राजनांदगांव
दो दिन पहले रायपुर में भी हुई थी कार्रवाई
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव 20 नवंबर। प्रदेश में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में साल्हेवारा पुलिस की मदद से करीब 1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। दो दिन पहले रायपुर में भी करीब 100 किलो पनीर का विनष्टीकरण किया गया था। इस तरह प्रदेश में अब तक करीब 1600 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया जा चुका है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान साल्हेवारा पुलिस ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 से 30 बॉक्स पनीर बरामद किए थे। इन्हें खाद्य विभाग को सौंपा गया। जांच में किसी व्यक्ति या फर्म ने इस सामग्री पर अपना दावा प्रस्तुत नहीं किया। बॉक्स पर सामग्री में प्रयुक्त तत्वों, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता और संपर्क नंबर सहित अनिवार्य लेबल संबंधी जानकारियां भी नहीं मिलीं।
राज्य में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के मद्देनजर विभाग ने सभी 30 बॉक्स का विनष्टीकरण करा दिया। नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर प्रतिबंध है। अभियान के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।