सोनीपत, 9 अप्रैल । जिंदल स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ एंड ह्यूमन डेवलपमेंट ने जिंदल स्कूल ऑफ गवर्नमेंट एंड पब्लिक पॉलिसी, जिंदल स्कूल ऑफ साइकोलॉजी एंड काउंसलिंग और जिंदल स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज के सहयोग से ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में विश्व स्वास्थ्य दिवस 2025 के उपलक्ष्य में एक दिवसीय समारोह का आयोजन किया। 'स्वस्थ शुरुआत, संभावनाओं भरा भविष्य' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्वानों, वैश्विक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और छात्रों ने हिस्सा लिया। इसमें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका), साउथेम्प्टन यूनिवर्सिटी (ब्रिटेन), बीआरएसी यूनिवर्सिटी (बांग्लादेश) और यूएनएसडब्ल्यू सिडनी, हरियाणा सरकार के विशेषज्ञ, यूनिसेफ, पीएटीएच, पीएचएफआई और जेजीयू के संकाय सदस्य शामिल थे। प्रो. साबू पद्मदास और प्रो. विक्रम पटेल ने विशिष्ट व्याख्यान दिए और अन्य प्रतिभागियों ने पैनल चर्चा, पोस्टर निर्माण और प्रस्तुतियों में भाग लिया। सबसे पहले मेजबान स्कूलों के डीन ने स्वागत भाषण दिए।
डीन स्टीफन पी मार्क्स ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के मुख्य लक्ष्यों को रेखांकित किया, जिसमें गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच, मातृत्व एवं नवजात स्वास्थ्य में विसंगतियों को कम करना, शिक्षा और प्रशिक्षण, सामुदायिक जुड़ाव और नीतिगत प्रतिबद्धता शामिल है। डीन कैथलीन मोड्रोव्स्की ने बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए समाज के साथ मिलकर काम करने वाले विश्वविद्यालयों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में छात्रों के प्रयासों का उदाहरण दिया, जहां वे समाज से सीखते हैं और साथ ही साथ समाज के लिए भी योगदान देते हैं। डीन आर. सुदर्शन ने संयुक्त राष्ट्र में अपने करियर के दौरान सहायकता (सबसिडियरीटी) से जुड़े सबक और नीति के सफल कार्यान्वयन के अनुभव के बारे में बताया जिसमें नीतियों को धरातल पर लागू करने वाले लोग अवधारणा की प्रक्रिया में शामिल होते हैं। डीन डेरिक लिंडक्विस्ट ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंधों और जीवन चक्र में महिलाओं के सामने आने वाले मानसिक स्वास्थ्य मुद्दों की विस्तृत श्रृंखला और जीवन कौशल प्रशिक्षण के महत्व पर चर्चा की। जेजीयू के संस्थापक कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. राज कुमार ने विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम की प्रशंसा की और जेएसपीएच के डिग्री कार्यक्रमों के विकास के बारे में बताया, जिसमें ग्लोबल हेल्थ एंड ह्यूमन डेवलपमेंट में एक नए ऑनलाइन एमएससी कोर्स का शुभारंभ और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुसार दो वर्षीय आवासीय मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ (एमपीएच) की जगह एक वर्षीय आवासीय एमपीएच प्रोग्राम की शुरुआत शामिल है।