राजनांदगांव

किसानों को धोखा दे रही सरकार- कमलजीत
30-Oct-2026 7:03 PM
किसानों को धोखा दे रही सरकार-  कमलजीत

राजनांदगांव, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने 27 अक्टूबर को साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए धान खरीदी के निर्णय को पूरी तरह से किसान विरोधी और निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि साय सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों को पिछले तीन साल से धान का एक ही दाम देकर ठगने का काम कर रही है।

श्री पिंटू ने कहा कि इन तीन सालों में केंद्र सरकार द्वारा धान की एमएसपी में लगभग 380 रुपए की वृद्धि की गई है। इस वृद्धि को जोडक़र इस वर्ष किसानों को कम से कम 3500 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य दिया जाना चाहिए था, लेकिन साय कैबिनेट ने इस बार भी किसानों के हक पर कुठाराघात करते केवल 3100 रुपए प्रति क्विंटल ही देने का निर्णय लिया है। यह छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के साथ खुला धोखा है। सरकार 27.50 लाख किसानों से 15 नवंबर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी की बात तो कर रही है, लेकिन दाम वही पुराना देकर वाहवाही लूटना चाहती है।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने एग्रीस्टेक पंजीयन को अनिवार्य कर दिया है और कहा है कि पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को नए पंजीयन की जरूरत नहीं होगी, लेकिन ऐसे हजारों किसान जिनका किसी कारण से एग्रीस्टेक पंजीयन नहीं हो पाया है, उनके लिए सरकार ने कोई वैकल्पिक और औपचारिक व्यवस्था नहीं की है। ऐसे किसान धान बेचने से वंचित हो जाएंगे। सरकार कह रही है कि ऋण पुस्तिका लाने की जरूरत नहीं होगी और डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का ऑनलाइन निर्धारण होगा, लेकिन हकीकत यह है कि सरकार भी जानती है कि डीसीएस सर्वे में भारी विसंगतियां हैं।


अन्य पोस्ट