खेल
पाकिस्तान की टेस्ट क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफ़राज़ अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का एलान किया है. इस फ़ैसले के साथ ही उनका लगभग बीस साल का क्रिकेट करियर ख़त्म हो गया है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दिए इंटरव्यू में सरफ़राज़ ने बताया, "यह उनके लिए मुश्किल समय था. किसी भी खिलाड़ी के लिए क्रिकेट को अलविदा कहना आसान नहीं होता. मैंने पहले ही फ़ैसला कर लिया था, लेकिन डर था कि सब ख़त्म हो जाएगा, क्या होगा... अगर सुबह और दोपहर ट्रेनिंग पर नहीं जाऊंगा तो कैसे चलेगा?"
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन मैंने अपने परिवार और क़रीबी दोस्तों से सलाह करने के बाद आगे बढ़ने का फ़ैसला किया."
पाकिस्तान के कराची में जन्मे सरफ़राज़ ने 2007 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह बताते हैं, "मेरा क्रिकेट करियर गलियों से शुरू हुआ था. मैंने अपने मोहल्ले के मैदान में खेलना शुरू किया और फिर टेप बॉल से खेला, उसके बाद हार्ड बॉल तक पहुंचा."
सरफ़राज़ अहमद की कप्तानी में ही पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2017 में जीत दर्ज की. टीम ने फ़ाइनल में भारत को 180 रन से हराया था. इसके साथ ही सरफ़राज़ पाकिस्तान के पहले कप्तान बने जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीती.
सरफ़राज़ अकेले ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी ख़िताब जूनियर लेवल (आईसीसी अंडर-19, 2006) और सीनियर लेवल दोनों पर जीते हैं. (bbc.com/hindi)


