राजनांदगांव

भारी बारिश से नांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी आज के लिए निरस्त
25-Sep-2026 9:36 PM
भारी बारिश से नांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी आज के लिए निरस्त

समितियों ने कल शनिवार को झांकी निकालने का लिया सामूहिक निर्णय

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 सितंबर।
राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी का कार्यक्रम भारी बारिश के चलते आज रद्द कर दिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार देर शाम से शहर में विसर्जन झांकी निकालने का निर्णय लिया गया था। मूसलाधार बारिश की वजह से झांकी विसर्जन कार्यक्रम को कल शनिवार तक के लिए टाल दिया गया है। यानी शनिवार देर शाम को परंपरागत रूप से झांकिया निकलेंगी।

 मिली जानकारी के अनुसार विसर्जन झांकी समितियों के पदाधिकारियों और पुलिस विभाग के अफसरों के बीच शुक्रवार दोपहर को स्थानीय शीतला मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समितियों के पदाधिकारियों और पुलिस विभाग के अफसरों के बीच विसर्जन झांकी को लेकर चर्चा हुई। बैठक में चर्चा हुई कि गुरुवार से शुरू हुआ बारिश शुक्रवार को अनवरत जारी है। ऐसे में समितियों के पदाधिकारियों और पुलिस अफसरों की सहमति से शुक्रवार को निकलने वाली झांकियों के प्रदर्शन को रद्द कर दिया गया है। वहीं परंपरागत रूप से शहर में निकलने वाली विसर्जन झांकी निकालने को लेकर शुक्रवार को निरस्त कर शनिवार को शहर के मुख्य मार्गों में निकालने पर आपसी सहमति बनी।

0 यह समितियां निकालेंगी झांकियां
राजनांदगांव में निकलने वाली विसर्जन झांकियों के लिए बस स्टैंड गणेशोत्सव समिति, नवरतन गणेशोत्सव समिति, अष्ट विनायक गणेशोत्सव समिति, आजाद गणेशोत्सव समिति, बाल समाज गंज लाइन, गंज गणेश समिति, अनुपम नगर विघ्नहर्ता समिति, महावीर मंडल समिति, तिरंगा मंडल, उमंग गणेशोत्सव समिति, त्रिशंख मंडल, सुमति मंडल, चिखली जय श्री केदारनाथ समिति, बजरंग उत्सव मंडल, युवा मित्र मंडल मोतीपुर, कबाली गु्रप नया बस स्टैंड, युवा एकता समिति ममता नगर, नवीन आदर्श मंडल गोलबाजर, बाल समाज मित्र मंडल लखोली नाका, बसंतपुर दुर्गा  गणेश उत्सव समिति, मां शीतला गणेश उत्सव समिति, नवयुवक सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति, रामनगर-कैलाश नगर झांकी समिति, जय भवानी गणेशोत्सव समिति, चिखली श्रीराम मंडल इंद्रदेव, शिवम काली गणेश उत्सव समिति, दिग्विजय युवा क्लब, हाट बाजार गणेशोत्सव समिति, स्टेशनपारा उमंग गणेश उत्सव समिति, लालबाग कलयुग गणेश झांकी युवा संघ, श्रीराम मंडल ढाबा, सिद्धि विनायक ओसवाल लाइन समिति  द्वारा विसर्जन झांकी तैयार की गई है।


अन्य पोस्ट