खेल
भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में हो रहा वर्ल्ड कप मैच कई विवादों के साथ हो रहा है. इसलिए इस मैच पर दुनियाभर की निगाहें हैं.
डॉयचे वैले पर विवेक कुमार की रिपोर्ट –
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा है कि भारत के खिलाड़ी चाहें तो उनकी टीम से मैच से पहले और बाद में हाथ मिला सकते हैं, लेकिन यह पूरी तरह भारत के खिलाड़ियों पर निर्भर करता है. रविवार को होने वाले इस टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर पहले ही बहुत विवाद हो चुके हैं, इसलिए दुनियाभर के फैंस की निगाहें मैच पर बनी हुई हैं. इतिहास को देखते हुए दोनों टीमों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव का असर मैदान पर भी दिखने की आशंका है. आगा ने कहा कि खेल को हमेशा उसकी असल भावना के साथ खेला जाना चाहिए और बाकी निर्णय भारत की टीम को करने हैं.
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव नई बात नहीं है. यह तनाव अक्सर क्रिकेट मैदान तक पहुंच जाता है. कोलंबो में होने वाला यह मैच पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए एशिया कप के बाद दोनों टीमों की पहली भिड़ंत है. उस टूर्नामेंट में भारत ने खिताब जीता था, लेकिन खिलाड़ियों के बीच कई मौकों पर कड़वाहट देखने को मिली थी और हाथ मिलाने तक को लेकर विवाद उठा था. तब भारतीय कप्तान ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. इस कदम की खासी आलोचना हुई थी. इस बार भी माहौल तनावपूर्ण है और मैच के पहले ही कई प्रतिक्रियाओं ने इस मुकाबले को और संवेदनशील बना दिया है.
पाकिस्तान की सरकार ने इस मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी थी जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश को भारत में मैच खेलने से इनकार करने पर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. पाकिस्तान ने मैच खेलने के लिए सहमति केवल तब दी जब आईसीसी और पाकिस्तान के बीच गहन बातचीत हुई. इस मैच को आईसीसी के लिए आय का बड़ा स्रोत माना जा रहा है, इसलिए इसकी सुरक्षा और आयोजन पर खास ध्यान दिया जा रहा है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने हाथ मिलाने का फैसला भारत पर छोड़ा
पिछले एशिया कप के दौरान तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया था, जब भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आगा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार गर्मागर्मी देखने को मिली. सूर्यकुमार और पाकिस्तान के गेंदबाज हारिस रऊफ को आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माने तक का सामना करना पड़ा था. भारत ने खिताब जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर माहौल और तनावपूर्ण कर दिया था.
आगा ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "खेल को वास्तविक भावना के साथ खेला जाना चाहिए, जैसा हमेशा खेला जाता आया है. बाकी फैसला भारत का है कि वे क्या करना चाहते हैं.” दूसरी ओर सूर्यकुमार ने इस बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा, "आप इसे क्यों उजागर कर रहे हैं? हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं. हम अच्छा क्रिकेट खेलेंगे. बाकी निर्णय कल लिए जाएंगे. हम कल देखेंगे.”
लंबे समय से दोनों देशों के बीच राजनीतिक और सैन्य तनाव के कारण कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है. भारत 2008 के बाद से पाकिस्तान नहीं गया है. पाकिस्तान की टीम 2023 में भारत में हुए 50 ओवर के वर्ल्ड कप में शामिल हुई थी, लेकिन द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली अभी भी दूर की बात है. दोनों देश केवल आईसीसी टूर्नामेंटों या तटस्थ स्थानों पर ही आमने-सामने होते हैं.
पुरानी यादों को भुलाकर खेलेगी भारतीय टीम
टी20 मुकाबलों में अब तक भारत का पलड़ा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच कुल 16 टी20 मैच हुए हैं, जिनमें से 12 में भारत ने जीत दर्ज की है. टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत 8 में से 6 मैच जीत चुका है और एक मैच बराबरी पर समाप्त हुआ था.
आगा ने माना कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि क्रिकेट में हर मैच नया होता है. उन्होंने कहा, "आप इतिहास नहीं बदल सकते. आप उससे सीख सकते हैं. हमने उससे सीखा है और कल अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे ताकि मैच जीत सकें.”
सूर्यकुमार ने भी कहा कि उनकी टीम पुरानी यादों को पीछे छोड़कर मैदान पर उतरेगी क्योंकि पुराने रिकॉर्ड से लापरवाही हो सकती है, जो टीम के लिए हानिकारक होगा. पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की गेंदबाजी कार्रवाई भी विवाद का विषय बनी हुई है. भारतीय मीडिया में उनके गेंद फेंकने की शैली पर सवाल उठाए गए हैं, क्योंकि वे गेंद डालने से ठीक पहले एक पल रुकते हैं.
इस पर आगा ने कहा, "यह खिलाड़ी दो बार क्लियर हो चुका है और उसने आईसीसी की हर जरूरी प्रक्रिया पूरी की है. मैं नहीं जानता लोग उसके बारे में इतने सवाल क्यों उठा रहे हैं, लेकिन एक बात तय है कि उसे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि वह इन सब चीजों का आदी है.”
भारत के आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तबीयत को लेकर भी चर्चा है. नामीबिया के खिलाफ मैच में पेट संक्रमण के कारण उन्होंने हिस्सा नहीं लिया था. रविवार का यह मैच केवल क्रिकेट के नजरिए से ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच खेले जाने के कारण भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दोनों टीमें क्रिकेट मैदान पर इस तनाव को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद में हैं.


