खेल

संभावनाओं का साल 2026: दिग्गज खिलाड़ी, जो इस साल संन्यास का ऐलान कर सकते हैं
02-Jan-2026 4:43 PM
संभावनाओं का साल 2026: दिग्गज खिलाड़ी, जो इस साल संन्यास का ऐलान कर सकते हैं

 नई दिल्ली, 2 जनवरी । नए साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं। आइए, खेल जगत की उन मशहूर हस्तियों के बारे में जानते हैं, जो इस साल संन्यास पर विचार कर सकते हैं। महेंद्र सिंह धोनी: 44 साल के माही साल 2020 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। फिलहाल वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ही खेलते नजर आते हैं। माही ने अपनी कप्तानी में भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जिताया है।

इसके अलावा, धोनी ने बतौर कप्तान चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 आईपीएल खिताब जिताए हैं। फैंस का मानना है कि आईपीएल 2026 उनका आखिरी सीजन हो सकता है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो: पुर्तगाल का यह दिग्गज फुटबॉलर छठी बार फीफा विश्व कप खेलने जा रहा है, इससे पहले उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। 40 वर्षीय रोनाल्डो के नाम 950 से ज्यादा गोल दर्ज हैं। नोवाक जोकोविच: सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी ने अब तक 24 ग्रैंड स्लैम अपने नाम किए हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से फिटनेस उनके लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। जोकोविच इस समय 39 साल के हैं। बढ़ती उम्र और फिटनेस इस साल उनके संन्यास की वजह बन सकती है।

लियोनेल मेसी: इस स्टार फुटबॉलर ने अर्जेंटीना को फीफा विश्व कप 2022 का चैंपियन बनाया था। मेसी 2026 के विश्व कप के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह विश्व कप के दौरान या तो मैदान में होंगे या स्टैंड में जरूर मौजूद होंगे। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 750 से ज्यादा गोल किए हैं। उस्मान ख्वाजा: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ जारी एशेज सीरीज का पांचवां मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मैच होगा। रवींद्र जडेजा: 37 वर्षीय जड्डू टी20 विश्व जीतने के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं। फिलहाल वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन फैंस को लगता है कि यह दिग्गज ऑलराउंडर इस साल अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर सकता है। -(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट