विशेष रिपोर्ट
देश की ‘सेल्फी’ में शामिल होने का वक्त-कार्तिकेया गोयल
‘छत्तीसगढ़’ से खास चर्चा : डिजिटल जनगणना 2026
रायपुर (‘छत्तीसगढ़’)। देश में लंबे अंतराल के बाद होने जा रही जनगणना 2026 इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक और अलग होगी। क्योंकि इस बार जाति जनगणना भी होने जा रही है। कोरोना काल के कारण टली जनगणना अब 16 साल बाद हो रही है और पहली बार इसे पूरी तरह डिजिटल तरीके से संपन्न किया जाएगा। ‘छत्तीसगढ़’ से खास चर्चा में जनगणना एवं नागरिक पंजीयन निदेशक कार्तिकेय गोयल ने इस पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण मकान सूचीकरण का होगा, जो 1 मई से 30 मई 2026 के बीच चलेगा। इसमें हर घर की पहचान और बुनियादी जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके बाद फरवरी 2027 में दूसरा चरण होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार नागरिकों को स्वगणना यानी खुद ऑनलाइन फॉर्म भरने का विकल्प दिया गया है। हालांकि यह पूरी तरह ऐच्छिक है। जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। डिजिटल प्रणाली इस जनगणना की सबसे बड़ी खासियत है। अब कागज का उपयोग लगभग खत्म हो गया है और प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए डेटा दर्ज करेंगे। इंटरनेट न होने की स्थिति में भी ऐप डेटा सुरक्षित रखेगा और नेटवर्क मिलने पर स्वत: सर्वर पर अपलोड हो जाएगा। इस बदलाव से न केवल प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि आंकड़ों के विश्लेषण में लगने वाला समय भी काफी कम हो जाएगा। उम्मीद है कि 2027 में जनगणना पूरी होने के छह महीने के भीतर ही प्रमुख आंकड़े सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।
जनगणना को लेकर लोगों में फैल रही भ्रांतियों पर भी गोयल ने साफ संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और इसके नाम पर किसी भी प्रकार का शुल्क लेना या देना गलत है। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत की जानी चाहिए। साथ ही, साइबर फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, कोई फाइल डाउनलोड न करने और किसी को भी भुगतान न करने की सलाह दी गई है।
राज्य में इस कार्य के लिए 62 हजार से अधिक कर्मचारी और शिक्षक तैनात किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। पहले चरण में कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, परिवार की संरचना, उपलब्ध सुविधाएं और कुछ नई जानकारियां शामिल हैं। इस बार मोबाइल नंबर और उपभोग किए जाने वाले अनाज से जुड़े प्रश्न भी जोड़े गए हैं, ताकि भविष्य की योजनाओं को और सटीक बनाया जा सके।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है। इसे किसी भी अन्य विभाग, एजेंसी या कानूनी प्रक्रिया में साझा नहीं किया जा सकता।
चर्चा के दौरान गोयल ने जनगणना को देश की ‘सेल्फी’ बताते हुए कहा कि यह वह प्रक्रिया है, जिसमें हर नागरिक की सही तस्वीर सामने आती है।
जितनी सटीक जानकारी लोग देंगे, उतनी ही बेहतर योजना और विकास संभव होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें, बिना किसी डर या संकोच के सही जानकारी दें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


