खेल

टी20 वर्ल्ड कप: अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर आर अश्विन ने उठाए सवाल
23-Feb-2026 12:35 PM
टी20 वर्ल्ड कप: अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर आर अश्विन ने उठाए सवाल

टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका से भारत की करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाया है.

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'एश की बात' में कहा, "आईपीएल वगैरह में टीम में बदलाव समझ में आता है, क्योंकि वहां 14 मैच होते हैं. लेकिन ऐसे आईसीसी कैंपेन्स (टी20 वर्ल्ड कप) में आप जितना टीम को स्थिर रख सकते हो उतना बेहतर है."

उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह सहमत हूं कि बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के ख़िलाफ़ वॉशिंगटन सुंदर का इस्तेमाल करना है. लेकिन अक्षर पटेल टी20 में आपके एमवीपी (मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर) रहे हैं."

अश्विन ने कहा, "हमें नहीं भूलना चाहिए कि अक्षर पटेल पहले क्या कर चुके हैं. पिछले वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ इस मैच जैसी ही स्थिति थी. ऐसी ही स्थिति में वह बल्लेबाज़ी करने आए थे."

2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में अक्षर पटेल ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए थे.

अक्षर पटेल मौजूदा टी20 टीम के उप कप्तान हैं. इस वर्ल्ड कप में उन्होंने शुरुआती तीन मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल छह विकेट हासिल किए.

उन्होंने हर एक मैच में दो-दो विकेट झटके. हालांकि, बल्लेबाज़ी में अक्षर पटेल इस टूर्नामेंट में अब तक कुछ ख़ास नहीं कर पाए हैं.

अक्षर ने अमेरिका के ख़िलाफ़ 14 रन बनाए, जबकि नामीबिया और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए. (bbc.com/hindi)

 

 

 

 

 


अन्य पोस्ट