विचार / लेख
-डॉ. संजय शुक्ला
छत्तीसगढ़ में जिस तेजी से औद्योगिकीकरण हुआ है उसी रफ्तार से औद्योगिक दुर्घटनाएं भी हो रही है जिसमें बेबस मजदूरों की जानें जा रही है। इसी हफ्ते राजधानी रायपुर के आसपास के दो उद्योगों में हादसे की वजह से चार श्रमिकों की मौत हो गई। बीते 7 जुलाई को उरला औद्योगिक क्षेत्र के एक स्टील फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। शुरूआती जांच में पता चला है कि यह हादसा एक 17 वर्षीय नाबालिग के द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर बदलते समय सिलेंडर फटने से हुई। इसी तरह कुछ दिनों पहले इसी औद्योगिक इलाके के एक और उद्योग में लोडिंग मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। आश्चर्यजनक तौर पर इस लोडिंग मशीन को भी एक नाबालिग चला रहा था। गौरतलब है कि इसी साल 14 अप्रैल सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित में वेदांता समूह के पावर प्लांट के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण अब तक 24 मजदूरों की मौत हो गई थी तथा लगभग दो दर्जन से ज्यादा श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए थे। साल 2009 में भी इसी समूह के कोरबा के वेदांता-स्टरलाइट पॉवर प्लांट चिमनी गिरने से 40 मजदूरों की मौत हो गई थी। अलबत्ता छत्तीसगढ़ के औद्योगिक इकाइयों में बॉयलर फटने या अन्य हादसों में मजदूरों के मरने या गंभीर रूप से घायल होने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
केंद्रीय श्रम मंत्रालय द्वारा जारी सूचना अनुसार बीते पांच सालों में देश भर में 6,500 श्रमिकों ने औद्योगिक दुर्घटनाओं में जान गंवाया है जो औसतन प्रतिदिन 3 मौतों का संकेत देता है। भारत में अतीत में अनेक बड़े औद्योगिक दुघर्टनाएं हुई है जिसमें 1984 में भोपाल के यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री में गैस रिसाव के चलते 3,700 लोग मारे गए तथा हजारों घायल हुए। मृतकों में बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। इस गैस त्रासदी का अभिशाप आज भी बहुत लोग भोग रहे हैं। इसी तरह 1975 में चासनाला कोयला खदान दुर्घटना में 700 लोगों की मौत हुई। साल 209 में कोरबा निर्माणाधीन चिमनी ढहने से 45 श्रमिकों की मौत हुई। देश में सबसे ज्यादा औद्योगिक दुर्घटनाओं वाले पांच राज्यों की सूची में छत्तीसगढ़ भी शुमार है। इसके अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान है जहां औद्योगिक हादसों के मामले ज्यादा दर्ज किए गए हैं।
इधर छत्तीसगढ़ विधानसभा में सरकार की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक 2023 से 2026 यानि बीते 3 वर्षों के दौरान उद्योगों में हादसों की वजह से 296 मौतें हुई हैं वहीं 248 से ज्यादा श्रमिक घायल हुए। आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य के उद्योगों में दुर्घटनाओं की वजह से औसतन हर चार दिन में एक श्रमिक की मौत हुई है जो चिंताजनक है।अमूमन हर हादसे के बाद जहां शासन-प्रशासन द्वारा दुर्घटना की जांच के लिए न्यायिक जांच समिति गठित कर दी जाती है वहीं दूसरी ओर उद्योग प्रबंधन में मृतकों और घायलों को चंद पैसे मुआवजा देकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री मान लेती है। हर हादसे के बाद मजदूर संगठन अपना आक्रोश प्रदर्शित करने के लिए औद्योगिक इकाइयों के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी औपचारिकता पूरी कर लेती है तो दूसरी ओर राजनीतिक दल भी मीडिया में सरकार का लानत-मलामत कर अपना सियासी धर्म निभा लेता है। लेकिन इस बीच सिर्फ बच जाता है तो हादसे में मारे गए मजदूरों के परिवारों की सिसकियां और अपंग मजदूर के लिए जीवन भर की लाचारी।
धान का कटोरा छत्तीसगढ़ की एक प्रमुख पहचान औद्योगिक राज्य की भी है जिसके चलते राज्य में बड़े, मझोले और छोटे उद्योगों की अच्छी खासी तादाद मौजूद है। सरप्लस बिजली, प्रचुर खनिज संसाधन, सुगम कनेक्टिविटी, सस्ती मजदूरी और शांतिपूर्ण कानून - व्यवस्था के चलते राज्य में कोयला आधारित लौह और बिजली संयंत्रों तथा सीमेंट प्लांट का जाल बिछा हुआ है। देश के सभी शीर्ष औद्योगिक घरानों के उद्योग यहां स्थापित हैं। आंकड़े के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 7, 324 कारखाने स्थापित हैं जिसमें से 948 ‘खतरनाक’ और 32 ‘अत्यंत खतरनाक’ श्रेणी के हैं।विचारणीय है कि छत्तीसगढ़ जहां औद्योगिक विकास की दौड़ में देश के शीर्ष राज्यों को लगातार पीछे छोड़ रहा है वहीं औद्योगिक हादसों के मामले में राज्य की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन औद्योगिक हादसों की प्रमुख वजह औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं तकनीकी खामियां, उद्योग प्रचालन नियमों का उल्लंघन, श्रमिकों के पास व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) एवं प्रशिक्षण का अभाव है। औद्योगिक दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के मद्देनजर औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा तथा श्रम विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। देश और प्रदेश के अधिकांश औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिक दो तरीकों से नियोजित होते हैं और यह सब श्रम कानूनों से बचने के लिए किया जाता है। देश के सार्वजनिक क्षेत्रों के प्रतिष्ठान से लेकर निजी उद्योगों में तकनीकी और प्रशासनिक अधिकारी प्रबंधन द्वारा नियुक्त होते हैं वहीं बड़ी संख्या में ठेकेदारों के अंतर्गत ‘कांट्रेक्ट लेबर’ अनुबंधित होते हैं। भले ही श्रम कानूनों में ठेका मजदूरों के वेतन, बीमा, चिकित्सा और सुरक्षा के प्रावधान मौजूद हैं लेकिन सबसे ज्यादा हक इन्हीं श्रमिकों का मारा जाता है।
बहरहाल छत्तीसगढ़ में हो रहे औद्योगिक विकास के बीच मजदूरों के अधिकार और जनस्वास्थ्य पर भी दशकों से बहस जारी है। राज्य गठन के पहले छत्तीसगढ़ का भिलाई इस्पात संयंत्र और कोरबा में एनटीपीसी और बाल्को का पॉवर प्लांट और एल्यूमीनियम संयत्र सबसे बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में शुमार थे। आर्थिक उदारीकरण के दौर में छत्तीसगढ़ में बड़ी तेजी से लौह, सीमेंट, पावर प्लांट सहित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के स्थापना ने गति पकड़ी। जैसे-जैसे राज्य में उद्योगों का विस्तार हुआ वैसे-वैसे मजदूरों - ग्रामीणों और औद्योगिक प्रबंधनों के बीच अनेक मुद्दों पर टकराव बढ़ा जिससे कानून और व्यवस्था की स्थितियां निर्मित हुई। छत्तीसगढ़ में नब्बे के दशक तक प्रसिद्ध मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी के अगुवाई वाले छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ‘छमुमो’ की अच्छी- खासी धमक थी। यह संगठन मजदूरों के हितों के लिए काफी संघर्षशील था इसके अलावा इसने मजदूरों के बीच सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में नशामुक्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर काम किया था। अपने प्रभाव वाले इलाके में छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा एक राजनीतिक ताकत के तौर पर उभर रहा था तथा मोर्चा का अनेक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में खासा प्रभाव भी था।
मजदूर आंदोलनों और ट्रेड यूनियनों के लिए वह इतिहास का काला दिन था जब छत्तीसगढ़ के शीर्ष श्रमिक नेता शंकर गुहा नियोगी की 28 सितंबर 1991 को गोली मारकर हत्या कर दी गई। कॉमरेड नियोगी की हत्या के साथ ही छत्तीसगढ़ में मजदूर आंदोलन की आवाज मद्धम पड़ गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ में औद्योगिक प्रदूषण, फर्जी ग्राम सभाएं तथा जबरिया जमीन कब्जे के नाम पर औद्योगिक प्रबंधनों और ग्रामीणों व विभिन्न संगठनों के बीच हिंसक संघर्ष तथा टकराव के अनेक मामले घटित हुए हैं। वर्तमान हालात को देखें तो छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के हितों के लिए लडऩे और उद्योग प्रबंधनों की मनमानी रोकने के लिए कोई भी सशक्त संगठन नहीं है जिसका खामियाजा मजदूर और आम जनता भुगत रहे हैं।
विचारणीय है कि देश में कारखाना संचालन और श्रमिकों के वेतन , स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए तमाम कानूनी प्रावधान मौजूद हैं।कारखाना श्रमिकों के कल्याण के लिए पेंशन और स्वास्थ्य बीमा सहित शिक्षा, खाद्य और आवास योजनाएं लागू है। देश में कारखाना अधिनियम 1948 के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य, चिकित्सा, सुरक्षा, कल्याण और कार्य के घंटे के साथ ही बाल श्रम पर रोक के उपाय मौजूद हैं। इस कानून में साल 1987 तथा 2020 में संशोधन करते हुए महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए भी नियम लागू किए गए हैं। इसके अलावा औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा कानून जो अभी व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता 2020 के तहत अनेक पुराने श्रम कानूनों को एकीकृत किया गया है। छत्तीसगढ़ में उपरोक्त अधिनियमों के अलावा बॉयलर अधिनियम 1923 भी लागू है। औद्योगिक प्रदूषणों के रोकथाम के लिए जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम 1974, वायु प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम 1981, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 लागू है। इसके अलावा औद्योगिक अपशिष्टों के प्रबंधन के लिए खतरनाक अपशिष्ट प्रबंधन और सीमा पार संचलन नियम 2016 प्रभावी है। उद्योगों में खतरनाक रसायनों से होने वाले दुर्घटनाओं में प्रभावितों को राहत देने के लिए लोक दायित्व बीमा अधिनियम 1991 का प्रावधान है। उद्योगों के लागू उपरोक्त कानूनों और नियमों के अनुपालन, नियंत्रण और निरीक्षण के देश और राज्यों में आधा दर्जन से ज्यादा विभाग, ट्राइब्यूनल, एजेंसी, बोर्ड सहित भारी भरकम अमला अस्तित्व में है लेकिन इन कानूनों और नियमों की जमीनी हकीकत बेहद निराशाजनक है।
बहरहाल इसमें दोराय नहीं कि देश और प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए उद्योग एक अनिवार्य आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ जैसे विकासशील राज्य में उद्योगों के विस्तार से रोजगार और व्यापार के काफी अवसर बढ़े हैं जिससे आर्थिक विकास को गति मिल रही है। चिंताजनक यह भी कि औद्योगिक विकास की इस दौड़ में श्रमिकों की सुरक्षा कहीं न कहीं पीछे छूट रही है जिस पर विचार आवश्यक है। अहम सवाल यह कि औद्योगिक दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन और एजेंसियों द्वारा किए जाने वाले जांच के नतीजों और सुझावों के प्रति आखिरकार सरकार कितना संजीदा है? दरअसल उद्योगों में हादसों में मजदूरों के मौत के बाद जिस मुस्तैदी से पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय होता है लेकिन बाद में वह कार्रवाई के नाम पर उद्योग प्रबंधन से मुआवजा या नौकरी के लिए समझौता कराकर मामले को ठंडा करा देता है फलस्वरूप प्रतिष्ठान के उद्योगपति और अधिकारी कार्रवाई से बच जाते हैं।औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञों की मानें तो समय रहते यदि श्रमिकों की सुरक्षा और श्रम कानूनों के पालन की दिशा में सख्त कदम नहीं उठाया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती जाएगी जिससे औद्योगिक मजदूरों में असंतोष बढ़ेगा। मजदूर आंदोलनों के इतिहास पर गौर करें तो ऐसे आंदोलनों ने आर्थिक विकास पर काफी गहरा असर डाला है फलस्वरूप वहां बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है। छत्तीसगढ़ सहित अन्य हिस्सों में मजदूर आंदोलनों के चलते अनेक उद्योगों में जहां तालाबंदी हो गई अथवा इसे अन्य राज्यों में विस्थापित होना पड़ा है।? लिहाजा आज जरूरत उद्योग धंधों के विकास के साथ ही प्रतिष्ठानों में श्रमिक सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की है।
औद्योगिक दुर्घटनाओं के प्रभावी रोकथाम के लिए श्रमिकों को मशीन संचालन और सुरक्षा नियमों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। अधिकतर औद्योगिक दुर्घटनाओं के लिए कारखानों के मशीनरी का नियमित रखरखाव, सुधार और जांच प्रक्रिया में कोताही नजर आयी है लिहाजा प्रबंधन को इस दिशा में संवेदनशील और गंभीर होने की दरकार है। इसके अलावा कारखानों में आपातकालीन स्थिति में श्रमिकों के त्वरित उपचार हेतु चौबीस घंटे एंबुलेंस युक्त सुसज्जित चिकित्सा केंद्र और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। कारखानों में सुरक्षा नियमों के सख्ती से अनुपालन के लिए औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा अमले को फैक्ट्रियों के नियमित निरीक्षण और श्रमिकों के स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता में लाना होगा। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता से श्रमिक सुरक्षा संभव हो सकेगा। इसके अलावा उद्योगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान और प्रदूषण निवारण यंत्रों के समुचित संचालन के प्रति सजग होना चाहिए।उद्योग प्रबंधन को श्रमिकों को गुणवत्तायुक्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण ‘पीपीई’ जैसे मास्क, दस्ताने, एप्रन, हेलमेट आदि की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के लिए मैकेनिज्म लागू करना होगा। उपरोक्त उपायों से जहां मजदूरों और औद्योगिक प्रबंधन के बीच विश्वास बढ़ेगा वहीं देश भी खुशहाल बनेगा।