राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 नवंबर। राजनांदगांव शहर के बसंतपुर थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को राज्य एंटी करप्शन ब्यूरो की एक टीम ने रंगे हाथ 20 हजार नगद के साथ घूस लेते गिरफ्तार किया। बुधवार दोपहर बाद डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने प्रधान आरक्षक को एक युवक से रिश्वत लेते हुए धरदबोचा। निजी लोन सेटलमेंट के नाम पर रफा-दफा के एवज में आरक्षक ने 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए देने का सौदा हुआ था। एसीबी को रिश्वत मांगे जाने की युवक ने शिकायत की थी। इसके बाद आरक्षक को ट्रैप कर गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के सनसिटी कालोनी के रहने वाले गौरव अग्रवाल का निजी लोन का एक मामला थाना तक पहुंचा था। उक्त मामले को खत्म करने के लिए प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने 5 लाख रुपए की मांग की थी। घूस मांगने की शिकायत गौरव अग्रवाल ने एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। योजना के तहत एसीबी ने आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ा।
बताया जा रहा है कि देर रात तक कार्रवाई होने की वजह से प्रधान आरक्षक को एसीबी की टीम अपने साथ रायपुर ले गई। आज दोपहर बाद राजनांदगांव न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इधर पुलिस थाना में आरक्षक को रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के मामले में पुलिस महकमे पर सवाल खड़ा हो गया है। संभवत: राजनंादगांव जिले में किसी प्रधान आरक्षक का थाना में एसीबी के हत्थे चढऩा पहला मामला है। हालांकि एसपी ने फौरी कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित कर दिया है।