खेल
दोनों वर्गों में नांदगांव बना विजेता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 अक्टूबर। राजनांदगांव के स्टेट स्कूल हैंडबॉल ग्राउंड में तृतीय सीनियर स्टेट स्पीड हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 12 जिलों की पुरुष टीमों एवं 6 जिलों की महिला टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महापौर मधुसूदन यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से जिला ऐथलेटिक्स संघ के महासचिव रणविजय प्रताप सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष सूर्यकांत जैन, सचिव वीरेंदर सिंह भाटिया, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, रामावतार जोशी आदि मौजूद थे। महापौर ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमें अनुशासन, टीम भावना, मेहनत, धैर्य और संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। स्पीड हैंडबॉल जैसे तेज और रोमांचक खेल में हर खिलाड़ी का योगदान महत्वपूर्ण होता है। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत दिलीप गोस्वामी, फिरोज खान, पुष्पराजा, रजा कुरैशी, विनायक गुप्ता, जयेश मुदलियार, महिमा यादव, हीरेन्द्र यादव आदि ने पुष्पगुच्छ से किया।
पुरुष वर्ग में राजनांदगांव विजेता
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला राजनांदगांव एवं बिलासपुर के बीच खेला गया। जिसमें शानदार प्रदर्शन करते राजनांदगांव की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग की विजेता राजनांदगांव टीम में कुणाल यादव, कोविद यादव, शुभम मेश्राम, युवराज एवं सोमेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में द्वितीय स्थान बिलासपुर तथा तृतीय स्थान रायपुर जिले की टीम ने प्राप्त किया।
महिला वर्ग में भी राजनांदगांव विजेता
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला भी राजनांदगांव एवं बिलासपुर के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में राजनांदगांव की महिला खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते विजेता का खिताब हासिल किया। राजनांदगांव की विजेता महिला टीम में नेहा यादव, कनक जोगी, विद्या, ज्योति मंडावी, तनुजा एवं सविता ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में द्वितीय बिलासपुर तथा तृतीय स्थान बालोद जिले की टीम ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता की विजेता, उपविजेता एवं अन्य प्रतिभागियों को पूर्व निगम अध्यक्ष शिव वर्मा के मुख्य आतिथ्य वरिष्ठ नेता एवं खेल परमोटर विष्णु अग्रवाल तथा जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी कि विशेष उपस्थिति में पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में विनायक गुप्ता, हिरेंद्र यादव, पुष्पराज, राहुल, जयेश मुदलियार, महिमा यादव एवं दिलीप गोस्वामी ने निर्णायक के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।