2 दिसंबर: ब्रिटेन के राजा-रानी पहली बार भारत आए, याद में बना ‘गेटवे आफ इंडिया’
नयी दिल्ली, 2 दिसंबर। मुंबई जाने वाले ज्यादातर लोग ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ देखने जरूर जाते हैं और इसकी स्थापत्य कला और भव्यता से प्रभावित हुए बिना नहीं रहते, लेकिन इस बात से बहुत कम लोग वाकिफ हैं कि गुलाम देश को उपकृत करने दो दिसंबर 1911 को पहली बार यहां आए ब्रिटेन के तत्कालीन राजा जार्ज पंचम और रानी मैरी का धन्यवाद करने और उनकी यात्रा की याद में देश की वाणिज्यिक राजधानी में समुद्री मार्ग के प्रवेश द्वार के तौर पर ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ का निर्माण किया गया।
दक्षिण मुंबई में समुद्र तट के पास स्थित यह 26 मीटर ऊंचा द्वार है, जो प्रसिद्ध वास्तुशिल्पी जॉर्ज विंसेंट के नेतृत्व में 1924 में बनकर तैयार हुआ। समुद्र के रास्ते मुंबई आने पर सबसे पहले महानगर की जो इमारत दिखाई देती है वह गेटवे आफ इंडिया ही है।
देश-दुनिया के इतिहास में दो दिसंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1804 : नेपोलियन बोनापार्ट की फ्रांस के सम्राट के तौर पर ताजपोशी की गई।
1911 : जॉर्ज पंचम और क्वीन मैरी भारत आने वाले ब्रिटेन के पहले राजा, रानी बनें। उनके बंबई (अब मुंबई) आगमन की याद में गेटवे ऑफ इंडिया बनाया गया।
1976 : फिदेल कास्त्रो क्यूबा के राष्ट्रपति बने। 1971 : अरब प्रायद्वीप के छह क्षेत्रों ने मिलकर संयुक्त अरब अमीरात की स्थापना की। फरवरी 1972 में इनमें एक सातवां देश भी शामिल हुआ।
1981 : अमेरिकी गायिका ब्रिटनी स्पियर्स का जन्म।
1989 : विश्वनाथ प्रताप सिंह देश के सातवें प्रधानमंत्री बने।
1999 : भारत में बीमा क्षेत्र में निजी क्षेत्र के निवेश को मंजूरी मिली।
2003 : बोस्नियाई सर्ब के पूर्व सैन्य कमांडर मोमिर निकोलिक को हेग स्थित संयुक्त राष्ट्र की युद्धापराध अदालत ने 1995 के नरसंहार के लिए दोषी ठहराया और 27 साल कैद की सजा सुनाई।
2006 : फिलीपीन में ज्वालामुखी का मलबा गिरने से 208 लोगों की मौत, 261 अन्य घायल।
2020 : देश में कोविड-19 के 31,118 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या 94.62 लाख से ज्यादा हो गयी। (भाषा)
19 नवंबर : भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्मदिन
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा)। इंदिरा गांधी भारत की राजनीति में एक ऐसा नाम है, जिनका व्यक्तित्व और कृतित्व सदा चर्चा में रहा। देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री के तौर पर उन्होंने ऐसे कई फैसले लिए, जिनकी वजह से मोरारजी देसाई द्वारा ‘‘गूंगी गुड़िया’’ कही गई इंदिरा ‘आयरन लेडी’ के तौर पर उभरीं।
जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू के यहां 19 नवंबर, 1917 को जन्मी कन्या को उसके दादा मोतीलाल नेहरू ने इंदिरा नाम दिया और पिता ने उसके सलोने रूप के कारण उसमें प्रियदर्शिनी भी जोड़ दिया। फौलादी हौसले वाली इंदिरा गांधी ने लगातार तीन बार और कुल चार बार देश की बागडोर संभाली।
सियासत की माहिर इंदिरा के कुड फैसले विवादित भी रहे। प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सिफारिश पर देश में लगाए गए आपातकाल को उन्हीं फैसलों में गिना जाता हैं, जिसकी वजह से उन्हें अपनी सत्ता से भी हाथ धोना पड़ा और एक अन्य विवादित फैसला उनकी मौत की वजह बना। जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई की कीमत उन्हें अपने सिख अंगरक्षकों के हाथों जान गंवाकर चुकानी पड़ी।
19 नवंबर की तारीख पर इतिहास में दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1824 : रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर में बाढ़ से दस हजार लोगों की मौत।
1838 : ब्रह्मसमाज के आध्यात्मिक नेता केशब चंद सेन का जन्म।
1917 : इंदिरा गांधी का उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में जन्म।
1977 : मिस्र के राष्ट्रपति अनवर सादात का ऐतिहासिक इस्राइल दौरा। यह किसी अरब नेता का पहला इस्राइल दौरा था। इस दौरान उन्होंने शांति स्थापना का प्रस्ताव पेश किया।
1982 : नयी दिल्ली में नौवें एशियाई खेलों की शुरूआत। लंबे अर्से के बाद देश में विशाल पैमाने पर खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
1985 : अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन और सोवियत नेता मिखाइल गोर्बाचेव के बीच पहली मुलाकात। दोनों जिनेवा में एक शिखर सम्मेलन के दौरान मिले।
1994 : भारत की ऐश्वर्या राय मिस वर्ल्ड चुनी गईं।
1995 : कर्णम मल्लेश्वरी ने भारोत्तोलन में विश्व कीर्तिमान बनाया।
1997 : कल्पना चावला अंतरिक्ष जाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
2000 : पाकिस्तान की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की माँ नुसरत भुट्टो को दो वर्ष के कठिन कारावास की सज़ा सुनाई।
2007 : अमेजन ने किताब पढ़ने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरण किंडल की बिक्री शुरू की, जिसने ई-बुक्स को प्रचलित बनाने में बड़ा योगदान दिया।
2019 : गोटबाया राजपक्षे ने श्रीलंका के राष्ट्रपति पद की शपथ ली।
26 अक्टूबर : जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा)। साल के दसवें महीने की 26 तारीख देश के ऐतिहासिक और भौगोलिक स्वरूप के निर्धारण में बहुत खास है। यह उन दिनों की बात है, जब 1947 में बंटवारे की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई थी। हर तरफ अफरा-तफरी और अनिश्चितता का माहौल था। ऐसे में हमसाया देश आक्रामक हो उठा और बंटवारे के बाद अस्तित्व में आए पाकिस्तान ने कश्मीर पर हमला कर दिया।
परिस्थितियों को देखते हुए कश्मीर के राजा हरि सिंह ने 26 अक्टूबर, 1947 को अपने राज्य को भारत में मिलाने का फैसला किया। इस आशय के समझौते पर हस्ताक्षर होते ही भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर पहुंचकर हमलावर पड़ोसी की सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस लड़ाई में कश्मीर का कुछ हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। कश्मीर आज तक दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी की वजह बना हुआ है।
देश-दुनिया के इतिहास में 26 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1890 : पत्रकार, समाज-सेवी, स्वतंत्रता सेनानी और कुशल राजनीतिज्ञ गणेशशंकर विद्यार्थी का जन्म।
1947 : बंटवारे के बाद पाकिस्तान की ओर से हमला होने पर जम्मू-कश्मीर के राजा हरि सिंह ने भारत के साथ जाना तय किया।
1947 : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी और 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का जन्म। वह बराक ओबामा की सरकार में देश की विदेश मंत्री भी रहीं।
1958 : अमेरिका के पहले जेट विमान बोइंग 707 को पैन अमेरिका वर्ल्ड एयरवेज के लिए सेवा में शामिल किया गया।
1962 : चीनी हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति ने देश में पहली बार आपातकाल की घोषणा की।
1969 : अपोलो-11 से अंतरिक्ष में गए आर्मस्ट्रांग और एल्डरिन बम्बई पहुंचे। वे चंद्रमा की सतह पर उतरने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री थे। 1979 : दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क चुंग-ही की उनके ही पुराने मित्र और कोरियाई केन्द्रीय गुप्तचर एजेंसी के प्रमुख किम जाए-क्यू ने हत्या कर दी। उन्हें उनके इस अपराध के लिए मौत की सजा दी गई।
1994 : इज़राइल और जॉर्डन ने 46 वर्ष के युद्ध के बाद शांति संधि पर हस्ताक्षर किए।
1998 : मध्य अमेरिकी देशों मैक्सिको, होंडुरास और निकारागुआ में इतिहास का उस समय तक का सबसे घातक तूफान आने से तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और हजारों अन्य बेघर हो गए।
1999 : उच्चतम न्यायालय ने आजीवन कारावास की अवधि 14 वर्ष तय की।
2006 : भारत में महिलाओं को दहेज हिंसा के मामलों और घरेलू हिंसा से बचाने के लिए एक कानून पारित किया गया।
2012 : म्यांमा में हिंसक झड़पों में 64 लोगों की मौत।
2015 : उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान की हिंदूकुश पर्वत श्रृंखला में 7.5 तीव्रता वाले भूकंप से 398 लोगों की मौत, 2536 घायल।