओईसीडी कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे मिशेल सेचिनी ने कहा हमारा मॉडलिंग अध्ययन स्पष्ट रूप से दिखाता है कि शारीरिक गतिविधि का स्तर बढ़ाना न केवल स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, यह किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक प्रभाव पैदा करेगा।
रिपोर्ट के अनुसार प्रति सप्ताह 150 मिनट की मध्यम-तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि की डब्ल्यूएचओ की सिफारिश के पालन से यूरोपीय संघ के नागरिक हर साल इस क्षेत्र में 10 हजार से अधिक समय से पहले होने वाली मौतों को रोकेंगेञ
रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय संघ के देशों से अपेक्षा की जाती है कि यदि वे पूरी आबादी के बीच शारीरिक निष्क्रियता के मुद्दे का समाधान करते हैं, तो वे अपने स्वास्थ्य देखभाल बजट का औसतन 0.6 प्रतिशत बचा सकते हैं। यह लगभग 8 बिलियन यूरो सालाना है।
यूरोप में डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय निदेशक हैंस क्लूज ने कहा, रिपोर्ट इस बात का सबूत देती है कि शारीरिक गतिविधि को बढ़ावा देने वाली नीतियों में निवेश करने से न केवल व्यक्तिगत भलाई और जनसंख्या स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि आर्थिक लाभांश भी मिलता है।
हालांकि, अध्ययन में यह भी सामने आया है कि यूरोपीय संघ में हर तीसरा व्यक्ति पर्याप्त मात्रा में शारीरिक गतिविधि में संलग्न नहीं होता है। 45 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि वे कभी व्यायाम नहीं करते या खेल नहीं खेलते। पर्याप्त शारीरिक गतिविधि का सबसे अधिक बोझ जर्मनी, इटली और फ्रांस में पाया जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि शारीरिक निष्क्रियकता चार सबसे घातक रोगों का कारण बना रहा है। इनमें हृदय रोग, कैंसर, पुरानी सांस की बीमारियां व मधुमेह शामिल है। (आईएएनएस)|
भारतीय उपभोक्ताओं पर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है. एक रिपोर्ट बताती है कि 90 फीसदी लोगों ने कोई चीज इसलिए खरीदी क्योंकि किसी इंफ्लुएंसर ने उसकी सिफारिश की थी .

पढ़ें डॉयचे वैले पर विवेक कुमार की रिपोर्ट-
सोशल मीडिया पर इंफ्लुएंसर की भूमिका निभाने वाली हस्तियों के कहे का भारतीय उपभोक्ताओं पर बहुत भारी असर होता है. एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया की ताजा रिपोर्ट कहती है कि 70 प्रतिशत भारतीय उपभोक्ता कोई उत्पाद इसलिए खरीद लेते हैं क्योंकि किसी इंफ्लुएंसर ने उनकी सिफारिश की है.
काउंसिल की सालाना रिपोर्ट में भारत में विज्ञापन और उपभोक्ता के आपसी संबंधों के बारे में कई दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं. रिपोर्ट कहती है कि हर दस में से सात उपभोक्ता इंफ्लुएंसर की सिफारिश पर अमल करते हैं जबकि जिन लोगों ने सर्वे में हिस्सा लिया उनमें से 90 प्रतिशत लोग ऐसे थे जिन्होंने कम से कम एक चीज ऐसी खरीदी जिसे किसी इंफ्लुएंसर ने प्रमोट किया था.
18 शहरों में सर्वे
काउंसिल ने देशभर के 18 शहरों में 820 लोगों पर सर्वेक्षण के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है. इन शहरों में महानगरों के अलावा छोटे और मध्यम दर्जे के शहर भी शामिल थे. रिपोर्ट के मुताबिक इंफ्लुएंसर की सिफारिशों का असर क्यों हो रहा है, इसका सबसे अहम कारण ब्रैंड के साथ जुड़ाव के मामले में पारदर्शिता और ईमानदारी रही. दूसरे नंबर पर उत्पाद से जुड़े निजी अनुभवों को साझा करना रहा.
यूट्यूब की मदद से बॉलीवुड के अपने सपनों को जी रहे हैं इस गांव के लोग
इंफ्लुएंसर ट्रस्ट रिपोर्ट नाम से जारी यह सर्वे कहता है कि पारदर्शिता की कमी, सामग्री का दोहराव और जरूरत से ज्यादा प्रमोशन लोगों को बुरा लगा और ऐसे मामलों में वे उत्पाद से दूर हो गए.
इस रिपोर्ट में पता चला है कि उत्पाद बेचने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ब्रैंड्स के बीच हो रही साझेदारियों का फायदा दोनों को ही हो रहा है. सर्वे में शामिल 58 प्रतिशत लोगों ने कहा कि ब्रैंड से जुड़ने पर कोई इंफ्लुएंसर ज्यादा विश्वसनीय हो जाता है जबकि 64 फीसदी उपभोक्ताओं का मानना था कि किसी इंफ्लुएंसर से जुड़ने पर ब्रैंड ज्यादा भरोसेमंद हो जाता है.
सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाले 79 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों को भरोसेमंद मानते हैं. इनमें से 30 फीसदी लोग तो पूरा भरोसा करते हैं जबकि बाकी 49 फीसदी को "कुछ हद तक भरोसा” है.
विज्ञापनों पर भारतीय उपभोक्ताओं को खासा भरोसा है. 91 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे विज्ञापनों पर भरोसा करते हैं. इनमें से 42 प्रतिशत को तो पूरा भरोसा है जबकि बाकी 49 प्रतिशत कुछ हद तक भरोसा करते हैं.
तेजी से बढ़ता असर
दस साल पहले तक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नाम का कोई पेशा या उद्योग भारतीय बाजार में मौजूद नहीं था जबकि अब यह कुछ सबसे तेजी से बढ़ते उद्योगों में से एक बन चुका है. हाल के सालों में उपभोक्ता और ब्रैंड दोनों ही फिल्म और अन्य क्षेत्रों की मशहूर हस्तियों के बजाय सोशल मीडिया पर मशहूर हुए और बड़ी फॉलोइंग वाले लोगों के पास जा रहे हैं.
इसकी वजह यह भी है कि लोग अब सोशल मीडिया पर अन्य माध्यमों से ज्यादा वक्त बिता रहे हैं. दस में से छह लोगों ने कहा कि वे दिन में कम से कम दो घंटे सोशल मीडिया पर गुजार रहे हैं. 61 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उन्होंने तीन या उससे ज्यादा चीजें इसलिए खरीदी क्योंकि किसी इंफ्लुएंसर ने उनकी तारीफ की थी.
इंफ्लुएंसर से प्रभावित होने वाले लोगों में 25 से 44 वर्ष के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा थी. इंफ्लुएंसर के प्रभाव का फायदा स्थापित कंपनियों को ही नहीं नए ब्रैंड्स को भी हुआ है. नए उत्पादों को बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए ही खोजा.
विज्ञापन परिषद ने मई 2021 में सोशल मीडिया इंफ्लुएस गाइडलाइन जारी की थी. काउंसिल की रिपोर्ट कहती है कि उसके बाद उसे 2,767 शिकायतें मिली हैं. नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन इंस्टाग्राम (58 फीसदी) पर हुआ. उसके बाद यूट्यूब (33), ट्विटर (7) और फेसबुक (2) का नंबर है.
एंटीबायोटिक दवाएं संक्रमण के इलाज में शुरुआती जरिया मानी जाती हैं. इनका अंधाधुंध इस्तेमाल पूरी दुनिया के लिए बड़ा खतरा है. इसके कारण बैक्टीरिया, संक्रमण का इलाज करने वाली दवाओं से जीतने की ताकत विकसित कर लेते हैं.
भारत और चीन में बेकार पानी और उसे साफ करके पीने के पानी में बदलने वाले ट्रीटमेंट प्लांट, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) पैदा करने का बड़ा ठिकाना बन रहे हैं. इसकी वजह है, पानी में एंटीबायोटिक की मौजूदगी. यह जानकारी "दी लैंसेट प्लानेट्री" में छपे एक हालिया शोध में सामने आई है.इस रिसर्च के ऑथर हैं- नदा हाना, प्रोफेसर अशोक जे तामहंकर और प्रोफेसर सेसिलिया स्टाल्सबी लुंडबोर्ग.
रिसर्च के लिए चीन और भारत समेत कई जगहों पर पानी के नमूने जमा किए गए.इनमें वेस्टवॉटर और ट्रीटमेंट प्लांट्स से लिए गए पानी के नमूने भी थे. जांच में पाया गया कि कई जगहों के पानी में एंटीबायोटिक की मौजूदगी अधिकतम सीमा से ज्यादा है. चीन में एएमआर की स्थिति पैदा करने का सबसे ज्यादा जोखिम नल के पानी में पाया गया. इसमें सिप्रोफ्लोएक्सिन की काफी मौजूदगी मिली.
कारगर नहीं हैं वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्लांट
भारत जैसे देशों में शहरी इलाकों में आमतौर पर नगर निगम और नगरपालिकाएं लोगों को नल के पानी की आपूर्ति करती हैं. इस पानी को पहले ट्रीटमेंट प्लांट में साफ किया जाता है. प्लांट तक पहुंचने वाले पानी में कई स्रोतों का योगदान होता है. मसलन, अस्पताल, मवेशीपालन की जगहें, दवा बनाने वाली जगहों से निकलने वाला पानी.
इस पानी में मौजूद एंटीबायोटिक अगर ट्रीटमेंट प्लांट से होकर गुजरने के बाद भी मौजूद रहा, तो सप्लाई होने वाले पानी में भी एंटीबायोटिक होगा. लोग पीने, मवेशियों को पिलाने जैसे कामों में इस पानी का इस्तेमाल करेंगे. इससे एमएमआर का जोखिम बढ़ेगा. इस रिसर्च से यह भी पता चलता है कि ट्रीटमेंट प्लांट की मौजूदा व्यवस्थाएं ऐसे तत्वों को हटाने में असरदार साबित नहीं हो रही हैं. ऐसे में मौजूदा ढांचे को और कारगर बनाने की जरूरत है.
पशुपालन में भी सख्त नियमों की जरूरत
इसके अलावा मवेशीपालन भी एएमआर का बड़ा जरिया बन रहा है. गाय, मुर्गा और सूअर जैसे मांस और दूध के लिए पाले जाने वाले जानवरों को बड़े स्तर पर एंटीमाइक्रोबियल दवाएं दी जाती हैं. यूरोप के कई देशों में इससे निपटने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं, जिनसे मदद भी मिल रही है. 2021 में यूरोपियन फूड सेफ्टी अथॉरिटी (ईएफएसए) ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि मवेशियों को एंटीबायोटिक दिए जाने में कमी आई है.
2016 से 2018 के बीच मांस और डेयरी के लिए पाले जाने वाले जानवरों में पॉलीमिक्सिन श्रेणी के एंटीबायोटिक्स का इस्तेमाल करीब 50 फीसदी तक कम हुआ है. लेकिन भारत और चीन जैसे विकासशील देशों में अभी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. 2019 में साइंस जर्नल में एएमआर से जुड़ी एक रिसर्च में अनुशंसा की गई थी कि ये देश मवेशीपालन में एंटीबायोटिक के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने के लिए जल्द-से-जल्द प्रभावी कदम उठाएं.
भारत के लिए गंभीर स्थिति
एएमआर पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा खतरा है. इसके कारण अकेले 2019 में ही दुनियाभर में करीब 50 लाख लोगों की मौत हुई. जानकारों का कहना है कि भारत एएमआर से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में है. 2016 में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, एएमआर के कारण भारत में हर साल करीब 60 हजार नवजात बच्चों की मौत हो रही है. इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 में केवल 43 फीसदी न्यूमोनिया के मामलों को ही शुरुआती स्तर (फर्स्ट लाइन) के एंटीबायोटिक्स से ठीक किया जा सका. 2016 में यह आंकड़ा 65 फीसदी था.
एएमआर के घातक जोखिम के मद्देनजर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2015 में इस विषय पर वैश्विक रणनीति की घोषणा की थी. भारत भी 2017 में इसपर एक नेशनल ऐक्शन प्लान लाया. इसके अंतर्गत राज्य सरकारों को प्रदेश स्तर पर एक रणनीति बनाने की सलाह दी गई. लेकिन "डाउन टू अर्थ" की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2022 तक केवल तीन ही राज्य अपनी कार्य योजना ला पाए हैं.
आईएएनएस लाइफ
नई दिल्ली, 17 नवंबर । यदि आप दिल्ली में रहते हैं, तो आप शायद शहर में बढ़ते प्रदूषण के स्तर से वाकिफ होंगे। लंबे समय तक या बार-बार वायु प्रदूषकों के उच्च स्तर के संपर्क में आने से आपकी त्वचा को गंभीर नुकसान हो सकता है।
चूंकि दिल्ली लगातार स्मॉग की चपेट में आ रही है और हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंच रही है, अगर उचित देखभाल नहीं की गई तो हवा में हानिकारक प्रदूषक आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। आपकी त्वचा को कठोर प्रदूषकों से बचाने के लिए, सेटाफिल के संवेदनशील त्वचा विशेषज्ञों की एक टीम यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ सुझाव साझा करती है कि हमारी त्वचा अपना पोषण खो न दे।
एयर प्यूरीफायर: अपने लिए एक अच्छे एयर प्यूरीफायर में निवेश करें। चूंकि अधिकांश एलर्जी धूल से होती है, एक अच्छी गुणवत्ता वाला वायु शोधक घर के वातावरण को साफ करने और धूल और अन्य हानिकारक कणों को हटाने में मदद करने के लिए आदर्श है।
अच्छी स्वच्छता रखे: हमेशा हर काम के बाद और अपनी त्वचा को छूने से पहले अपने हाथों को अच्छी तरह धो लें। अपने कपड़े दिन में कम से कम दो बार बदलें और सुनिश्चित करें कि आप अपनी त्वचा से सभी प्रदूषकों को हटाने के लिए नियमित रूप से स्नान करें।
त्वचा को पोषण दें: बढ़ते प्रदूषण और मौसमी बदलावों के कारण आपकी त्वचा को नुकसान हो सकता है, जिससे यह अधिक संवेदनशील हो जाती है और जलन और एलर्जी के प्रति संवेदनशील हो जाती है। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में त्वचा की नमी की पतली या कमजोर बाधा हो सकती है, जो जलन पैदा करने वाले तत्वों को घुसने देती है और हाइड्रेशन को बाहर निकलने देती है। सुनिश्चित करें कि संवेदनशील त्वचा की लचीलापन में सुधार करने के लिए आपकी त्वचा अच्छी तरह से पोषित और मॉइस्चराइज है। बाहर निकलते समय, हमेशा सेटाफिल मॉइस्चराइजिंग क्रीम जैसा मॉइश्चराइजर साथ रखें जो चिड़चिड़ी त्वचा को शांत कर सकता है और तीव्र नमी प्रदान कर सकता है।
बाहरी समय सीमित करें: वायु गुणवत्ता पर नजर रखना सुनिश्चित करता है कि आप अपने बाहरी समय का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। सुबह टहलने के लिए जाएं जब हवा ताजी हो और अपने दिन और कार्यों की योजना बनाएं ताकि बाहर कई यात्राएं करने से बचें। इसके अलावा, सनस्क्रीन लगाना न भूलें क्योंकि खतरनाक हवा की गुणवत्ता के साथ सूरज की कठोर किरणें आपकी त्वचा को और अधिक परेशान कर सकती हैं।
हाइपोएलर्जेनिक उत्पादों की तलाश करें: हाइपोएलर्जेनिक उत्पादों का उपयोग करना आवश्यक है, खासकर यदि आपकी इस कठोर जलवायु में संवेदनशील त्वचा है। जब त्वचा पहले से ही चिड़चिड़ी हो तो मजबूत उत्पादों का उपयोग करने से आप जितना सोच सकते हैं उससे अधिक नुकसान हो सकता है। नियासिनमाइड जैसे अवयवों की तलाश करें, जो सूजन से निपटने में मदद करता है और आपकी त्वचा में तेल के नियमन में मदद करता है। (Health)।
नई दिल्ली, 8 नवंबर | किसी को ठंड का मौसम पसंद होता है तो कोई इस मौसम को बिलकुल पसंद नही करता है। इस मौसम में हम सभी जानते हैं कि सर्दियों की अलमारी कपास, ऊन और कश्मीरी जैसे प्राकृतिक कपड़ों से भरी होनी चाहिए। इस मौसम का एक नकारात्मक पहलू भी होता है। इस मौसम में फैशनेबल दिखने के लिए बहुत दिक्कत होती है। तो ऐसे में न्यूमेरो यूएनओ के मार्केटिंग मैनेजर संतोष श्रीवास्तव ने तीन अलग-अलग विंटर फैशन स्टाइल शेयर किए हैं जो आपको इस सीजन में मिलेंगे।
1. द जॉगर-
जॉगर, यह एक पैंट होता है जो कि ढीली फिटिंग का होता है, और काफी आरामदायक आपको महसूस कराता है। जबकि जींस अक्सर सर्दियों के दौरान पहनने के लिए बहुत भारी होती है, हल्के कपड़े जैसे कपास, और लिनन, या सिंथेटिक सामग्री जैसे पॉलिएस्टर या स्पैन्डेक्स से बने जॉगर्स आपको वजन कम किए बिना गर्म रखेंगे।
यदि आप किसी अन्य औपचारिक पोशाक में एक आकस्मिक स्पर्श जोड़ना चाहते हैं तो जॉगर्स भी एक बढ़िया विकल्प हैं। उदाहरण के लिए, आप एक ढीली-ढाली शर्ट के साथ काले जॉगर्स की एक जोड़ी और एक कैजुअल शीतकालीन पोशाक को पूरा करने के लिए स्नीकर्स की एक जोड़ी पहन सकते हैं।
2. फर-लाइन वाली हूडि-
यदि आप ऐसे परिधान की तलाश में हैं जो आपको बहुत भारी या भारी न होने के कारण गर्म रखेगा, तो एक फर-लाइन वाला हुडी सही विकल्प हो सकता है। एक नियमित हुडी के विपरीत, एक फर-लाइन वाला संस्करण सुनिश्चित करेगा कि आप सबसे ठंडे दिनों में भी गर्म रहें।
3. फॉक्स फर कोट-
फॉक्स फर कोट आपको पूरे सर्दियों के मौसम में गर्म रहने में मदद करेगा। असली फर के विपरीत, फॉक्स फर क्रूरता-मुक्त है और शेड नहीं करता है - जिसका अर्थ है कि यह उन लोगों के लिए एक बढ़िया विकल्प है जो असली फर नहीं पहनना चाहते हैं, फिर भी एक ही समय में गर्म और स्टाइलिश रहना चाहते हैं। फर एक बहुत ही आकर्षक दिखने वाला कपड़ा है, इसलिए एक फॉक्स फर कोट तुरंत किसी भी शीतकालीन पोशाक में एक स्टाइलिश स्पर्श जोड़ देगा।
ये कोट विभिन्न रंगों में आते हैं, इसलिए आप एक ऐसा कोट चुन सकते हैं जो आपके बाकी अलमारी के पूरक हो। यदि आप ठंडे दिनों में पहनने के लिए एक स्टाइलिश लेकिन कार्यात्मक परिधान की तलाश में हैं तो फॉक्स फर कोट एक अच्छा विकल्प है। (आईएएनएस)|
वैज्ञानिकों का कहना है नाक में उंगली डालना अच्छी बात नहीं है. सिर्फ इसलिए नहीं कि अन्य लोगों को यह अच्छा नहीं लगता, बल्कि इसलिए भी कि इससे डिमेंशिया या अल्जाइमर्स हो सकता है.
डॉयचे वैले पर विवेक कुमार की रिपोर्ट-
नाक में उंगली डालना एक ऐसी क्रिया है, जो करने वाले अनायास ही कर बैठते हैं और देखने वाले घिना जाते हैं. यह तो इस क्रिया का सामाजिक और व्यवहारिक पक्ष है. वैज्ञानिकों ने इसका एक स्वास्थ्यगत पक्ष भी खोजा है, जो डरावना हो सकता है.
एक शोध में पता चला है कि नाक में उंगली डालने की आदत से लोगों को अल्जाइमर्स और डिमेंशियाका भी खतरा हो सकता है. ऑस्ट्रेलिया की ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं की एक टीम ने यह रिसर्च की है. शोधकर्ताओं ने चूहों पर की रिसर्च में पाया कि बैक्टीरिया नाक की नली से होता हुआ चूहों के मस्तिष्क में पहुंच गया, जहां उसने ऐसे बदलाव पैदा किए जो अल्जाइमर्स के संकेत थे.
विज्ञान पत्रिका साइंटिफिक रिपोर्ट्स में छपा यह अध्ययन कहता है कलामीडिया न्यूमेनिए नाम का एक बैक्टीरिया मनुष्यों को संक्रमित कर सकता है. यही बैक्टीरिया न्यूमोनिया के लिए जिम्मेदार होता है. हालांकि अधिकतर डिमेंशिया रोगियों के मस्तिष्क में भी यही बैक्टीरिया पाया गया है.
शोधकर्ताओं ने नाक की नली और मस्तिष्क को जोड़ने वाली नस को नर्वस सिस्टम में पहुंचने के रास्ते के तौर पर प्रयोग किया. ऐसा होने पर मस्तिष्क की कोशिकाओं ने एमिलॉएड बीटा प्रोटीन का उत्पादन कर प्रतिक्रिया दी. यही प्रोटीन अल्जाइमर्स के मरीजों के मस्तिष्क में बनता है.
नाक और मस्तिष्क को जोड़ने वाली यह नस हवा के संपर्क में होती है. यानी बाह्य वातावरण से मस्तिष्क के भीतरी हिस्सों की दूरी बहुत कम होती है. वायरस और बैक्टीरिया इस रास्ते से बहुत आराम से मस्तिष्क तक पहुंच सकते हैं.
कैसे हुआ अध्ययन?
चूहों पर हुआ यह अध्ययन क्लेम जोंस सेंटर फॉर न्यूरोबायोलॉजी और स्टेम सेल रिसर्च सेंटर में किया गया. सेंटर के प्रमुख प्रोफेसर जेम्स सेंट जॉन ने बताया, "हमने इसे एक मॉडल के तौर पर चूहों में होते देखा और यह मनुष्यों में संभावना का एक डरावना प्रमाण है.”
इस शोध का अगला चरण सिद्धांत का इंसानी मस्तिष्क पर परीक्षण करना है. प्रोफेसर सेंट जॉन कहते हैं, "हमें इसे मनुष्यों पर जांचना होगा और देखना होगा कि वहां भी यह रास्ता ऐसा ही प्रभाव डाल सकता है या नहीं. इस शोध का प्रस्ताव तो बहुत से लोगों ने दिया है लेकिन अभी तक किसी ने इसे पूरा नहीं किया है.”
शोधकर्ता प्रोफेसर जेम्स सेंट जॉन कहते हैं, "नाक में उंगली डालना और नाक के बाल तोड़ना अच्छी आदत नहीं है.” वह कहते हैं कि अगर ऐसा करते हुए कोई अपनी नाक की परत को नुकसान पहुंचा देता है तो बैक्टीरिया के मस्तिष्क में पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है.
शोधकर्ताओं ने कहा कि सूंघने की शक्ति खो बैठने को अल्जाइमर्स रोग का शुरुआती संकेत माना जा सकता है. इसलिए वह सुझाव देते हैं कि 60 साल से ऊपर के लोगों का सूंघने की शक्ति का टेस्ट अल्जाइमर्स के शुरुआती संकेत के तौर पर होना चाहिए.
क्या है अल्जाइमर्स रोग?
अल्जाइमर्स मस्तिष्क की एक बीमारी है जिसमें याद्दाश्त कमजोर या पूरी तरह नष्ट हो जाती है. इसका असर सोचने-समझने की क्षमता पर भी पड़ता है और एक वक्त ऐसा आता है जब इंसान रोजमर्रा के सामान्य काम करने की क्षमता भी खो बैठता है. अधिकतर लोगों में यह बीमारी उम्र के दूसरे हिस्से में नजर आने लगती है लेकिन 65 वर्ष की आयु के बाद इसका खतरा ज्यादा माना जाता है.
एक अनुमान के मुताबिक भारत में 40 लाख से ज्यादा लोगों को किसी ना किसी तरह का डिमेंशिया है जबकि पूरी दुनिया में साढ़े चार करोड़ लोग इससे पीड़ित हैं. इस बीमारी में मस्तिष्क का सीखने वाला हिस्सा यानी हिपोकैंपस सबसे पहले प्रभावित होता है. इसलिए याद रखना मुश्किल होता जाता है.
विज्ञान के मुताबिक आयु के अलावाकुछ और कारक भी हैं जो अल्जाइमर्स रोग की वजह बन सकते हैं. इनमें अनुवांशिकी सबसे अहम है. यानी, अगर माता-पिता या पूर्वजों में अल्जाइमर्स रोग रहा हो तो व्यक्ति को इसके होने की संभावना हो जाती है. कुछ शोध बताते हैं कि हृदय रोगों से पीड़ित लोग भी डिमेंशिया और अल्जाइमर्स का शिकार होने की ज्यादा संभावना के साथ जीते हैं. मस्तिष्क पर चोट लगने से भी ऐसा हो सकता है. (dw.com)
(सैंड्रा हेस, ग्रिफिथ विश्वविद्यालय, केली डी'कुन्हा, कैरोलिन ओलिविया टेरानोवा और मरीना रीव्स क्वींसलैंड विश्वविद्यालय)
क्वींसलैंड, 21 अक्टूबर। हर साल, 20,000 से अधिक ऑस्ट्रेलियाई, जिनमें ज्यादातर महिलाएं होती हैं, में स्तन कैंसर पाया जाता है। यदि आप उनमें से एक हैं या किसी को जानते हैं, तो अच्छी खबर यह है कि हर 100 में से 92 महिलाएं स्तन कैंसर के निदान के बाद पांच साल या उससे अधिक समय तक जीवित रह पाती हैं।
लेकिन महिलाएं अक्सर अपने कैंसर के इलाज से होने वाले जीवन-परिवर्तनकारी दुष्प्रभावों से इतना अधिक हैरान और तकलीफ में होती हैं, जिसका असर कई वर्षों तक जारी रह सकता है और कई लोग ऐसे भी होते हैं जो दोबारा कैंसर होने के डर के साथ जीते हैं, भले ही वे पांच साल तक जीवित रहने की सीमा से आगे निकल गए हों।
तो, स्तन कैंसर के निदान के बाद आप लंबा, स्वस्थ जीवन जीने की संभावनाओं को बेहतर बनाने के लिए क्या कर सकते हैं?
1. शारीरिक रूप से सक्रिय रहें
ज्यादा चलें फिरें और कम बैठें। आदर्श रूप से, कम से शुरूआत करके धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए सप्ताह में लगभग 150 मिनट (ढाई घंटे) नियोजित, नियमित व्यायाम करें। इसमें एरोबिक व्यायाम (जैसे चलना) और प्रतिरोध अभ्यास (जो विशिष्ट मांसपेशी समूहों को लक्षित करते हैं) का मिश्रण शामिल है, जो आपको थोड़ा मजबूत बनाने के लिए मध्यम या उच्च तीव्रता पर किया जाता है।
अध्ययन से पता चला है कि लंबे समय तक जीने और कैंसर की पुनरावृत्ति की रोकथाम का व्यायाम के साथ गहरा संबंध है। और इसका समर्थन करने के लिए नैदानिक परीक्षणों के कुछ प्रारंभिक साक्ष्य भी हैं।
स्तन कैंसर से पीड़ित जो महिलाएं व्यायाम करती हैं और अधिक सक्रिय हैं, उनके जीवन की गुणवत्ता, ताकत और फिटनेस बेहतर होती है, और बीमारी के सक्रिय उपचार के दौरान उनपर कम और कम गंभीर दुष्प्रभाव होते हैं।
2. उच्च गुणवत्ता वाला आहार लें
ऐसा देखा गया है कि बेहतर आहार - जिनमें सब्जियां, फल, फलियां, नट्स, साबुत अनाज और मछली का अधिक सेवन शामिल है - ग्रहण करने वाली महिलाएं स्तन कैंसर के निदान के बाद उन लोगों के मुकाबले लंबे समय तक जीवित रहती हैं, जो परिष्कृत या प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ और रेड मीट जैसा आहार लेते हैं।
यह मुख्य रूप से स्तन कैंसर से मरने के जोखिम पर प्रत्यक्ष प्रभाव होने के बजाय अन्य स्वास्थ्य स्थितियों, जैसे हृदय रोग के जोखिम को कम करने पर एक अच्छे आहार के लाभ के कारण है।
कई महिलाओं, विशेष रूप से वृद्ध महिलाओं या प्रारंभिक चरण के स्तन कैंसर वाले लोगों को वास्तव में उनके स्तन कैंसर की तुलना में हृदय रोग से मरने का अधिक जोखिम होता है। एक उच्च गुणवत्ता वाला आहार स्वस्थ शरीर के वजन और हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
कैंसर के उपचार के दौरान विशिष्ट आहार (जैसे कि केटोजेनिक या कम कार्बोहाइड्रेट वाले आहार) और उपवास में रुचि बढ़ रही है। लेकिन सबसे हालिया दिशानिर्देशों में कहा गया है कि अभी तक ऐसे कोई सबूत नहीं है, जो यह बताते हों कि इनसे महत्वपूर्ण लाभ होते हैं।
2020 के एक अध्ययन के निष्कर्षों के बाद और अधिक शोध किया जा रहा है, जिसमें कीमोथेरेपी से पहले के दिनों में ‘‘उपवास जैसे आहार’’ (कम कैलोरी, कम प्रोटीन) का सुझाव दिया गया था, जिसने उपचार के प्रति बेहतर प्रतिक्रिया उत्पन्न की। हालांकि, आहार का अनुपालन मुश्किल था - अध्ययन में पांच में से केवल एक महिला अपने सभी कीमोथेरेपी उपचारों के दौरान यह उपवास जैसा आहार खाने में सक्षम थी।
3. स्वस्थ वजन बनाए रखें
शरीर के अतिरिक्त वजन को भी स्तन कैंसर के निदान के बाद खराब माना गया है। लेकिन अभी तक इसके विपरीत दिखाने के लिए कोई नैदानिक परीक्षण नहीं हुआ है कि स्तन कैंसर के निदान के बाद वजन घटाने से इसके उपचार में अधिक फायदा हो सकता है। इस प्रश्न का उत्तर देने के लिए परीक्षण चल रहे हैं।
ब्रेस्ट कैंसर के इलाज के बाद वजन बढ़ना आम बात है। इसके कारण जटिल हैं और अतिरिक्त वजन से उपचार के कुछ दुष्प्रभाव बदतर हो सकते हैं।
स्तन कैंसर के उपचार के बाद महिलाओं के हमारे हालिया अध्ययन में पाया गया कि जब उन्हें मामूली मात्रा में वजन (उनके शरीर के वजन का 5%) कम करने में मदद दी गई, तो उन्होंने अपने जीवन की शारीरिक गुणवत्ता में सुधार किया और उनके दर्द के स्तर को कम किया। उन्होंने हृदय रोग और मधुमेह के अपने जोखिम को भी कम किया।
इन सुस्थापित युक्तियों के अलावा, शोध का एक छोटा निकाय हमारे शरीर की घड़ी से संबंधित दो और व्यवहारों का सुझाव देता है, जो स्तन कैंसर के निदान के बाद स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं।
4. अच्छी नींद लें
नींद में खलल की प्रवृत्ति- स्तन कैंसर से पीड़ित महिलाओं में आम - आपके उपचार की अवधि समाप्त होने के बाद भी वर्षों तक बनी रह सकती है।
स्तन कैंसर से पीड़ित ऐसी महिलाएं, जिन्हें नींद कम आती है या मुश्किल से आती है, उन महिलाओं की तुलना में कम जीती हैं, जो आराम से अपनी नींद पूरी करती हैं।
हालांकि ज्यादा सोना हमेशा फायदेमंद हो, ऐसा भी नहीं है। प्रति रात नौ घंटे से अधिक सोना - सात से आठ घंटे की तुलना में - स्तन कैंसर के 48% बढ़े हुए जोखिम से जुड़ा है। लेकिन, अध्ययन अभी तक इसके संभावित कारणों का खुलासा नहीं कर पाए हैं।
5 जब आप खाते हैं तो सावधान रहें
प्रारंभिक शोध से पता चलता है कि आप कब खाते हैं, इसका भी असर पड़ता है। दिन के अंतिम भोजन (रात का खाना) और अगले दिन के पहले भोजन (नाश्ते) के बीच के समय में दूरी रखने से स्तन कैंसर की वापसी की संभावना कम हो सकती है।
ऐसी महिलाएं जिन्होंने 13 घंटे से कम समय तक रात भर उपवास किया अर्थात जिन्होंने रात के भोजन और अगले दिन के नाश्ते के बीच में 13 घंटे से कम का अंतर रखा, उन्हें 13 या अधिक घंटों का अंतर रखने वाली महिलाओं की तुलना में - स्तन कैंसर के निदान के बाद, इसके वापस आने का जोखिम 36% अधिक देखा गया। लेकिन अध्ययन के लेखकों ने उल्लेख किया कि यादृच्छिक परीक्षणों से इस बात की जांच करने की आवश्यकता है कि क्या रात में उपवास की मात्रा बढ़ाने से बीमारी का खतरा कम हो सकता है।
बड़े बदलाव के लिए छोटे कदम
विश्व कैंसर अनुसंधान कोष ने कैंसर के जोखिम को कम करने और कैंसर के वापस आने के जोखिम को कम करने के लिए सिफारिशों की एक सूची विकसित की है। लेकिन हमारे शोध में पाया गया है कि ज्यादातर महिलाएं अपने स्तन कैंसर के निदान के बाद इन सिफारिशों को पूरा नहीं कर रही हैं। स्तन कैंसर के बाद आदतों को बदलना भी कठिन हो सकता है, मुख्यतः थकान और तनाव के कारण।
उपचार के बाद व्यायाम शुरू करना डराने वाला और परेशान करने वाला भी हो सकता है। छोटे से शुरुआत करना एक अच्छा विचार है, उदाहरण के लिए: हर हफ्ते व्यायाम को 10 से 15 मिनट तक बढ़ाने का लक्ष्य रखें। व्यायाम के दौरान एक दोस्त के साथ होने से वास्तव में मदद मिलती है और जिन लोगों को स्तन कैंसर हुआ है उनके लिए बहुत सारे व्यायाम कार्यक्रम हैं।
स्तन कैंसर के निदान के बाद व्यायाम करने के बारे में सामान्य प्रश्नों में शामिल हैं कि लिम्फोएडेमा की सूजन और परेशानी से कैसे बचा जाए, जो लगभग 20% स्तन कैंसर से बचे लोगों में विकसित होता है, जिनके लिम्फ नोड्स हटा दिए गए है। लोग व्यायाम के दौरान विग से होने वाली असुविधा या विकिरण से जलन के बारे में भी चिंता करते हैं। इस संबंध में विशिष्ट सलाह उपलब्ध है।
व्यायाम लक्ष्यों के समान, एक संपूर्ण आहार के लिए प्रयास करने के बजाय, आप प्रत्येक सप्ताह अधिक सब्जियां खाने का लक्ष्य बना सकते हैं।
यदि आप कैंसर के निदान या उपचार के बारे में चिंतित हैं, तो नींद चुनौतीपूर्ण हो सकती है, लेकिन हर रात अनुशंसित सात से नौ घंटे की नींद लेने के सुझावों में दिन में पहले व्यायाम करना, सोने से पहले कुछ खाने से बचना और अच्छी नींद शामिल है। (द कन्वरसेशन)
अमेरिका के एरिजोना में कुछ लोगों के लिए समय और मौत "ठहर" गई है. तकनीक बेहतर होगी तो उनकी बीमारियां ठीक होंगी और वो दोबारा जिंदा होंगे. इस उम्मीद में लोगों ने अपने शव सुरक्षित रखवाये हैं.
डॉयचे वैले पर निखिल रंजन की रिपोर्ट-
टैंकों के भीतर तरल नाइट्रोजन भरी है और साथ में रखे हैं शव और सिर. एक दो नहीं पूरे 199. ये वो लोग हैं जिनके दोबारा जिंदा होने की उम्मीद ने इस हाल में रखा है. इस तरह शवों को रखने वाले उम्मीद कर रहे हैं कि भविष्य में विज्ञान इतना विकास कर लेगा कि ये लोग फिर से जिंदा होंगे.
शवों को इस तरह रखने का प्रबंध करने वाली एल्कोर लाइफ एक्सटेंशन फाउंडेशन इन लोगों को "मरीज" कहती है. इन लोगों की जान कैंसर, एएएलएस या फिर इसी तरह की किसी बीमारी से गई जिसका आज इलाज मौजूद नहीं है. इस तरीके से सुरक्षित रखे शवों क्रायोप्रिजर्व्ड कहा जाता है.
इन मरीजों में सबसे कम उम्र की हैं माथेरिन नाओवारातपोंग. 2 साल की उम्र में इस थाई बच्ची की ब्रेन कैंसर से 2015 में मौत हो गई. एल्कोर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैक्स मूर बताते हैं, "उसके मां बाप डॉक्टर थे और उसके दिमाग की कई बार सर्जरी की गई लेकिन दुर्भाग्य से कुछ काम नहीं आया. तो उन लोगों ने हमसे संपर्क किया. गैरलाभकारी फाउंडेशन का दावा है कि वह क्रायोनिक्स की दुनिया में सबसे आगे है. बिटकॉइन के अगुआ हल फिने भी एल्कोर के मरीज हैं. 2014 में उनकी मौत के बाद उनका शव भी इसी तरह यहां रखा गया है.
ममियों से अलग
मिस्र में हजारों साल पहले मृत्यु के बाद लोगों के शवों को सुरक्षित रखने की परंपरा रही है. राजा, राजपरिवार के सदस्य और दूसरे प्रमुख लोगों के शवों की ममी बना कर उन्हें सुरक्षित रखा जाता था. इसके पीछे धारणा यह थी कि इन लोगों की आत्मा को मृत्यु के बाद अच्छा जीवन मिल सके. ममी बनाने के लिए दिल को छोड़ कर शरीर के अंदरूनी अंगों को बाहर निकाला जाता था. बाहर निकाले जाने वाले अंगों में दिमाग भी शामिल था. इसके बाद शव को सोडियम कार्बोनेट, सोडियम बाइ कार्बोनेट, सोडियम क्लोराइड और सोडियम सल्फेट के एक घोल की मदद से सुखा दिया जाता. इसके बाद बारी आती थी इसके अंदर कई तरह के मसाले भर कर उन्हें सुरक्षित करने की.
कायोप्रिजर्वेशन की प्रक्रिया इससे बहुत अलग है. यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति की कानूनी रूप से मौत की घोषणा के बाद शुरू होती है. मरीज के शरीर से खून और दूसरे तरल निकाल दिये जाते हैं और उनकी जगह एक खास रसायन भर दिया जाता है. यह रसायन खासतौर से इसलिए तैयार किया गया है कि वह नुकसान पहुंचाने वाले बर्फ के कणों का बनना रोके. बेहद ठंडे तापमान पर शरीर को कांच जैसा बनाने के बाद मरीजों को एरिजोना के केंद्र में टैंकों के अंदर रख दिया जाता है. मूर का कहना है "उन्हें यहां तब तक रखा जायेगा जब तक कि तकनीक विकसित नहीं हो जाती."
लाखों डॉलर का खर्च
इस तरह यहां रखने पर पूरे शरीर के लिए कम से कम 2 लाख डॉलर का खर्च आता है. केवल दिमाग के लिए यह खर्च 80,000 डॉलर है. एल्कोर के 1,400 जीवित सदस्य इसका भुगतान जीवन बीमा की योजनाओं में कंपनी को बेनिफिशियरी बना कर करते हैं. कंपनी को सिर्फ उतने ही पैसे मिलते हैं जितना इसका खर्च है. मूर की पत्नी नताशा विटा मूर इस प्रक्रिया को पसंद करती हैं और इसे भविष्य की यात्रा मानती हैं. उनका कहना है, "बीमारी या चोट का इलाज होता है या उन्हें ठीक किया जाता है और आदमी को नया शरीर या फिर पूरा नकली शरीर मिलता है या फिर उनके शरीर को दोबारा तैयार किया जाता है जिसके बाद वो अपने दोस्तों से फिर मिल सकते हैं."
मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाले बहुत से लोग इस बात से सहमत नहीं हैं. न्यू यॉर्क यूनिवर्सिटी के ग्रोसमान स्कूल ऑफ मेडिसिन के मेडिकल एथिक्स डिविजन के प्रमुख आर्थर काप्लान भी उनमें शामिल हैं. काप्लान का कहना है, "भविष्य के लिए खुद को जमा देने का ख्याल किसी साइंस फिक्शन जैसा है और यह बहुत भोलापन है. सिर्फ एक ही ऐसा समूह है जो इसकी संभावना को लेकर बहुत उत्साहित है, ये वो लोग हैं जो सुदूर भविष्य को पढ़ते हैं या फिर वो जिनकी इस बात में दिलचस्पी है कि आप इसके लिए पैसा दें." (dw.com)
क्या खाना सेहतमंद है और क्या नहीं इस पर आये दिन नये रिसर्च सामने आते हैं. कभी खबर आती है कि रेड मीट स्वास्थ्य के लिए बढ़िया है तो अगले हफ्ते कहा जाता है कि इससे स्ट्रोक का खतरा है. लोग इन खबरों से उलझन में पड़ जाते हैं.
हाल ही में एक बड़ी रिसर्च की समीक्षा प्रकाशित हुई जो ना सिर्फ ताजा रिसर्च के नतीजों और सबूतों के आधार पर सेहत के लिए बेहतर चीजों को परखती है बल्कि उन्हें स्टार रेटिंग भी देती है. अमेरिका का इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैलुएशन यानी आईएचएमई सेहत से जुड़े आंकड़ों का अब ग्लोबल रेफरेंस बन गया है.
180 क्षेत्रों में अब तक हुए रिसर्चों का विश्लेषण कर इसने यह पता लगाने की कोशिश की गई है कि कोई खास जोखिम का कारण किस तरह की बीमारी से जुड़ा है. उदाहरण के लिए धूम्रपान का सेहत पर क्या असर हो सकता है और फेफड़े के कैंसर से यह किस तरह जुड़ा है.
स्टार रेटिंग
धूम्रपान और फेफड़े के कैंसर के बीच संपर्क को सबसे अधिक पांच सितारा रेटिंग दी गई है. इसी तरह हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों के बीच संबंध को भी यही रेटिंग मिली है. इसका मतलब है कि सबूत पक्के हैं और भविष्य में इनके बदलने के आसार नहीं के बराबर हैं.
हालांकि खतरे वाली लगभग दो-तिहाई चीजों या बीमारियों से उनके संबंध को केवल एक या दो स्टार ही दिये गये हैं. इसका मतलब है कि ऐसा माने जाने के पीछे जो सबूत है वो जितना समझा गया था उससे कमजोर हैं. जैसे कि बिना प्रॉसेस किया हुआ रेड मीट (बकरा, भेड़, सूअर या गाय का मांस) खाने वालों में स्ट्रोक के खतरे को केवल एक स्टार दिया गया है. इसका मतलब है कि इन दोनों के बीच संबंध का कोई सबूत मौजूद नहीं है. रेड मीट और कोलन कैंसर, स्थानीय खून की कमी से होने वाली दिल की बीमारियों और मधुमेह यानी डायबिटीज के संबध को दो स्टार दिये गये हैं.
हर ताजा रिपोर्ट को मानते हैं लोग
आईएचएमई के निदेशक और नेचर मेडिसिन जर्नल में "बर्डेन ऑफ प्रूफ" नाम से छपी कई रिसर्च रिपोर्टों के लेखक क्रिस्टोफर मर्रे का कहना है कि वह, "इस बात से बहुत हैरान हुए कि कई खाने पीने की चीजें और उनसे होने वाले खतरों के बीच रिश्ता तुलनात्मक रूप से काफी कमजोर है." मर्रे ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि यह विश्लेषण इस चिंता की वजह से किया गया क्योंकि, "हर कोई ताजा छपी रिसर्च रिपोर्ट को मानता है," जबकि अकसर नतीजे, "एक रिसर्च से दूसरे रिसर्च के बीच बदलते रहते हैं."
मर्रे का कहना है कि रिसर्चरों ने उस विषय पर हुए सभी मौजूदा रिसर्चों को देखा और खंगाला है और आंकड़ों के जरिये उनकी निरंतरता को परखा है उसके बाद पूछा है, "इस सबूत की सबसे संकुचित व्याख्या क्या है?"
रिसर्चरों ने इस बात की छानबीन की है कि ज्यादा सब्जियां खाने से सेहत पर क्या असर पड़ता है. इसके लिए 50 रिसर्चों को खंगाला गया. ये रिसर्च 34 देशों के 46 लाख लोगों पर किये गये थे. खाने में सब्जियों की मात्रा हर दिन 0 से चार तक बढ़ाने पर शरीर के किसी खास हिस्सों में रक्त की कमी के कारण होने वाले स्ट्रोक का जोखिम 23 फीसदी घट गया. इस विश्लेषण के बाद इसे तीन स्टार दिये गये. इसी तरह सब्जी खाने और टाइप2 डायबिटिज के बीच जो रिश्ता मिला उसे सिर्फ एक ही स्टार दिया गया. रिसर्च रिपोर्ट के सह लेखक जेफ्री स्टैनवे का कहना है, "बहुत संकुचित व्याख्या के आधार पर भी देखें तो सब्जियों का इस्तेमाल लंबे समय की बीमारियों में कमी से प्रमुखता के साथ जुड़ा है."
स्टार रेटिंग के खतरे
इस रिसर्च में शामिल नहीं रहे विशेषज्ञों का कहना है कि यह दिलचस्प है लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा सरल करके नहीं देखना चाहिए. ब्रिटेन की ओपन यूनिवर्सिटी में सांख्यिकी विज्ञानी केविन मैककॉनवे ने चिंता जताई है कि जब जटिल रिसर्चों को साथ मिला कर स्टार रेटिंग दी जाती है तो उसका "एक बड़ा हिस्सा जाहिर तौर पर नष्ट हो जाता है." ब्रिटेन की ही एस्टन यूनिवर्सिटी के डायटीशियन डुआने मेलर का कहना है कि रेड मीट पर हुई रिसर्च हैरान नहीं करती क्योंकि इसमें बिना प्रॉसेसिंग वाले मीट के उत्पाद पर ध्यान दिया गया है. उनका कहना है, "भोजन में शामिल प्रोसेस्ड रेड मीट जैसे कि बेकन और सॉसेज बीमारी के ज्यादा जोखिम से जुड़े हुए हैं जिसके बारे में इन पेपरों में रिपोर्ट नहीं दी गई है."
आईएचएमई का कहना है कि उसकी योजना अपनी खोजों को नई रिसर्च आने पर अपडेट करने की है. उन्हें उम्मीद है कि नया तरीका लोगों और नीतियां बनाने वालों को रास्ता दिखायेगा. जल्दी ही कई और चीजों के सेहत से संबंधों पर अपनी खोज संस्थान जारी करेगा इनमें अल्कोहल, वायु प्रदूषण और दूसरी चीजों के बारे में जानकारी होगी.
For more reading related Health Issues Please Follow Trednyoulike
नईदिल्ली, 15 सितम्बर | डिजाइनर रिद्धि मेहरा ने इण्ड्या के साथ मिलकर एक बहुत ही प्यारा सा कपड़ों का कलेक्शन पेश किया। जिसमें कई अलग अलग तरह के कपड़े, अलग अलग फैशन के शूट और अलग अलग त्यौहारों के लिए डिजाइनर ड्रेस उपलब्ध हैं।
पहले से सिले हुए साड़ी, फ्रिल्ड ब्लाउज, चंचल जंपसूट, केप जैकेट और शरारा सेट, अन्य हवादार और स्त्री डिजाइनों में से हैं, जो विशिष्ट रूप से फैशनेबल बोहेमियन रूपांकनों, बंधनी प्रिंट, फूलों के धागे के काम और टोनल सेक्विन के साथ कवर किए गए हैं।
रंग योजना उत्सव के स्वरों का एक जीवंत संयोजन है। रंग आगामी त्यौहारी सीजन के लिए मूड सेट करते हैं, ड्यूवी आइवरी और जेंटल पेस्टल पिंक से लेकर सुस्वादु गुलाबी टोन और ब्राइट शाइनिंग येलो तक।
इन आउटफिट्स के तामझाम, रफल्स और फ्लेयर्स जैसे सॉफ्ट रोमांटिक एम्बेलिशमेंट के साथ ड्रेसिंग करना आसान हो गया है।
यह संग्रह 20 सितंबर 2022 को ऑनलाइन और स्टोर में लॉन्च होगा और इसकी कीमत1400-5600 से के बीच में होगी।
यह डब्लूय डब्लूय डब्लूय हाउलोफीडो डॉट कॉम, एक्सक्लूसिव इंड्या आउटलेट, शोपर्स टॉप, लाइफस्टार, अमेजन,जैसे कई सारे फैशन ऐप पर उपलब्ध होगा।(आईएएनएस)|
नई दिल्ली, 13 सितंबर| पिछले कुछ हफ्तों में युवा से लेकर मध्यम आयु वर्ग तक के लोगों को अचानक दिल का दौरा पड़ने के कई चौंकाने वाले वीडियो वायरल हुए हैं। बड़ी संख्या में युवा भारतीयों में दिल का दौरा, कार्डियक अरेस्ट और अन्य हृदय रोग चिंता का एक प्रमुख कारण बनता जा रहा है।
हृदय रोग विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले एक दशक में 20 और 30 की उम्र में दिल के दौरे से पीड़ित लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है।
निष्कर्ष बताते हैं कि भारतीयों को अपने पश्चिमी समकक्षों की तुलना में 10 साल पहले हृदय रोग हो जाता है। इंडियन हार्ट एसोसिएशन के निष्कर्षो के अनुसार, अन्य जनसांख्यिकी की तुलना में हृदय रोग भारतीयों को कम उम्र (लगभग 33 प्रतिशत पहले) में होता है।
सीवोटर नेशनल मूड ट्रैकर ने युवा भारतीयों में हृदय रोग में अचानक वृद्धि के बारे में लोगों के विचारों को समझने के लिए आईएएनएस की ओर से एक राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया।
सर्वेक्षण में पाया गया कि 31 प्रतिशत भारतीयों का सबसे बड़ा हिस्सा यह मानता है कि तनाव युवा दिलों के टूटने का प्रमुख कारण है।
वहीं, जहां 25 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने खराब जीवनशैली को मुख्य कारण बताया, वहीं 8 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि यह कोविड-19 के दुष्प्रभावों से संबंधित है।
शहरी और ग्रामीण दोनों उत्तरदाताओं द्वारा समान भावनाओं को साझा किया गया था।
सर्वेक्षण के दौरान, सबसे बड़े शहरी उत्तरदाताओं, 35 प्रतिशत और ग्रामीण उत्तरदाताओं, 29 प्रतिशत ने युवा भारतीयों में हृदय रोगों में वृद्धि के लिए तनाव को जिम्मेदार ठहराया।
तनाव के बाद, शहरी उत्तरदाताओं का दूसरा सबसे बड़ा अनुपात, 25 प्रतिशत और ग्रामीण उत्तरदाताओं, 25 प्रतिशत ने कहा कि खराब जीवन शैली को दोष देना है।
सर्वेक्षण के दौरान, विभिन्न आयु वर्ग के उत्तरदाताओं द्वारा युवा भारतीयों में दिल के दौरे के मामलों में वृद्धि के मुख्य कारण के रूप में तनाव का हवाला दिया गया था।
विशेष रूप से, 35-44 वर्ष के आयु वर्ग के उत्तरदाताओं की अधिकतम संख्या ने दावा किया कि तनाव युवा दिलों को मार रहा है।
यहां तक कि 18-24 वर्ष की आयु वर्ग के 25 प्रतिशत युवा उत्तरदाताओं का सबसे बड़ा अनुपात तनाव को जिम्मेदार ठहराता है।
तनाव के बाद, विभिन्न आयु समूहों के उत्तरदाताओं के सबसे बड़े अनुपात ने कहा कि खराब जीवनशैली युवा भारतीयों में हृदय रोग के बढ़ने का प्रमुख कारण है।
कई लोगों का मानना है कि यह घातक कोरोनावायरस के दुष्प्रभावों से संबंधित है। (आईएएनएस)|
अमृता गद्दाम
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस लाइफ)। हर किसी को बालों के बुरे दिनों का अनुभव होता है, है ना? इससे भी ज्यादा दूसरों की तुलना में कुछ हैं। जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है और आपका शरीर नियमित रूप से बदलता है, बालों का झड़ना, रूसी, दोमुंहे बाल, घुंघराले बाल और गंजापन हो सकता है।
क्या इन मुद्दों का कोई समाधान है? जी हां, आयुर्वेद की मदद से इन सभी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
लेकिन इससे पहले कि आप इसे आजमाएं, अपने बालों के प्रकार को जानना बहुत जरूरी है।
आयुर्वेद के अनुसार, हमारे शरीर के कार्य तीन महत्वपूर्ण ऊर्जाओं द्वारा नियंत्रित होते हैं : वात, पित्त और कफ। प्रत्येक व्यक्ति में एक 'त्रिदोष' संयोजन होता है। आपके बालों के स्वास्थ्य और प्रकार की स्थिति इस संयोजन से निर्धारित होती है।
बालों का वात प्रकार :
यदि आपकी प्रकृति वात प्रधान है तो आपके बाल वात प्रकार के होंगे। जब आपके शरीर में वात दोष बढ़ जाता है, तो आपकी स्कल और बाल सूख जाते हैं, क्योंकि परिणामस्वरूप आपका शरीर कम सीबम का उत्पादन करता है। इसके परिणामस्वरूप स्प्लिट एंड्स, घुंघराले, सूखे बाल और बालों का झड़ना होता है।
बालों का पित्त प्रकार :
पित्त प्रकार के बाल एक ऐसी प्रकृति की विशेषता है जो पित्त प्रधान है। पित्त बालों में प्रोटीन, रंग और चयापचय गतिविधि के उत्पादन का प्रभारी है। पित्त के बाल अक्सर लहराते हैं और मोटाई में औसत होते हैं। समय से पहले सफेद होना, खोपड़ी में खुजली, बालों का झड़ना, रोम छिद्रों में बैक्टीरिया जमा होना और पित्त असंतुलन के अन्य संकेत।
बालों का कफ प्रकार :
कफ में कोई भी असंतुलन आपके स्कैल्प को बहुत अधिक सीबम का उत्पादन करने का कारण बनता है, जिसके परिणामस्वरूप हमेशा चिकना डैंड्रफ, एक तैलीय खोपड़ी, खुजली, बालों का झड़ना और अन्य समस्याएं होती हैं।
हर व्यक्ति की अनूठी जरूरतें होती हैं। इसलिए, सबसे कुशल आयुर्वेदिक बालों की देखभाल के नियम को लागू करने के लिए अपने बालों के प्रकार और अपने दोष स्तरों की स्थिति को समझना महत्वपूर्ण है।
आयुर्वेदिक बालों की देखभाल तकनीकों को यहां सूचीबद्ध किया गया है। ये दिनचर्या आपको आंतरिक दोष संतुलन के साथ-साथ लंबे, स्वस्थ बालों को प्राप्त करने में मदद करेगी :
पौष्टिक भोजन :
मजबूत और लंबे बालों के लिए हेल्दी खाना बहुत जरूरी है। स्वस्थ आहार में पोषक तत्व होने चाहिए जो बालों के रोम को भीतर से पोषण और मजबूत करते हैं।
बालों में तेल लगाना और धोना :
बालों के तेल नमी बनाए रखने में सहायता करते हुए रोम और खोपड़ी की भरपाई करते हैं, जो बालों के झड़ने से बचने के लिए महत्वपूर्ण है।
स्कल की मालिश :
आयुर्वेद के अनुसार, बालों को धोने से पहले हमेशा बालों में गर्म तेल से सिर की मालिश करनी चाहिए। हर्बल तेल से स्कैल्प की धीरे से मालिश करने से बालों का विकास होता है और बाल जड़ से सिरे तक मजबूत होते हैं।
वैज्ञानिकों ने स्तन कैंसर के लिए एक दवा बनाई है जो मरीजों की जीने की अवधि बढ़ा रही है. इस दवा का असर जिन मरीजों पर हो रहा है, उन्हें नई श्रेणी में रखा जाएगा.
पहली बार वैज्ञानिकोंको एक ऐसी दवा बनाने में कामयाबी मिली है, जो स्तन कैंसर की वजह बनने वाले प्रोटीन को निशाना बनाती है. यह दवा ट्यूमर के खिलाफ काम करती प्रतीत हुई है. वैज्ञानिकों ने कहा है कि यह दवा स्तन कैंसर का इलाज नहीं है लेकिन कैंसर थेरेपी की प्रक्रिया में यह दवा इलाज की नई संभावनाएं खोल सकती है.
अबर तक स्तन कैंसर को दो श्रेणियों में बांटा जाता रहा है. एक है HER2-positive, जिसमें कैंसर कोशिकाओं में प्रोटीन सामान्य से ज्यादा होता है. दूसरी श्रेणी को HER2-negative कहा जाता है. रविवार को डॉक्टरों ने कहा अब एक नई श्रेणी HER2-low बनाई जाएगी जो कि स्तन कैंसर के इलाज में मार्गदर्शक होगी.
कैंसर की नई श्रेणी
डॉक्टरों का मानना है कि HER2-negative श्रेणी के वे मरीज जिन्हें स्तन कैंसर के प्राथमिक से बाद के चरणों में सर्जरी की जरूरत पड़ती है, संभव है कि वे HER2-low श्रेणी के मरीज हों और इस दवा के योग्य हों.
यह दवा असल में एक एनहर्तु है, यानी एक एंटीबॉडी कीमोथेरेपी इंजेक्शन जिसे आईवी के जरिए दिया जाता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह कैंसर कोशिकाओं में मौजूद HER2 प्रोटीन कोशिकाओं को खोजकर उन्हें ब्लॉक कर देती है. इसके लिए यह कैंसर कोशिकाओं के भीतर एक ताकतवर रसायन छोड़ती है, जो कैंसर को खत्म करता है. यह नई तरह की दवाओं की श्रेणी में आती है जिन्हें एंटीबॉडी-ड्रग कहा जाता है.
इस दवा को मान्यता तो पहले ही मिल चुकी थी लेकिन अप्रैल में अमेरिका की फूड ऐंड ड्रग अथॉरिटी ने इसे नई श्रेणी के मरीजों के महत्वपूर्ण खोज का भी दर्जा दिया. नया अध्ययन कहता है कि इस दवा के कारण मरीजों की कैंसर के बिना जीने की अवधि लंबी हुई है और उनके कैंसर की प्रगति की रफ्तार धीमी हुई जिससे उनके जीने की संभावना सामान्य कीमोथेरेपी लेने वाले मरीजों की तुलना में बढ़ी.
कैसे हुआ अध्ययन?
अध्ययन में HER2-low स्तन कैंसर की श्रेणी वाले 500 मरीजों में कीमोथेरेपी की तुलना एनहर्तु से की गई. इन मरीजों में कैंसर फैल चुका था या फिर उस स्टेज पर पहुंच गया था, जहां उसे सर्जरी से ठीक नहीं किया जा सकता था. दवा लेने वाले मरीजों में कैंसर का प्रसार लगभग 10 महीने तक थमा रहा जबकि सामान्य इलाज कराने वाले मरीजों में यह साढ़े पांच महीने ही रुका. दवा ने जीने की अवधि को भी औसतन छह महीने बढ़ा दिया.
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के लैंगोन हेल्थ सेंटर में स्तन कैंसर के मरीजों की देखभाल करने वाले विभाग की निदेशिका डॉ. सिल्विया एडम्स ने बताया कि यह खोज इलाज को नई दिशा दे सकती है. उन्होंने कहा, "यह अभ्यास बदलने वाला अध्ययन है. यह ऐसे मरीजों की जरूरत पूरी करती है जिन्हें मेटास्टैटिक ब्रेस्ट कैंसर है.”
भारत और पाकिस्तान में गर्म हवाएं यानी लू आम बात है लेकिन इस बार लू की गर्मी पिछले कुछ सालों से कहीं ज्यादा है. लू की चपेट में आने से तबियत बिगड़ने की आशंका रहती है. कुछ उपाय हैं जिन पर अमल करके इनसे बचा जा सकता है.
भारत और पाकिस्तान में इन दिनों तापमान कई बार 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है और अब तक की सबसे ज्यादा गर्मी का रिकॉर्ड बना रहा है. दिन में गर्मी के वक्त लोग काम करना बंद कर दे रहे हैं और स्कूलों में छुट्टी से पहले ही बच्चों को घर भेज दिया जा रहा है. भीषण गर्मी की वजह से मवेशियों की मौत हो रही है और पानी ना मिलने के कारण पक्षी आकाश से नीचे गिर रहे हैं.
नई दिल्ली में मौजूद डीडब्ल्यू संवाददाता मुरलीकृष्णन कहते हैं, "यह वास्तव में एक तरह से असहनीय गर्मी है. दिन में सड़कों पर लोग नहीं दिख रहे हैं. यह गर्मी बेहद कष्टदायक है.”
हमने जब कृष्णन से बात की, उस वक्त वो गुजरात में थे जो कि भारत में सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले राज्यों में से एक है. वो उस वक्त एक दुकान में पहुंचे ही थे जहां एसी लगा हुआ था. वो कहते हैं, "मैं यहां यही पता करने आया था कि लोगों के लिए यह गर्मी कितनी बुरी है और यह वास्तव में बहुत बुरी है.”
प्यास लगने से पहले ही पानी पियें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ अभियंत तिवारी कहते हैं कि लू से बचाव के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपाय है कि खूब पानी पियें. तिवारी कहते हैं कि गर्मी में हर वक्त पानी पीते रहना चाहिए, यहां तक कि आपको प्यास ना लगी हो तब भी. सामान्य पानी और नारियल पानी जैसे ठंडे पेय, गर्म पेय की तुलना में गर्मी के लिए ज्यादा ठीक रहते हैं.
तिवारी कहते हैं, "प्यास लगने का इंतजार मत कीजिए. गर्मी के मौसम में प्यास लगना डिहाइड्रेशन का लक्षण है. इसलिए प्यास लगने से पहले ही पानी पीजिए.”
एक और विशेषज्ञ जॉन हॉपकिंस स्कूल ऑफ नर्सिंग में प्रोफेसर केथरीन लिंग कहती हैं कि ज्यादातर पेय अच्छे होते हैं लेकिन कैफीन युक्त पेय पदार्थों से बचना चाहिए क्योंकि उनकी वजह से डिहाइड्रेशन होता है. उनके मुताबिक, गर्मी के मौसम में अल्कोहल के सेवन से भी बचना चाहिए.
जहां तक संभव हो घर पर ही रहें
इस मौसम में जहां तक संभव हो, घर के भीतर ही रहना चाहिए, खासकर उस समय जब दिन के वक्त गर्म हवाएं ज्यादा चलती हैं और तापमान ज्यादा रहता है. इस समय घर पर आराम करना बेहतर होता है.
भारत में लू से बचने के लिए ज्यादातर लोग इन्हीं नुस्खों को आजमाते हैं.
मुरलीकृष्णन कहते हैं, "गुजरात में जिन स्कूलों में बच्चों को चार बजे शाम तक रहना पड़ता था, अब उनकी दोपहर में एक बजे ही छुट्टी कर दी जा रही है. लोग घरों में ही रहकर खुद को ठंडा रखने की कोशिश कर रहे हैं और बाहर नहीं निकल रहे हैं. लेकिन सभी के लिए ऐसा करना संभव नहीं है. गर्मी की मार सबसे ज्यादा मजदूरों को झेलनी पड़ रही है.”
वो बताते हैं, "भारत जैसे देश में जहां बड़ी संख्या में गरीब लोग रहते हैं, खासकर ऐसे लोग जो कि निर्माण क्षेत्र में नौकरी करते हैं, उन लोगों को वास्तव में लू के गर्म थपेड़ों को सहना पड़ता है. उन्हें काम करना पड़ता है क्योंकि घर चलाने के लिए पैसे चाहिए और काम नहीं करेंगे तो पैसे कहां से आएंगे.”
छाया में रहें और अपने सिर को ढककर रखें
पाकिस्तान के जैकबाबाद जिले में परवीन सिकंदर की स्थिति ऐसी नहीं है कि वो भीषण गर्मी के चलते अपना काम छोड़ दें और घर पर आराम करें. सिकंदर एक कृषि मजदूर हैं और दिहाड़ी पर काम करती हैं. सिकंदर जिस दिन काम पर नहीं जाएंगी, उन्हें उस दिन का पैसा नहीं मिलेगा.
डीडब्ल्यू से बातचीत में सिकंदर कहती हैं, "मेरा 14 साल का बेटा पिछले हफ्ते भीषण लू की चपेट में आ गया और बेहोश हो गया. मेरा बेटा भी मेरे साथ काम करता है और गधा गाड़ी पर फसल लादकर उसे पहुंचाता है.”
जैकबाबाद में तापमान 51 सेल्सियस तक पहुंच चुका है. सिकंदर कहती हैं कि वो और उनके साथ काम करने वाली दूसरी मजदूर औरतें खुद को ‘असुरक्षित' महसूस करती हैं और अपने कपड़ों को बार-बार गीला करके गर्मी से बचने की कोशिश करती हैं.
सिकंदर कहती हैं, "इस मौसम में तो ऐसा लगता है जैसे हम नरक में रह रहे हों. हम बच्चे थे तब इतनी गर्मी नहीं पड़ती थी.”
अभियंत तिवारी सलाह देते हैं कि इस मौसम में लोग जब भी किसी काम से बाहर जाएं तो अपने सिर को ढककर रखें. लिंग कहती हैं कि मजदूरों को भी जहां तक संभव हो, छाया में ही रहना चाहिए.
हवा लेते रहें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बुजुर्ग लोगों को सलाह देते हैं कि यदि हो सके तो उन्हें एसी कमरों में ही रहना चाहिए. भारत में एसी आसानी से सबको मिलने वाली चीज नहीं है. पहली बात तो गरीब लोग एसी में रह नहीं सकते और दूसरी बात यह है कि भारत में बिजली की बहुत समस्या है और बार-बार बिजली चली जाती है, कई बार तो तीन-चार घंटे तक नहीं आती.
कृष्णन कहते हैं कि जिनके पास एसी है, वो भी इसका बहुत फायदा नहीं ले पाते क्योंकि बार-बार बिजली कटौती की वजह से कई बार एसी जैसे उपकरण भी खराब हो जाते हैं.
बिना एसी के इमारतों को ठंडा रखना
तिवारी कहते हैं कि भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग कुछ परंपरागत तकनीकों का प्रयोग करते हैं जिससे कि उनके घर ठंडे रहें. मसलन, गांवों में लोग घरों को ठंडा रखने के लिये छतों पर गोबर का लेप कर देते हैं. शहरों में कुछ लोग अपने घरों में ‘कूल रूफ्स' लगवा रहे हैं जो कि हल्के रंग के होते हैं और गाढ़े रंग की छतों की तुलना में गर्मी कम सोखते हैं.
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और विशेषज्ञ राधिका खोसला कहती हैं कि घरों की छतों पर पानी से भरे बर्तन भी रखे जा सकते हैं जिसकी वजह से वाष्पन होगा और छतें कम गर्म होंगी और कमरे ठंडे रहेंगे.
इसके अलावा, खिड़कियों को बंद रखकर भी धूप को सीधे कमरों में आने से रोका जा सकता है और पंखे से हवा ली जा सकती है. कलाइयों, सिर और गले पर ठंडे कपड़े लपेटकर भी शरीर को गर्म हवा से बचाया जा सकता है.
सावधानी ही बचाव है
लू जैसी गर्म हवाएं यूं तो भारत और पाकिस्तान में बहुत आम हैं लेकिन दुनिया के अन्य हिस्सों में भी ये चलती हैं. हालांकि इस बार की लू काफी परेशान कर रही है.
इस बार भारत और पाकिस्तान में हवाएं पिछले कई सालों के मुकाबले सबसे ज्यादा गर्म रहीं. यही नहीं, आमतौर पर इन हवाओं के चलने का जो समय होता है, इस बार करीब दो महीने पहले यानी मार्च से ही चलने लगीं.
तिवारी कहते हैं, "ऐसा शायद जलवायु परिवर्तन की वजह से है. लेकिन गनीमत है कि 2015 की तरह इस बार भारत और पाकिस्तान में लू की वजह से लोगों को बीमार होकर अस्पताल नहीं जाना पड़ रहा है. 2010 में अहमदाबाद में भी बड़ी संख्या में लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था.”
तिवारी कहते हैं कि उस समय स्थिति बहुत ही खराब थी, अस्पताल मरीजों से भर गए थे और कई लोगों की मौत भी हो गई थी.
इस बार लू की वजह से मरने वालों का कोई आंकड़ा जारी नहीं हुआ है लेकिन 2010 या 2015 जैसी स्थिति नहीं दिख रही है. 2015 में करीब तीन हजार और 2010 में 1300 लोगों की मौत गर्म हवाओं यानी लू लगने की वजह से हुई थी. इस साल अब तक सिर्फ 90 लोगों की लू लगने से मौत की खबर है.
तिवारी कहते हैं कि यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसा क्यों है. उनके मुताबिक, हालांकि गर्म हवाओं का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन इसके पीछे एक यह वजह हो सकती है कि इसके बारे में जागरूकता अभियान खूब चलाए जा रहे हैं और लोग खुद भी सावधानी बरतने लगे हैं.