राजनांदगांव

क्वांर नवरात्र व्यवस्था, आयुक्त ने अफसरों-कर्मियों को सौंपा दायित्व
11-Oct-2026 7:31 PM
क्वांर नवरात्र व्यवस्था, आयुक्त ने अफसरों-कर्मियों को सौंपा दायित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 अक्टूबर। कलेक्टर द्वारा बैठक में दिए गए निर्देश के अनुक्रम में 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित क्वांर नवरात्रि पर्व पर नगर निगम द्वारा पदयात्रियों की सुविधा के लिए बने पंडालों एवं शहर में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपा है।

आयुक्त  ने बताया कि क्वांर नवरात्रि मेें डोंगरगढ़ दर्शनार्थियों/पदयात्रियों के लिए शहर में बने पंडालों एवं शहर में मूलभूत दायित्वों के निर्वहन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपा गया है। जिसके लिए प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को नोडल अधिकारी तथा प्र.सहायक अभियंता सुषमा साहू को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही सभी उप अभियंताओं को अलग-अलग प्रभार सौंपा गया है।

उन्होंने बताया कि 11 से 19 अक्टूबर तक नवरात्रि पर्व में पदयात्री पंडालों मेें सुबह 6 बजे से दूसरे दिन सुबह 6 बजे तक तीन पालियों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल व्यवस्था एवं विद्युत व्यवस्था के लिए उप अधियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है।  साथ ही तीनों पालियों में साफ -सफाई के लिए स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा को व्यवस्था प्रभारी का दायित्व संौपा गया है। स्वच्छता निरीक्षक एवं सफाई दरोगा इनके सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। इसी प्रकार डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री मार्ग में प्रकाश व्यवस्था का दायित्व विद्युत प्रभारी लाईनमेन किशन गावरे को सौंपा गया है। इनके सहयोगी लाईनमेन व विद्युत विभाग के कर्मचारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि उपरोक्त कार्यों में लगाए गए अधिकारी-कर्मचारी आवश्यक सेवा संधारण नियम के अंतर्गत माने जाएंगे।  सौंपे गए  कार्यों का निर्वहन पर लापरवाही एवं उदासीनता पाए जाने की दशा में कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट