राजनांदगांव

एके-47 से फायरिंग मामले में आईजी ने नांदगांव एसपी से मांगा स्पष्टीकरण
22-Oct-2026 7:00 PM
एके-47 से फायरिंग मामले में आईजी ने नांदगांव एसपी से मांगा स्पष्टीकरण

पीएचक्यू के निर्देश पर आईजी ने जल्द जवाब मांगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 अक्टूबर। राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के दौरान एके-47 से हवा में फायरिंग करने के मामले में राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव ने एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आईजी ने एसपी से फायरिंग करने के मामले में जल्द जवाब पेश करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में आईजी यादव ने ‘छत्तीसगढ़’  से नोटिस देने की पुष्टि करते कहा कि पीएचक्यू के निर्देश पर एसपी को जवाब देने को कहा गया है। आगे की कार्रवाई जवाब देने के बाद स्पष्ट होगी।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा ने विजयादशमी पर्व पर 20 अक्टूबर को पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के बाद एके-47 से हवा में फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद सोशल मीडिया में तारीफ के अलावा कुछ बड़े सुरक्षा बल के अधिकारियों ने नाराजगी भी जाहिर की।  सेना के एक रिटायर्ड अफसर ने सार्वजनिक तौर पर इस मामले को सुरक्षा से जोड़ते हुए फायरिंग के तौर-तरीके पर सवाल उठाए। पिछले तीन दिनों से एसपी अंकिता शर्मा के फायरिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। इसी के चलते राज्य पुलिस मुख्यालय से आला अफसरों ने आईजी को निर्देशित कर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने और एसपी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया था। 


अन्य पोस्ट