विचार / लेख
-संजीव शुक्ला, पुलिस कमिश्नर, रायपुर
आज सभी ओर Gen Z की चर्चा है। हर कोई इनसे कम्यूनिकेट करना चाहता है। बच्चों से हम बात करें, कम्यूनिकेट करें, उससे पहले बच्चों से कम्यूनिकेट कैसे करें, इस पर चर्चा जरूरी है। क्या ये बच्चे कोई उपकरण हैं, जिसे हम ऑन कर दें, अचानक उनसे बात करें और यह उम्मीद करें कि वे न केवल हमारी बात सुनें, बल्कि हमसे सहमत भी हो जाएँ?
हम याद करें कि इससे पहले कब हम अपने बच्चों से बात किए थे, कब उनके साथ बैठकर उनके विचारों, उनकी सोच को जानने की कोशिश किए थे और अपनी बात उन्हें बताई थी। सच तो यह है कि इस भागदौड़ की जिंदगी के बीच हम परिवार में बच्चों के साथ बैठ ही नहीं पाते हैं और यदि कुछ समय के लिए मिलते भी हैं, तब भी हम सभी अपने-अपने मोबाइल, लैपटॉप, सोशल मीडिया आदि में व्यस्त रहते हैं। आज हमारी आपस में बातचीत फिजिकल से अधिक वर्चुअल हो रही है।
हमें यह भी समझना होगा कि प्रत्येक पीढ़ी अपने पहले की पीढ़ी से अलग होती है। पहले दो पीढ़ियों के बीच विचारों का अंतर बहुत कम होता था, किंतु आज ग्लोबलाइजेशन का दौर है। परिवर्तन अधिक तेजी से हो रहा है, इसीलिए दो पीढ़ियों के विचारों का अंतर भी बढ़ गया है। पहले जो जेनरेशन चेंज 25 साल में होता था, अब 10 साल में हो रहा है।
आज के बच्चे नॉलेज और सूचनाओं से अपडेटेड हैं। उनके पास दुनिया में कहाँ क्या हो रहा है, इसकी जानकारी है। आज के बच्चे बिना तर्क किए, बिना सहमत हुए हमारी हर बात मान लें, यह संभव नहीं है और हमारे पास उनसे बात करने का, उन्हें सहमत करने का न तो समय है और न ही धैर्य। हम चाहते हैं कि हम एक बटन दबा दें और बच्चे वैसा ही सोचने और समझने लगें, जैसा हम चाहते हैं, किंतु अब यह संभव नहीं है।
एक और बात। हमेशा से हर पीढ़ी अपने पहले की पीढ़ी के आचरण और व्यवहार से ही सीखती रही है। हमें यह देखना होगा कि हमारा आचरण क्या है। सोचना होगा कि क्या हमारा आचरण, हमारा व्यवहार ऐसा है, जैसा हम अपने बच्चों को बनाना चाहते हैं?
आज की नई जनरेशन ऊर्जा से भरी हुई है। इस ऊर्जा का उपयोग देश और दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जा सकता है, किंतु यह केवल बोलकर, लिखकर नहीं किया जा सकता। यह सतत प्रक्रिया है।
आज यह सही समय है कि हम ठहरकर इस पर विचार करें, अपने बच्चों से नियमित कम्यूनिकेट करें, उन्हें तर्कों के साथ अपनी बात से सहमत करें और उनकी सही बातों से हम भी सहमत हों और सबसे महत्वपूर्ण, अपने आचरण और व्यवहार से उनमें चरित्र निर्माण का प्रयास करें। यह सतत और लंबी प्रक्रिया है और इसे निभाने की जिम्मेदारी हमारी पीढ़ी की है।
तो आइए, केवल शिकायत न करें, समाधान का प्रयास करें और अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।