विचार / लेख

झारखंड के उबाल पर एक नजर
10-Aug-2026 7:56 PM
झारखंड के उबाल पर एक नजर

-पुष्य मित्र

मैं रांची में नहीं हूं, मगर वहां की खबरों से लगातार जुड़ा हुआ हूं। हो सकता है, मेरा आकलन गलत हो, मगर मुझे जो वहां के उबाल के बारे में समझ आ रहा है, उसे तीन बिंदुओं में जाहिर करना चाहूंगा।

1. खबरों से समझ आता है कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में भीषण किस्म की धांधली हुई है और आंदोलन होने तक हेमंत सोरेन की सरकार इससे बिल्कुल गाफ़िल रही और सोई रही। हालांकि सच यह भी है कि ये धांधलियां पहले की सरकारों में भी इसी तरह हुई है। भर्तियों में धांधली होना और सरकारों का सोए रहना वहां की परम्परा बन चुकी है। इस लिहाज से छात्रों का आंदोलन बिल्कुल जायज था। उनके दुख और उनका गुस्सा जायज है। और कल तक छात्रों ने बड़े संयम से अपना आंदोलन जारी रखा।

2. आंदोलन शुरू होने पर हेमंत सरकार जागी और उन्होंने कार्रवाई भी की और छात्रों से बातचीत का रास्ता भी कायम रखा। कल जो तीसरे दौर की मैराथन बातचीत हुई उसमें सरकार अपनी तरफ से जो कर सकती थी उसने वह करने का वादा कर दिया। लगभग सभी मांगें मान ली हैं। सिवा एक परीक्षा के जो अदालत की निगरानी में हो रही है और जिसमें लोग नौकरी भी कर रहे हैं। सरकार ने कहा चूंकि इसमें अदालत शामिल है, ऐसे में इसे मानना उनके बस की बात नहीं। इस बात को समझा जाना चाहिए था।

3. मुझे लगा था सरकार अगर इतनी बातें मान लेती है तो आंदोलनकारी छात्र नरम पड़ जायेंगे, कोई बीच का रास्ता निकलेगा। मगर कल तक जिस धैर्य और सहनशीलता का परिचय छात्रों ने दिया था, वे कल शाम से अजीब तरीके से रिजिड हो गए। कह दिया विधानसभा का घेराव होगा तो होगा। यह बात मुझे जमी नहीं। अगर सरकार बात न करने पर अड़ी हो तो प्रोटेस्ट की वजह समझ आती है, मगर बातचीत हो रही हो, मांगें मानी जा रही हो, फिर भी हंगामेदार आंदोलन शुरू कर देना, यह असहज करता है। ऐसा लगता है कि अब आंदोलनकारी सिर्फ अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। क्योंकि सरकार अब शायद ही इससे आगे बढ़ पाए।

इसलिए आज का झारखंड का आंदोलन मेरे अंदर छात्रों के प्रति बहुत संवेदना नहीं जगाता। हो सकता है मेरी राय गलत हो, किसी को और कुछ समझ आता है तो बताइए, मैं समझने के लिए तैयार हूं।


अन्य पोस्ट