खेल

जींस विवाद के बाद शतरंज चैंपियन मैग्नस कार्लसन फिर से खेलने के लिए राज़ी हुए,
31-Dec-2024 9:06 AM
जींस विवाद के बाद शतरंज चैंपियन मैग्नस कार्लसन फिर से खेलने के लिए राज़ी हुए,

-इयान एकमैन

गवर्निंग बॉडी की ओर से ड्रेस कोड में ढील देने के बाद, दुनिया के नंबर वन शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने एक बड़े शतरंज प्रतियोगिता में वापसी की रज़ामंदी दे दी है.

शुक्रवार को न्यूयॉर्क में हो रहे वर्ल्ड रैपिड और ब्लिट्ज़ चेस चैंपियनशिप से उन्होंने उस समय अचानक अपना नाम वापस ले लिया था क्योंकि गवर्निंग बॉडी ने उनसे कहा था कि जींस पहनकर वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकते.

वह अपने ख़िताब का बचाव करने इस प्रतियोगिता में उतरे थे.

इंटरनेशनल चेस फ़ेडरेशन ने बाद में कहा कि वह ड्रेस कोड में ढील देने को तैयार है.

34 साल के कार्लसन ने उसके बाद कहा कि सोमवार को वह प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और उस दौरान जींस ही पहने रहेंगे.

पांच बार के शतरंज चैंपियन कार्लसन को पिछले हफ़्ते टूर्नामेंट के ड्रेस कोड का उल्लंघन करने पर 200 डॉलर का ज़ुर्माना लगाया गया था.

कार्लसन ने सफ़ाई दी थी कि उन्होंने एक लंच मीटिंग के लिए जींस पहन रखी थी और ट्राउज़र पहनने का उन्हें ख्याल ही नहीं आया.

हालांकि जब उन्हें ड्रेस कोड के बारे में बताया गया, उससे पहले वह कुछ राउंड खेल चुके थे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट