राजनांदगांव

युवक पर गिरा बिजली का तार, करंट से मौत
15-Sep-2026 3:52 PM
युवक पर गिरा बिजली  का तार, करंट से मौत

बंदरों के झुंड के उछल-कूद से टूटा था तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 15 सितंबर। छुरिया क्षेत्र के रियाटोला में एक 16 वर्षीय युवक की सर्विस वायर के टूटने से करंट लगने से मौत हो गई। बंदरों के उछल-कूद से सर्विस वायर टूटकर सीधे मौके से गुजर रहे युवक पर गिर गया। करंट के चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक रियाटोला के प्रीतम दास रविवार दोपहर को अपने घर के छत पर बंदरों के झुंड को भगाने के लिए ऊपर चढ़ा। उसी दौरान एक बंदर ने सर्विस वायर को तोड़ दिया। टूटने के बाद तार सीधे युवक पर गिरा। सर्विस वायर में करंट होने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी, लेकिन परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि रियाटोला के आसपास के गांव में बंदरों के झुंड का काफी आतंक है। घरों की संपत्तियों को भी बंदर नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं आए दिन ग्रामीणों पर हमला भी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को शव सौंप दिया गया है।


अन्य पोस्ट