खेल

मोरक्को, नाइजीरिया और तंजानिया ने फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के आखिरी तीन कोटे हासिल किये
06-Jun-2022 5:06 PM
मोरक्को, नाइजीरिया और तंजानिया ने फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के आखिरी तीन कोटे हासिल किये

नयी दिल्ली, 6 जून । मोरक्को, नाइजीरिया और तंजानिया ने इस साल के आखिरी में भारत में आयोजित होने वाले फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप 2022 के अंतिम तीन स्थानों को सुनिश्चित कर लिया, जिससे टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमें तय हो गयी।

भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी 11 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक करेगा।

अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (सीएएफ) के इन तीन देशों का नाम अब 24 जून को होने वाले आधिकारिक ड्रॉ में शामिल होगा।

ज्यूरिख में होने वाले इस समारोह में मेजबान भारत, चीन, जापान, न्यूजीलैंड, अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, ब्राजील, चिली, कोलंबिया, जर्मनी, स्पेन और फ्रांस को उनकी प्रतिद्वंद्वी टीमों के बारे में पता चल जायेगा।

तंजानिया और मोरक्को ने पहली बार इस वैश्विक युवा टूर्नामेंट का टिकट कटाया है। नाइजीरिया इसमें नियमित रहा है और टीम पिछले छह सत्र में से सिर्फ एक बार फाइनल्स में क्वालीफाई करने में विफल रही है।

तंजानिया मुख्य टूर्नामेंट में पहुंचने वाला पूर्वी अफ्रीकी का पहला देश है। उसने कैमरून पर 5-1 की कुल जीत के साथ टूर्नामेंट का टिकट कटाया।

मोरक्को ने शनिवार को घाना के खिलाफ 2-2 से बराबरी पर मुकाबला छूटने के बाद पेनल्टी शूटआउट में जीत के साथ अंडर-17 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया।

नाइजीरिया ने इथियोपिया को 1-0 कुल अंतर से हराकर अक्टूबर में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया।(भाषा)


अन्य पोस्ट