खेल
चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए शनिवार को 15 खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है.
टीम के एलान के बाद कप्तान रोहित शर्मा और चीफ़ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रोहित शर्मा ने टीम संयोजन और ऑलराउंडर्स की भूमिका पर बात की.
रोहित शर्मा ने कहा, “हमने वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों को चुना है. ये तीनों पूरी तरह से ऑलराउंडर हैं. ये बैटिंग और बॉलिंग दोनों कर सकते हैं. ये टीम में किसी बॉलर या बैटर की सिर्फ़ जगह भरने के लिए नहीं हैं.”
रोहित ने कहा, “इन खिलाड़ियों ने ऐसी जगह पर प्रदर्शन किया है जहां पर टीम और मैं खुद इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि ये यहां पर अच्छा खेल सकते हैं. टीम में इस तरह के विकल्प होना हमेशा ही अच्छा होता है. इन तीनों ही खिलाड़ियों में ख़ास क्वालिटी है, और इस तरह की क्वालिटी होने से टीम में गहराई आती है.”
भारतीय टीम के कप्तान ने कहा, “इन तीनों में स्पिन की अच्छी क्वालिटी भी है, हमारे पास ऑफ़ स्पिनर, लेफ्ट आर्म स्पिनर और चाइनामैन बॉलर भी है. हम कुलदीप को नहीं भूल सकते. तो जब हम टीम चुनते हैं तो इन सभी बातों का ध्यान रखते हैं.”
साल 2025 में खेले जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी का आयोजक देश पाकिस्तान है. लेकिन भारतीय टीम के सभी मैच दुबई में होंगे.
भारतीय टीम 20 फ़रवरी को अपना पहला मैच बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलेगी.
भारतीय टीम का दूसरा मैच पाकिस्तान के ख़िलाफ़ है, जो 23 फ़रवरी को है.
दो मार्च को भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ अपना तीसरा मैच खेलेगी. (bbc.com/hindi)


