राजनांदगांव
कम्प्यूटर-प्रिंटर समेत अन्य संसाधन पर खर्च होगी राशि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 सितंबर। राजनांदगांव सहकारी बैंक के अधीन नए धान खरीदी केंद्रों के लिए तकनीकी व्यवस्था को पुख्ता बनाने बैंक की ओर से एक-एक लाख रुपए जारी किए गए हैं। किसानों को दूरस्थ सोसाइटियों से बचाने के उद्देश्य से सहकारी बैंक ने हाल ही में दो दर्जन नए खरीदी केंद्र खोलने की अनुमति दी है।
नए केंद्रो में आगामी खरीफ फसल की खरीदी से पूर्व कम्प्यूटर, प्रिंटर और अन्य तकनीकी संसाधन की व्यवस्था के लिए राशि आबंटित की गई है। केंद्रों में किसानों को बेहतर व्यवस्था के साथ धान बेचने में आसानी होगी। लंबे समय से किसान नए खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। नए धान खरीदी केंद्र खोलने से लंबी दूरी तय करने से किसानों को राहत मिलेगी। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन किसानों को होगा, जिन्हें धान खरीदी केंद्रों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
एक जानकारी के मुताबिक 26 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। जिसमें धर्मापुर, आरला, बुद्धुभरदा, बनहरदी, बोईरडीह, केसाल, बूचाटोला, मुढिय़ा, कसारी, खुड़मुड़ी, घुपसाल, भानपुरी, कनेरी, झंडातालाब, मचानपार, हरदी, बम्हनीभाठा, मोहड़, आसरा, पीपरखारकला, पिपरिया, कुर्रूभांठ, मासूल, चंवरढ़ाल व नवागांव में खरीदी केंद्र खोले गए हैं। बताया जा रहा है कि नए केंद्रों को उचित तरीके से तैयार करने का निर्देश दिया गया है। जिसमें समिति प्रबंधकों को चबूतरा निर्माण करने के अलावा किसानों की संख्या खरीफ सीजन में धान की औसत आवक के संबंध में तुरंत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
----------
नए केंद्रों से किसानों की समस्या होगी दूर- बघेल
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल ने कहा कि नए केंद्र किसानों की परेशानी के मद्देनजर खोले गए हैं। किसानों को लंबा सफर तय करने की समस्या से भी निजात मिलेगी। सरकार किसानों को यथासंभव सरल और सुगम व्यवस्था कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना है कि नए केंद्रों को आधुनिक रूप से बेहतर बनाने के साथ तकनीकी रूप से दक्ष किया जाएगा। उनका कहना है कि आगामी धान खरीदी की शुरूआत से पूर्व नए केंद्र तैयार हो जाएंगे। उम्मीद है कि किसानों को धान खरीदी के दौरान कोई समस्या नहीं होगी।