विचार / लेख

हर लडक़ी करीना कपूर
03-Feb-2024 4:31 PM
हर लडक़ी करीना कपूर

द्वारिका प्रसाद अग्रवाल

हमारी गाइड रिहब ने हमें चेताया कि पिरामिड का व्यास बहुत बड़ा है, यदि हमने उसकी परिक्रमा की तो एक घंटा लग जाएगा इसलिए हम उसे चारों तरफ जाकर न देखें। हम सब बस-स्टाप के सामने ही रहे। बहुत भीड़ थी। मिस्र के स्थानीय निवासियों के अतिरिक्त अन्य देशों के लोग भी उत्सुकता के साथ पिरामिड को निहार रहे थे, उसके ऊपर चढऩे की कोशिश कर रहे थे।

हम दोनों तलहटी में थे, एक सुमुखी बाला हमें देखकर मुस्कुराई और हमसे पूछा- ‘इंडिया?’

 ‘यस, इंडिया।’ माधुरी ने स्वीकारोक्ति की।

 ‘आई लव इंडिया। आय एम फातिमा...पेलेस्टाइन।’

 ‘यासर अराफात वाज़ अवर फ्ऱेंड, सो यू आर आल्सो अवर फ्रेंड।’ मैंने कहा। वह खुश हो गई। उसने हमसे कहा- ‘मे आई टेक योर फोटो ?’

‘श्योर।’ हम सबने एक-दूसरे के चित्र लिए।

भाषा की समस्या थी, अधिक बात न हो सकी लेकिन हम सब इस तरह मिलकर भावविभोर थे। करीना कपूर जैसी खूबसूरत लडक़ी के बगल में खड़े फोटो खिंचवाने का सुख केवल काले-कलूटों को ही समझ में आ सकता है। वैसे एक बात आपको ऐसी बता सकता हूँ कि हिन्दुस्तानी युवतियाँ जल-भुन जाएंगी, पक्का। अपने देश में तो उँगलियों में गिनने लायक करीना कपूर हैं, इजिप्त और आसपास के देशों की हर लडक़ी करीना कपूर है। फक्क-गोरा रंग, मदहोश करने वाली आँखें, आँखों में मोटा कजरा, गुलाब के फूल जैसे होंठ, और भी बहुत सी खूबियाँ लेकिन सबसे ऊपर उनका गुण है, अपरिचितों के संग भी मधुर-संभाषण। हमारे देश की लड़कियों से बात करो तो खूबसूरत हों न हों, ऐसा भाव खाती हैं कि मत पूछो !

अचानक एक युवक ने मेरी पीठ थपथपाई-  ‘इंडिया ?’

‘यस, इंडिया।’ मैंने जवाब दिया, वह खुशी के मारे उछलने लगा-‘इंडिया... शारुख्खान, रितिक, अमिताभ ?’

 ‘यू सी इंडियन फिल्म ?’

 ‘यस, आई लव शारुख्खान।’ वह बहुत देर तक हम लोगों से भारतीय फिल्मों के बारे में बात करता रहा और हमें अपनी माँ और छोटी बहन से मिलवाने ले गया। वे स्थानीय निवासी थे, सत्तर किलोमीटर दूर से पिकनिक मनाने आए थे।

इजिप्त में हमारी फिल्में बहुत लोकप्रिय हैं, ये फिल्में हमारे देश की पहचान है। मुझे ऐसा लगा कि शाहरुख खान की लोकप्रियता वहाँ चरम पर है, मैंने कई युवतियों से बात की तो शाहरुख खान का जिक्र आते ही नाम सुनकर सम्मोहित हो जाती थी। कुछ लड़कियों ने तो झूमते हुए  ‘शारुख्खान’ का नाम लिया और आसमान की ओर देखकर ‘फ्लाइंग किस’ भेजने लगी, एक बार नहीं, कई बार ! सच में।

(फोटो सोशल मीडिया से)


अन्य पोस्ट