खेल
कैनबरा, 13 दिसंबर। ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग का धमाल शुरू हो चुका है। दुनिया के कई बड़े क्रिकेटर इस लीग में हिस्सा ले रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई दर्शक गर्मी के मौसम में इन मैचों का जमकर मजा लेते हैं। इस लीग में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के धमाल के बीच मैदान पर कई बार ऐसी घटनाएं भी हो जाती हैं, जो लंबे वक्त तक लोगों को याद रहती है। कुछ ऐसी ही अजीबोगरीब घटना शनिवार को मेलबर्न स्टार्स और सिडनी थंडर के मैच के दौरान हुई, जहां कुछ पल के लिए गेंद खो गई।
ये घटना मेलबर्न की पारी के 20वें ओवर की है। गेंदबाजी के मोर्चे पर सिडनी के डैनियल सैम थे, और उनका सामना कर रहे थे मेलबर्न के निक लार्किन। निक ने लेंथ बॉल को स्लॉग स्वीप करने की कोशिश की।
डैनियल की इस गेंद को निक सही तरीके से टाइमिंग के साथ नहीं खेल पाए। लिहाजा कमर की ऊंचाई तक की ये गेंद बल्ले का बहारी किनारा लेते हुए निक के जर्सी के अंदर घुस गई। बल्लेबाज बिना कुछ देखे एक रन के लिए भागे। क्रीज के दूसरे छोर पर खड़े एडम जम्पा ने भी निक का एक रन चुराने में साथ दिया। जैसे ही निक रन के लिए भागने लगे, आधी पिच क्रॉस करने के बाद गेंद उनकी जर्सी से नीचे गिरी। इस बीच मैदान पर फील्डिर से लेकर बल्लेबाज़, कॉमेंटेटर और फिर दर्शक हर कोई गेंद की तलाश करने लगे। बाद में लोगों को पता चला कि गेंद तो निक के जर्सी के अंदर चली गई थी।


