खेल

न्यूज़ीलैंड ने श्रीलंका को हराया, सेमीफ़ाइनल की दौड़ में किस हाल में पाकिस्तान?
26-Feb-2026 8:51 AM
न्यूज़ीलैंड ने श्रीलंका को हराया, सेमीफ़ाइनल की दौड़ में किस हाल में पाकिस्तान?

न्यूज़ीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के सुपर8 चरण के एक महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका को 61 रनों से हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को और मज़बूत कर लिया है.

साथ ही इस मैच के बाद पाकिस्तान के अगले चरण में पहुंचने की संभावनाएं और कम हो गई है.

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने बुधवार को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

शुरुआत में श्रीलंकाई कप्तान का पहले फ़ील्डिंग करने का फै़सला सही लग रहा था और पावरप्ले के आख़िर तक न्यूज़ीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे.

एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूज़ीलैंड शायद 130 रनों का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर पाएगा, लेकिन कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैककोनी ने सातवें विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की और श्रीलंका को 169 रनों का लक्ष्य दिया.

श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा और दुश्मंथा चमीरा ने तीन-तीन विकेट लिए.

लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका की टीम 20 ओवर खेलकर 107 रन ही बना पाई.

न्यूज़ीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र ने चार विकेट लिए और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.

इस जीत के बाद न्यूज़ीलैंड के सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जबकि श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

ग्रुप टू में मौजूद पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं, जिसके बाद अंक तालिका की स्थिति इस प्रकार है:

इंग्लैंड दोनों मैच जीतकर चार अंक हासिल कर पहले ही सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई कर चुका है, जबकि न्यूज़ीलैंड के दो मैचों के बाद तीन अंक हैं.

पाकिस्तान ने भी दो मैच खेले हैं, जिनमें से एक में उसे इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा, जबकि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उसका मैच बारिश के कारण रद्द हो गया.

पाकिस्तान के पास फिलहाल एक अंक है. पाकिस्तान सेमीफ़ाइनल में तभी पहुंच सकता है जब इंग्लैंड शुक्रवार को न्यूज़ीलैंड को बड़े अंतर से हरा दे और दूसरी ओर पाकिस्तान शनिवार को श्रीलंका के ख़िलाफ़ जीत हासिल करे.

हालांकि, इस स्थिति में भी ग्रुप टू से सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फै़सला रन रेट के आधार पर होगा. फिलहाल, न्यूज़ीलैंड का रन रेट 3.050 है जबकि पाकिस्तान का रन रेट माइनस 0.461 है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट