राजनांदगांव
नांदगांव के आधा दर्जन बैराज से छोड़ा गया 14 हजार क्यूसेक पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 सितंबर। राजनांदगांव जिले समेत समूचे इलाके में हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नालों की धार तेज हो गई है। राजनांदगांव इलाके के आधा दर्जन बांध-बैराज छलक रहे हैं। भादो मास में हो रही मूसलाधार बारिश से पूरा इलाका पानी से तरबतर हो गया है। तेज बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन शुक्रवार को भी अनवरत जारी रही। बरसात की वजह से आम लोगों को घर दुबकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश से निचली बस्तियों में पानी घुसने का खतरा भी मंडरा रहा है। इधर जिले के आधा दर्जन बांध बैराज से जल संसाधन विभाग ने व्यापक स्तर पर पानी छोड़ा है। सबसे बड़े बैराज मोंगरा के अलावा घुमरिया, सूखा नाला बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है।
इस संबंध में बैराज के ईई भूपेन्द्र बावनथडे ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि बारिश की वजह से बैराजों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी के चलते मोंगरा से 8 हजार, घुमरिया से 1250, सूखानाला से 3200 व खातूटोला से 2200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस तरह पिछले 24 घंटे में 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बांध-बैराज से पानी छोडऩे के बाद शिवनाथ एवं सहायक नदियां उफान पर है। मूसलाधार बारिश से खेतों को भी सीधा लाभ होगा। भादो के महीने में यह पहला अवसर है, जब मानसून ने अपना उग्र रूप दिखाया है।
बताया जा रहा है कि खेती के लिए पानी की जरूरत को लेकर किसान काफी चिंतित थे। ऐनवक्त पर ओडिशा और छत्तीसढ़ के दक्षिणी इलाके में बने चक्रवात के असर से बारिश होने से खेतों को सम्हलने का मौका मिल गया है। इस सीजन में मानसून ने औसत प्रदर्शन किया है। मौसम विभाग ने इस साल बारिश कम होने का अनुमान जारी किया था। सावन और भादो के महीने में अच्छी बारिश होने से जलाशयों में पर्याप्त पानी भर गया है। वहीं बारिश से फसलों को भी फायदा होने की उम्मीद जगी है। बताया जा रहा है कि भादो के महीने में मानसून का साथ मिल गया। यही कारण है कि मानसून वापसी से पहले हो रही बारिश को काफी फायदेमंद माना जा रहा है।
जिले में अब तक 5919.2 मिमी वर्षा दर्ज
राजनांदगांव जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2026 से 24 सितंबर तक जिले के सभी 7 तहसीलों में 5919.2 मिमी बारिश एवं औसत 845.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी अनुसार डोंगरगढ़ तहसील में 857 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 836 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 1049.3 मिमी, घुमका तहसील में 665 मिमी, छुरिया तहसील में 781.8 मिमी, कुमरदा तहसील में 976.5 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 753.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अब तक सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 1049.3 मिमी दर्ज की गई है।
इसी तरह गुरुवार को राजनांदगांव जिले के सभी 7 तहसीलों में 25.8 मिमी एवं औसत 3.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। डोंगरगढ़ तहसील में 6.2 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 0 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 4.2 मिमी, घुमका तहसील में 3.5 मिमी, छुरिया तहसील में 6 मिमी, कुमरदा तहसील में 4.4 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा डोंगरगढ़ तहसील में 6.2 मिमी दर्ज की गई है।