राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 सितंबर। युगांतर पब्लिक स्कूल में जल योग का शानदार आयोजन किया गया। इस अवसर पर धुले महाराष्ट्र के डॉ. जगदीश आर. गिडोदिया ने बताया कि जल योग हमारे मन और शरीर दोनों को सुंदर बनाता है। जीवन में नियमित रूप से जल योग को अपनाने से व्यक्ति लंबे समय तक सुखी निरोगी जीवन व्यतीत कर सकता है।
उन्होंने विभिन्न जल योगासनों का अभ्यास कराने से पहले हाथ-पैर की विविध गतिविधियां कराकर शरीर को स्ट्रेच कराया। इसके बाद उन्होंने स्विमिंग पुल में पर्वतासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, सुखासन, शलभासन आदि आसनों को प्रमुखता के साथ अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि जल योग में सैकड़ों आसन है। हम इनमें से कुछ चयनित आसनों के अभ्यास से स्वास्थ्यवर्धक जीवन जी सकते हैं। उन्होंने जल में श्वांस से जुड़े विविध प्राणायामो का अभ्यास कराया। इनमें श्वांस लेकर पानी के अंदर रहना का अभ्यास प्रमुख रहा। उन्होंने कहा कि इन योगासनों के नियमित अभ्यास से हम अपने फेफड़ों और हृदय को मजबूत कर सकते हैं। यही नहीं विद्यार्थी अपनी स्मरण शक्ति को भी इनके नियमित अभ्यास से बढ़ा सकते हैं। उन्होंने भजन की धुन में जल की भीतर विद्यार्थियों से दौड़ भी लगवाई।
उन्होंने बताया कि जल योग जीवन का आधार है। जल योग जीवन को सुव्यवस्थित ढंग संचालित करने का माध्यम है, इसलिए इसका हर विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी को नियमित अभ्यास करना चाहिए।
इसके द्वारा सुन्दर और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का सन्देश दिया गया।
इसके पहले सेठ रतन चन्द सुराना महाविद्यालय के 70 बीपीएड के विद्यार्थियों ने डॉक्टर जगदीश आर गिडोदिया के मार्गदर्शन तथा डीवी पाटिल, दिनकर पाटिल और महेश गुगे के सहयोग से जल योग का अभ्यास किया। प्राचार्य मधुसूदन नायर के मार्गदर्शन में स्पोट्र्स ऑफिसर दिनेश प्रताप सिंह, साइंस कॉलेज राजनांदगांव के स्पोट्र्स ऑफिसर परेश वर्मा, सेठ रतन चन्द सुराना महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. अजय लान्जेवार, योग शिक्षिका, पूर्वी वर्मा, भारती यादव, अश्विनी ठाकरे, विद्यालय के स्विमिंग कोच पारख साहू, रेणुका साहू ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।