राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 अक्टूबर। अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपए कीमत के करीब 2 किलो 575 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार घुमका थाना प्रभारी निरीक्षक अब्दुल समीर एवं सायबर थाना राजनांदगांव के संयुक्त तत्वाधान में 12 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना के आधार पर घटनास्थल ग्राम छोटे बिरेझर थाना घुमका में नेतराम बघेल के घर पर गवाहों के साथ पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते उसके घर से थैला में 4 अलग-अलग पैकेट से मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। बरामदशुदा गांजा का कुल वजन 2 किलो 575 ग्राम कीमती लगभग 25 हजार रुपए का होना पाया गया। आरोपी का कृत्य अपराध धारा सदर का घटित करना पाए जाने से 12 अक्टूबर को मौके पर गिरफ्तार कर देहाती नालसी कायम कर विवेचना पर लिया गया था। प्रकरण में संलिप्त अन्य एक आरोपी सौरभ बघेल अभी फरार है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड में भेजा गया।