राजनांदगांव
शहर के रानीसागर, बूढ़ासागर एवं शीतला मंदिर परिसर में दीया कार्यक्रम का हुआ आयोजन
राजनांदगांव, 18 सितंबर। राजनांदगांव जिले में 17 सितम्बर की शाम सेवा, समर्पण और संकल्प की रोशनी से जगमगा उठी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 लाख से अधिक आशीर्वाद का दीया प्रज्जवलित किया गया। शहर के ऐतिहासिक रानीसागर, बूढ़ासागर एवं शीतला मंदिर परिसर में जिला स्तरीय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विधायक श्री कौशिक ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी और निर्माण के प्रतीक हैं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में देश के विकास और निर्माण को नई दिशा देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा निरंतर जनसेवा, परिश्रम और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया अंधकार को दूर कर प्रकाश और ऊर्जा का संदेश देता है। इसी भाव के साथ यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते कहा कि राजनांदगांव में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित कर सेवा और संकल्प का संदेश दिया गया है।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि आज 17 सितम्बर का दिन भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के रूप में भी विशेष है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ राजनांदगांव की जनता ने प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। महापौर ने बताया कि राजनांदगांव शहर के सभी 51 वार्डों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रत्येक वार्ड में एक हजार दीपों के साथ कुल 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, गणेश पंडालों तथा लगभग 29 महापुरूषों एवं शहीदों की प्रतिमाओं के स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन किया गया। इस प्रकार शहर में लगभग 1 लाख 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। उन्होंने बताया कि धर्मनगरी डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर में भी 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं और पूरे राजनांदगांव जिले में दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार एवं शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना एवं पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव ने भी उद्बोधन दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, सन्नी बग्गा, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, आईजी अजय यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।