खेल
मोहम्मद सिराज जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत के एक दिन पहले तक टीम का हिस्सा नहीं थे, उन्होंने इस टूर्नामेंट में शनिवार को अमेरिका के ख़िलाफ़ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी है.
भारत की जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 84 रन की तूफ़ानी पारी खेली. इसके साथ ही मोहम्मद सिराज ने तीन, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मोहम्मद सिराज ने बताया कि उन्होंने ये सोचा भी नहीं था कि वह ये टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे.
उन्होंने कहा, "मैं फ़ैमिली के साथ वक़्त बिता रहा था. अचानक सूर्या भाई ने कॉल किया कि 'रेडी हो जा, बैग पैक करके आ जा'. मैं बोला, 'सूर्या भाई मज़ाक मत करो क्योंकि ये सब होने वाला नहीं है.' वो बोले, 'मैं सच कह रहा हूं, रेडी हो जा'."
"फिर ओझा भाई (प्रज्ञान ओझा) का कॉल आया तो ये अचानक से मेरे लिए एक शॉकिंग न्यूज़ थी. ऊपर वाले ने जो लिखा, उसको कोई बदल नहीं सकता. मैं आया और फ़िर मैच भी खेल लिया."
मोहम्मद सिराज से पूछा गया कि टीम में शामिल किए जाने से पहले उनका फ़रवरी का क्या प्लान था. इस पर सिराज ने कहा कि वह 15 फ़रवरी को होने वाले रियल मैड्रिड और रियल सोसाइडाड का मैच देखने जाने वाले थे.
मोहम्मद सिराज को हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किया गया है, जिसकी जानकारी बीसीसीआई ने शुक्रवार को दी थी. (bbc.com/hindi)


