खेल

सीवीआरयू के छात्र ने योग में जीता गोल्ड मेडल
16-Jun-2023 12:12 PM
सीवीआरयू के छात्र ने योग में जीता गोल्ड मेडल

नेपाल में हुआ साउथ एशियन योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप

बिलासपुर, 16 जून। डॉ सी वी रामन विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थी ने नेपाल में आयोजित साउथ एशियन योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है। इस चैंपियनशिप में 8 देशों के योगा खिलाड़ी शामिल हुए थे। यह आयोजन इंटरनेशनल योगा स्पोर्ट्स फेडरेशन ने 8 जून से 10 जून तक नेपाल आयोजित किया गया था।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने बताया कि विभांशु बंजारे शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रथम सेमेस्टर का छात्र है। उसने यह बड़ी उपलब्धि अर्जित कर विश्वविद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है। यह चैंपियनशिप 19 से 25 वर्ष के ग्रुप में आयोजित की गई थी,  जिसमें भारत से 6 राज्यों के योगा खिलाड़ी शामिल हुए थे।  इसमें दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।  

दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभांशु का चयन किया गया। इसके बाद विभांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक के बाद अन्य राज्यों के खिलाड़ियों को पछाड़कर देश में स्थान बनाया। अगले क्रम में साउथ एशियन योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में विभांशु ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसमें नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, भारत सहित 8 देश शामिल हुए। इस दौरान अलग-अलग वर्गों में कुल 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय के विभांशु बंजारे ने अपने ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। छात्र की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रवि प्रकाश दुबे, शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ शंकर यादव सहित समस्त प्राध्यापकों ने शुभकामनाएं दी।

बीते वर्ष योगा वर्ल्ड कप में विभांशु बंजारे ने सातवां स्थान अर्जित विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया था।

कुलसचिव शुक्ला ने बताया कि विद्यार्थी ने निंद्रा आसन में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उसने एक ही आसन में 15 मिनट 20 सेकेंड पर इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता अर्जित कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट