राजनांदगांव

डिप्टी सीएम शर्मा पर अभद्र टिप्पणी, 2 युवक बंदी
23-Sep-2026 4:40 PM
डिप्टी सीएम शर्मा पर अभद्र टिप्पणी, 2 युवक बंदी

सोशल मीडिया में आरोपियों ने आपत्तिजनक शब्दों का किया था इस्तेमाल

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 23 सितंबर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में कवर्धा पुलिस ने दो युवकों के विरूद्ध अपराध दर्ज करते गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और अभद्र कमेंट किया था। श्री शर्मा की फोटो को लेकर आरोपियों ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने शिकायत के बाद कवर्धा के वरूण राजपूत और जित्तू चंद्रवंशी के खिलाफ धारा 296 भारतीय न्याय संहिता और धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिनों गृहमंत्री श्री शर्मा के फेसबुक और वाट्सअप ग्रुप में आरोपियों ने अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था। वाट्सअप ग्रुप में शर्मा समेत राज्यभर के आला अफसर और कवर्धा के पार्टी नेता शामिल हैं। अपशब्दों के इस्तेमाल के बाद बवाल खड़ा हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा। संबंधित आरोपियों के फेसबुक अकाउंट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी एवं वैधानिक जांच के पश्चात आरोपियों को पकड़ा।

दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इधर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया में सावधानी बरतते हुए अनावश्यक, अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियों से बचने की अपील की है। गौरतलब है कि पुलिस ने गृहमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी को गंभीरता से लिया। राजनांदगांव आईजी अजय यादव और कबीरधाम एसपी जितेन्द्र यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा।


अन्य पोस्ट