राजनांदगांव
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर। सोमनी क्षेत्र के ग्रीन फार्म हाउस में चोरी कर फरार होने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी गए एसी बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। ज्ञात हो कि पूर्व में भी इसी मामले के दो आरोपियों का पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
मिली जानकारी के अनुसार सोमनी थानांतर्गत 20 अगस्त की रात्रि 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 7.30 बजे के मध्य ग्राम देवादा स्थित शेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोडक़र अज्ञात आरोपियों द्वारा 10 नग एसी आउटडोर, 03 नग सबमर्सिबल पंप, 01 नग वाटर पंप, एचपी पंप, एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे एवं ब्लूटूथ साउंड बॉक्स का सामान चोरी कर लिया गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 164/2026, धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में थाना सोमनी टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबीर सूचना के आधार पर पूर्व में आरोपी विजय सोनवानी 26 वर्ष निवासी ग्राम धीरी तथा नागेश्वर प्रसाद साहू 29 वर्ष निवासी ग्राम खल्लारी जिला बालोद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
इसी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी काली कुमार झा 28 वर्ष निवासी गांधी नगर कसारीडीह दुर्ग तथा विक्की नेताम 27 वर्ष निवासी ग्राम धीरी सोमनी से चोरी गए एसी बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।