राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अक्टूबर। पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने 290 करोड़ की लागत से राजनांदगांव से मोहला-मानपुर सडक़ की जांच ईओडब्ल्यू से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सांसद संतोष पांडे द्वारा फर्जी दस्तावेज की शिकायत व भाजपा नेता भरत वर्मा द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण की शिकायत की थी। उन्होंने मांग करते कहा कि यदि इनकी शिकायत फर्जी है तो इसका खुलासा शासन के जवाबदारी अधिकारी सार्वजनिक करे।
श्री ओस्तवाल ने कहा कि राजनांदगांव से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के लिए 290 करोड़ रुपए की सडक़ डामरीकरण की निविदा टेंडर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अमर इन्फ्रास्ट्रक्चर दुर्ग के ठेेकेदार चतुर्भुज राठी द्वारा टेंडर लिया गया और शासन को करोड़ों रुपयों की राशि का 20 प्रतिशत बिलों में स्वीकृत किया गया, जिसे बाद में बदलकर 17 प्रतिशत कर दिया गया। इस तरह भ्रष्टाचार का खुला खेल खेला गया। जिससे लगभग शासन को 9 करोड़ रुपयों का नुकसान हुआ। जिसकी शिकायत सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा 25 मई 2026 को सचिव लोक निर्माण विभाग छग शासन से की गई। शिकायत के बाद ठेकेदार के विरूद्ध क्या-क्या कार्रवाई की गई, इसका खुलासा आज तक नहीं हुआ और ठेकेदार अमर इन्फ्रास्ट्रक्चर दुर्ग के ठेेकेदार चतुर्भुज राठी का टेंडर निरस्त किया गया।
उन्होंने कहा कि दूसरे ठेकेदार केएल अग्रवाल को 290 करोड़ की राजनांदगांव से मोहला-मानपुर सडक़ डामरीकरण और पुल पुलिये के निर्माण हेतु जारी किया गया कार्यादेश और उक्त ठेकेदार द्वारा शासन के नियम विरूद्ध सडक़ निर्माण की निविदा शर्तों का उल्लंघन और गुणवत्ताहीन सडक़ निर्माण आदि का कार्य किया गया। जिसकी शिकायत भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा द्वारा गुणवत्ताहीन सडक़ निर्माण और भ्रष्टाचार से संबंधित उच्च स्तरीय जांच की मांग विभागीय मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों से की गई और दोनों मामलों के भ्रष्टाचार और गुणवत्ताहीन निर्माण की शिकायत करने वाले दोनों ही नेता भाजपा के हैं।